पेज

देवनागरी लिपि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
देवनागरी लिपि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

20201216

देवनागरी लिपि : वैशिष्ट्य और संभावनाएं - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा | Devnagri Lipi : Features and Possibilities - Shailendra Kumar Sharma

देश दुनिया की भाषाओं को परस्पर जोड़ने के लिए देवनागरी लिपि समर्थ है – प्रो शर्मा 

देवनागरी लिपि : वैशिष्ट्य और संभावनाएं पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी   

भाषा एवं लिपि के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ शहाबुद्दीन शेख का सारस्वत सम्मान


देश की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा देवनागरी लिपि : वैशिष्ट्य  और संभावनाएं पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देश - दुनिया के अनेक विद्वान वक्ताओं और साहित्यकारों ने भाग लिया।

  कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। संगोष्ठी में  भाषा एवं लिपि के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ  शिक्षाविद डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे का सारस्वत सम्मान किया गया। संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर शंभू पवार, झुंझुनू, श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर, महासचिव डॉ प्रभु चौधरी एवं उपस्थित वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष शिक्षाविद् श्री ब्रजकिशोर शर्मा, उज्जैन ने की।





वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार, पत्रकार एवं अनुवादक श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे ने कहा कि वर्तमान दौर में देवनागरी से जुड़े आत्म गौरव के भाव को जगाने की आवश्यकता है। देवनागरी के प्रयोग को राष्ट्रप्रेम का माध्यम बनाने के लिए सभी लोग प्रयत्नशील हों। उन्होंने अपनी एक कविता भी सुनाई।



लेखक एवं संस्कृतिविद् प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि देश दुनिया की समस्त भाषाओं के मध्य गहरी एकता विद्यमान है। इस एकता को और अधिक मजबूती देने के लिए देवनागरी लिपि महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकती है। देश दुनिया की भाषाओं को लिपिबद्ध करने और उन्हें परस्पर जोड़ने के लिए देवनागरी लिपि सर्वाधिक समर्थ है। लिपिविहीन लोक और जनजातीय भाषाओं को जीवंत रखने के लिए देवनागरी लिपि का सशक्त आधार मिले, यह आवश्यक है। जिस तरह सात रंगों के समूहन से विराट सूर्य आकार लेता है, ठीक यही स्थिति भारत की विभिन्न भाषाओं की है। भाषाओं और बोलियों के मध्य सेतु बनाने का कार्य सदियों से देवनागरी लिपि करती आ रही है। सन अट्ठारह सौ बयासी  में गठित भारत के प्रथम शिक्षा आयोग ने अनेक विरोधों के बावजूद देश की जनजातीय बोलियों के लिप्यंकन के लिए देवनागरी लिपि को महत्व दिया था। नई शिक्षा नीति में  मातृभाषा के माध्यम से शिक्षा पर बल दिया गया है। विभिन्न मातृभाषाओं को देवनागरी लिपि का आधार मिलना चाहिए, राष्ट्रीय भावात्मक एकता को बल मिलेगा। कुछ लोक भाषाओं में इस प्रकार की ध्वनियाँ मिलती हैं, जिनके लिए देवनागरी में उपयुक्त लिपि चिह्न नहीं हैं। इसके लिए देवनागरी के ही लिपि चिह्नों में संकेतक चिह्नों का प्रयोग कर उन विशिष्ट ध्वनियों को व्यक्त किया जा सकता है।



प्राचार्य शहाबुद्दीन नियाज़ मोहम्मद शेख ने कहा कि यदि भाषा शरीर है तो लिपि उस भाषा की आत्मा होती है| देवनागरी लिपि  एक समन्वित लिपि है| भारतीय संविधान के अष्टम अनुसूची में निर्दिष्ट 22 भाषाओं में से संस्कृत, हिंदी, मराठी, कोंकणी, मैथिली, संथाली, बोडो, डोगरी, सिंधी, नेपाली आदि 10 भाषाओं की लिपि देवनागरी का प्रयोग किया जाता है। आचार्य विनोबा भावे जी दस- बारह भाषाओं के ज्ञाता थे। उनका कहना था कि देवनागरी लिपि के माध्यम से किसी भी भाषा को आसानी से आत्मसात किया जा सकता है। वैश्विक लिपि के संदर्भ में देवनागरी एक आदर्श, कलात्मक, अक्षरात्मक तथा बौद्धिक लिपि हैं, जो समस्त गुणों से संपन्न है। केवल भारत की ही नहीं, अपितु विश्व की किसी भी भाषा को देवनागरी लिपि के माध्यम से सहजता से लिखा जा सकता है।



अध्यक्षीय वक्ता के रूप में आदरणीय ब्रजकिशोर शर्मा जी ने डॉ शहाबुद्दीन शेख को बधाई देते हुए कहा  कि उनका व्यक्तित्व बहुआयामी है| आपने कहा कि वे एक अच्छे इंसान तो है ही, पर शिक्षा के माध्यम से आपने राष्ट्र की अप्रतिम सेवा की है। श्री शर्मा ने कहा कि देवनागरी लिपि निरंतर विकासशील रही है सारी लिपियों के मध्य देवनागरी में अनेक विशेषताएं हैं।



कार्यक्रम में डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख के जन्म दिवस पर उपस्थित जनों ने उन्हें बधाई दी। अतिथि श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉक्टर शंभू पंवार, झुंझुनू, श्री राकेश छोकर,  नई दिल्ली, डॉ भरत शेणकर, अहमदनगर, डॉक्टर रोहिणी डाबरे, अहमदनगर, शिवा लोहारिया, जयपुर, श्री हरेराम वाजपेयी, डॉ सुषमा कोंडे आदि ने डॉ शेख के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।




अतिथि परिचय एवं संस्था परिचय महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने दिया। उन्होंने कहा कि देवनागरी लिपि विश्व लिपि है। इसके प्रचार के लिए निरंतर प्रयास करना होगा।


राष्ट्रीय सचिव गरिमा गर्ग, पंचकूला ने भाषा की महिमा पर कविता सुनाई, जिसकी पंक्तियां थीं, लाइन, बिंदी, मात्राएँ इस भाषा की जान हैं, इन आभूषण से होता भारत का शृंगार है। हिंदी है हमारी भाषा हिंदी हमारी जान है, सभी वेदों का इस भाषा में हुआ बखान है। 


संगोष्ठी के प्रारंभ में सरस्वती वंदना साहित्यकार डॉ प्रवीण बाला, पटियाला ने की। स्वागत गीत साहित्यकार डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद एवं बधाई गीत डॉ मुक्ता कौशिक, रायपुर ने प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण डॉ डॉ रोहिणी डाबरे, अहमदनगर ने दिया। कार्यक्रम की प्रस्तावना डॉ आशीष नायक, रायपुर ने प्रस्तुत की।  


अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में  संस्था की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ लता जोशी, मुंबई, श्री गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, प्रयागराज, डॉ मुक्ता कौशिक, रायपुर, डॉ आशीष नायक, रायपुर, डॉ शंभू पंवार, झुंझुनू, डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर, डॉ राकेश छोकर, नई दिल्ली, डी पी शर्मा, डॉ संगीता पाल, कच्छ, डॉ सुषमा कोंडे, डॉ ममता झा, मुम्बई, डॉ शिवा लोहारिया, जयपुर, डॉ रोहिणी डाबरे, अहमदनगर, श्री पंढरीनाथ शेल्के, श्री मुदस्सिर सैयद, ललिता घोड़के, डॉ मनीषा सिंह, मुंबई, प्रगति बैरागी, मथेसूल जयश्री अर्जुन, जागृति पटेल, मस्तान शाह, प्रवीण बाला, पटियाला, वंदना तिवारी, डॉ भरत शेणकर, अहमदनगर, डॉ अशोक गायकवाड, श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर, श्री अफजल शेख, श्री दत्तात्रेय टिलेकर, डॉ शोभा राणे, डॉ श्वेता पंड्या, डॉ पोपटराव आवटे, डॉ रीता माहेश्वरी, घनश्याम राठौर, नजमा शेख, जिया खान, असीम आरा शेख, डॉ अनुराधा अच्छवान, डॉक्टर मुक्ता यादव, जागृति पाटील, वंदना तिवारी, अलीम शेख आदि सहित अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया।


अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का संचालन डॉ रोहिणी डाबरे एवं डॉ भरत शेणकर, अहमदनगर ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ लता जोशी, मुंबई ने किया।

























 



राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना का आयोजन



20201008

देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी : वैश्विक सन्दर्भ में - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

देवनागरी लिपि के माध्यम से अंकित की जा सकती हैं देश - विदेश की सभी भाषाएँ

वैश्विक संदर्भ में देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी

नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली और राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा वैश्विक संदर्भ में देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी  पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार और अनुवादक श्री शरद चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथि नागरी लिपि परिषद नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली, डॉ किरण हजारिका, डिब्रूगढ़, असम, डॉक्टर जोराम आनिया ताना, ईटानगर एवं संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी के 151 वें जयंती वर्ष की शुरुआत के अवसर पर आयोजित किया गया।






मुख्य अतिथि श्री शरद चंद्र शुक्ल शरद आलोक के कहा कि देवनागरी लिपि में  विश्व लिपि के रूप में  प्रगति की  अपार संभावनाएं हैं। नॉर्वे से प्रकाशित द्विभाषी पत्रिकाओं में देवनागरी अंकों का प्रयोग किया जाता है। स्कैंडिनेवियन देशों में हिंदी शिक्षण और जनसंचार माध्यमों में देवनागरी लिपि का प्रयोग निरंतर जारी है। 





मुख्य वक्ता प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि देवनागरी लिपि के माध्यम से देश विदेश की सभी भाषाओं को कतिपय परिवर्द्धन के साथ सटीक ढंग से अंकित किया जा सकता है। उन्नीसवीं शताब्दी के अंत में भारत का प्रथम शिक्षा आयोग गठित किया गया था, जिसमें जनजातीय भाषाओं के लिए रोमन के स्थान पर नागरी लिपि को अंगीकार करने का निर्णय लिया गया था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राष्ट्रीय एकता की दृष्टि से सामान्य लिपि के रूप में देवनागरी को अपनाने के प्रबल पक्षधर थे। उनकी दृष्टि में भिन्न-भिन्न लिपियों का होना कई तरह से बाधक है। वह ज्ञान की प्राप्ति में बड़ी बाधा है। उनका दृढ़ विश्वास था कि भारत की तमाम भाषाओं के लिए एक लिपि का होना फ़ायदेमंद है और वह लिपि देवनागरी ही हो सकती है। उनकी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आचार्य विनोबा भावे ने नागरी लिपि के महत्व को स्वीकार किया। उन्होंने यह तक कहा कि हिंदुस्तान की एकता के लिए हिंदी भाषा जितना काम देगी, उससे बहुत अधिक काम देवनागरी देगी। इसलिए मैं चाहता हूँ कि सभी भाषाएं देवनागरी में भी लिखी जाएं।






विशिष्ट अतिथि डॉक्टर हरिसिंह पाल ने नागरी लिपि परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण देश के विविध क्षेत्रों में नागरी लिपि के प्रचार प्रसार के लिए कार्य किया जा रहा है। अनेक लोक बोलियों के लिए देवनागरी लिपि के प्रयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। नागरी लिपि का प्रयोग अधिकाधिक हो, इस दिशा में व्यापक संचेतना जाग्रत करने की आवश्यकता है।





कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉक्टर शहाबुउद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि विश्व पटल पर देवनागरी लिपि  तेजी से आगे बढ़ रही है। महात्मा गांधी जैसे तेजस्वी व्यक्तित्व देवनागरी लिपि के साथ हैं। आचार्य विनोबा भावे ने क्षेत्रीय भाषाओं की लिपि के साथ देवनागरी लिपि के भी प्रयोग पर बल दिया। वे बहुभाषी देश में सभी भाषाओं को जोड़ने के लिए देवनागरी लिपि को योग्य मानते थे। बच्चों को कोई भी भाषा सिखाएँ, परंतु देवनागरी लिपि के साथ उनका संबंध रहे। यह आवश्यक है। देवनागरी लिपि सर्वगुण संपन्न है और राष्ट्रीय एकता में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।




प्रारंभ में आयोजन की रूपरेखा एवं अतिथि परिचय राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने दिया।


इस अवसर पर डॉ किरण हजारिका, डिब्रूगढ़ और जोराम आनिया ताना, ईटानगर ने पूर्वोत्तर भारत में देवनागरी लिपि की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।



सरस्वती वंदना डॉक्टर लता जोशी ने की। स्वागत भाषण श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर ने दिया।


कार्यक्रम में श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ वीरेंद्र मिश्रा, इंदौर, श्री गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, डॉ अशोक सिंह, डॉ आशीष नायक, डॉक्टर राजलक्ष्मी कृष्णन, डॉ अशोक गायकवाड, डॉ पूर्णिमा जेंडे, डॉ शैल चंद्रा, सुनीता चौहान, राम शर्मा, वंदना तिवारी, निरूपा उपाध्याय, डॉ उमा गगरानी, अनिल काले, बालासाहेब बचकर, डॉ दीपाश्री गडक, ललिता गोडके, मनीषा सिंह, डॉ रश्मि चौबे, डॉ भरत शेणकर, डॉक्टर मुक्ता कौशिक, डॉक्टर रोहिणी डाबरे, डॉक्टर लता जोशी, डॉक्टर तूलिका सेठ, डॉक्टर शिवा लोहारिया, डॉक्टर समीर सैयद आदि सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित थे।


संचालन डॉ रागिनी शर्मा ने किया। अंत में आभार डॉ आशीष नायक, रायपुर ने प्रकट किया।


20200912

देवनागरी विश्वनागरी के रूप में दुनिया को जोड़ सकती है - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

देवनागरी लिपि को लेकर आत्म गौरव का भाव जगाना होगा – प्रो. शर्मा 

आचार्य विनोबा भावे और सार्वदेशीय लिपि के रूप में देवनागरी पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी संपन्न


प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा आचार्य विनोबा भावे और सार्वदेशीय लिपि के रूप में देवनागरी पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की मुख्य अतिथि नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल थे। प्रमुख वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे, श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे, श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर एवं संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई ने की। यह संगोष्ठी आचार्य विनोबा भावे के 125 वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित की गई। 






मुख्य अतिथि डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली ने संबोधित करते हुए कहा कि आचार्य विनोबा भावे ने देवनागरी लिपि के प्रचार और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी प्रेरणा से स्थापित नागरी लिपि परिषद देश की विभिन्न भाषाओं और बोलियों को लिपि के माध्यम से जोडने का कार्य कर रही है। परिषद द्वारा कोकबोरोक, कश्मीरी आदि सहित अनेक भाषा और  बोलियों को नागरी लिपि के माध्यम से लेखन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में देवनागरी का प्रयोग निरंतर बढ़ रहा है।




प्रमुख वक्ता लेखक एवं आलोचक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा, उज्जैन ने कहा कि देवनागरी विश्वनागरी के रूप में दुनिया को जोड़ सकती है। इस लिपि में विश्व लिपि बनने की अपार संभावनाएं हैं। देवनागरी लिपि ध्वनि विज्ञान, लिपि विज्ञान, यंत्र विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी इन सभी दृष्टियों से उपयुक्त लिपि है। आचार्य विनोबा भावे  की संकल्पना थी कि देवनागरी लिपि के माध्यम से उत्तर एवं दक्षिण भारत की भाषाएं जुड़ें। लिपिविहीन लोक और जनजातीय भाषाओं के लिए देवनागरी का प्रयोग करने से राष्ट्रीय एवं भावात्मक एकता में अभिवृद्धि होगी। दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व एशियाई भाषाओं के लिए देवनागरी लिपि का प्रयोग सहज ही किया जा सकता है। साथ ही यूरोप एवं अन्य महाद्वीपों की भाषाओं को सीखने में देवनागरी सहायक सिद्ध हो सकती है। गांधी जी ने विभिन्न पुस्तकों को अपनी मूल भाषा के लिए प्रचलित लिपि के साथ देवनागरी लिपि में प्रकाशित करने का संदेश दिया था। हमें देवनागरी लिपि को लेकर आत्म गौरव का भाव जगाना होगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में देवनागरी लिपि का सामर्थ्य सिद्ध हो गया है।






विशिष्ट अतिथि डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि विनोबा भावे महात्मा गांधी के आध्यात्मिक उत्तराधिकारी थे। उन्होंने भूदान आंदोलन के माध्यम से देश में परस्पर सद्भाव और समानता का संदेश दिया था। लिपि के संबंध में उनका संदेश है कि भारत की विभिन्न भाषाएं अपनी - अपनी लिपियों के साथ देवनागरी लिपि के माध्यम से भी लिखी जाएं। वे ही वादी नहीं, भी वादी थे। उन्होंने जय जगत का नारा बुलंद किया था, जो आज भी प्रासंगिक है। 




प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक ओस्लो, नॉर्वे ने कहा कि नार्वे से प्रकाशित दो पत्रिकाएं नॉर्वेजियन और हिंदी दोनों भाषाओं में प्रकाशित की जाती हैं। इनमें नॉर्वेजियन भाषा की रचनाओं को देवनागरी लिपि के माध्यम से भी प्रकाशित किया जाएगा। देवनागरी लिपि के माध्यम से नॉर्वेजियन भाषा की वार्तालाप पुस्तिका एवं स्वयं शिक्षक का प्रकाशन जल्द किया जाएगा। भारत के विभिन्न भागों में फैले लोक और जनजातीय समुदायों की बोलियों को सुरक्षित रखने के लिए देवनागरी का प्रयोग किया जाना चाहिए। 




संगोष्ठी की प्रस्तावना एवं संस्था की कार्ययोजना महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने प्रस्तुत की। स्वागत भाषण डॉ रश्मि चौबे ने दिया। 



कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए  साहित्यकार श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुम्बई ने कहा कि देवनागरी लिपि के माध्यम से विभिन्न भाषाओं को सीखना आसान होता है। भारतीय भाषाओं के लिए रोमन लिपि के प्रयोग की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक जागरूकता और स्वाभिमान जगाने की आवश्यकता है।  

I

कार्यक्रम में साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी इंदौर ने डॉ प्रभु चौधरी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक देवनागरी लिपि : तब से अब तक की समीक्षा प्रस्तुत की। 




संगोष्ठी में डॉ लता जोशी, मुंबई, मुक्ता कौशिक, रायपुर, डॉ रोहिणी डाबरे, अहमदनगर, डॉ प्रवीण बाला, पटियाला, डॉ भरत शेणकर, डॉ शिवा लोहारिया, जयपुर, डॉ वी के मिश्रा, रामेश्वर शर्मा, श्री अनिल ओझा, इंदौर, गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, दीपिका सुतोदिया, गुवाहाटी, प्रभा बैरागी, श्री राकेश छोकर, नई दिल्ली, शम्भू पंवार, झुंझुनूं,  रागिनी शर्मा, इंदौर, डॉ शैल चंद्रा, डॉ ममता झा, दीपांकर तालुकदार, अशोक जाधव, सपन दहातोंडे, जी डी अग्रवाल, विनोद विश्वकर्मा, गुरुमूर्ति, अरुणा शुक्ला, ज्योति सिंह, श्वेता गुप्ता, दीपंकर दत्ता, सुरैया शेख, आलोक कुमार सिंह, संदीप कुमार, प्रियंका घिल्डियाल, जब्बार शेख, नयन दास, श्री सुंदरलाल जोशी, नागदा, राम शर्मा, मनावर, मनीषा सिंह, अनुराधा अच्छावन, समीर सैयद, डॉ श्वेता पंड्या, डॉ कुमार गौरव, विजय शर्मा, पंढरीनाथ देवले, विमला रावतले आदि सहित देश के विभिन्न भागों के शिक्षाविद्, संस्कृतिकर्मी एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।











प्रारंभ में सरस्वती वंदना ज्योति तिवारी ने की।

कार्यक्रम का संचालन सविता नागरे ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ मनीषा शर्मा, अमरकंटक ने किया।


20200802

देवनागरी लिपि : विश्व सभ्यता को भारत की अनुपम देन : प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

देवनागरी लिपि विश्व सभ्यता को भारत की अनुपम देन

देवनागरी लिपि तब से अब तक पुस्तक का  लोकार्पण एवं राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी संपन्न

भारत की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी विश्व लिपि देवनागरी : तब से अब तक पर एकाग्र थी। आयोजन के मुख्य अतिथि नागरी लिपि परिषद नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल एवं मुख्य वक्ता समालोचक एवं विक्रम विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री संस्था के अध्यक्ष श्री  ब्रजकिशोर शर्मा, उज्जैन  और  साहित्यकार श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई  थीं। इस अवसर पर संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी की नवीन पुस्तक देवनागरी लिपि : तब से अब तक का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया।




मुख्य अतिथि डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली ने कहा कि भारतीय संविधान में देवनागरी लिपि को राजभाषा हिंदी की लिपि के रूप में स्वीकृति मिली हुई है। यह लिपि सदियों से भारत को एकजुट किए हुए है। शून्य का आविष्कार नागरी लिपि के इतिहास के साथ जुड़ा हुआ है। नागरी लिपि परिषद ने रूसी, इतालवी, इंडोनेशियाई, फ्रेंच आदि भाषाओं को देवनागरी लिपि के माध्यम से सीखने के लिए महत्त्वपूर्ण पुस्तकों का प्रकाशन किया है। श्री प्रभु चौधरी की पुस्तक में देवनागरी लिपि के विषय में उपयोगी जानकारी संजोयी गई है।



संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के रूप में समालोचक एवं साहित्यकार प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने अपने व्याख्यान में कहा कि सिंधु घाटी की लिपि से लेकर ब्राह्मी लिपि और देवनागरी लिपि विश्व सभ्यता को भारत की महत्त्वपूर्ण देन हैं। वर्तमान में दुनिया में तीन हजार से अधिक भाषाएं बोली जाती हैं, जबकि लिपियां चार सौ हैं। देवनागरी लिपि इस देश की अनेक भाषा और बोलियों की स्वाभाविक लिपि बनी हुई है। दुनिया में प्रचलित अन्य लिपियों से देवनागरी की तुलना करने पर स्पष्ट हो जाता है कि यह लिपि सबसे विलक्षण ही नहीं, पूर्णता के निकट है। लिपि के आविष्कारकों की आकांक्षा रही है कि किसी भी भाषा की विभिन्न ध्वनियों के साथ अक्षरों का सुमेल हो, उसमें कोई त्रुटि न हो इस दृष्टि से देवनागरी लिपि अधिक वैज्ञानिक और युक्तिसंगत है। देवनागरी में ध्वनियों के उच्चारण और लेखन के बीच एकरूपता है। आचार्य विनोबा भावे ने देवनागरी लिपि की इस शक्ति को पहचाना था और उन्होंने इसे जोड़ लिपि के रूप में देश की एकता और अखंडता को मजबूती देने का माध्यम बनाया।  



विशिष्ट अतिथि श्री ब्रजकिशोर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाषा प्रकृति का महत्त्वपूर्ण वरदान है। विभिन्न ध्वनियों को व्यक्त करने के लिए मनुष्य को लिपि चिह्नों की आवश्यकता हुई। देवनागरी लिपि दुनिया की विभिन्न लिपियों से अधिक समृद्ध है। इसमें अधिकांश ध्वनियों को प्रस्तुत किया जा सकता है। श्री प्रभु चौधरी की नवीन पुस्तक में देवनागरी की कई विशेषताएं समाहित हैं।


विशिष्ट अतिथि श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुम्बई ने कहा कि वर्तमान में देवनागरी लिपि के प्रसार के लिए व्यापक प्रयासों की जरूरत है। लोकमान्य तिलक ने देवनागरी लिपि को देश को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम माना था। 


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी ने कहा कि हमें देवनागरी लिपि के प्रयोग को लेकर गौरव का भाव होना चाहिए। 


प्रारंभ में संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए संस्था के महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी ने कहा कि देवनागरी लिपि को लेकर संस्था द्वारा निरंतर संगोष्ठी, कार्यशाला आदि के आयोजन किए जाएंगे।


आयोजन में श्री राकेश छोकर, नई दिल्ली एवं शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 

इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में श्री मोहनलाल वर्मा, जयपुर, डॉ शम्भू पँवार, जयपुर, डॉ. शिवा लोहारिया, जयपुर, डॉ शोभा राणे, नासिक, डॉ कविता रायजादा, आगरा, तूलिका सेठ, गाजियाबाद, जी डी अग्रवाल, इंदौर, श्री अनिल ओझा, इंदौर आदि सहित देश के विभिन्न राज्यों के साहित्यकारों, विद्वानों और प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर श्री प्रभु चौधरी को राष्ट्रीय हिंदी परिवार, इंदौर द्वारा अभिनन्दन पत्र अर्पित कर सम्मानित किया गया। सम्मान पत्र संस्था के अध्यक्ष श्री हरेराम वाजपेयी एवं सचिव श्री संतोष मोहंती  ने अर्पित किया।


संगोष्ठी की सूत्रधार राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी शर्मा, इंदौर थीं। आभार प्रदर्शन साहित्यकार श्रीमती कृष्णा श्रीवास्तव, मुंबई ने किया। सरस्वती वंदना कवि श्री सुंदरलाल जोशी सूरज, नागदा ने की। स्वागत भाषण प्रदेशाध्यक्ष श्री दिनेश परमार, इंदौर ने दिया। 
























कार्यक्रम में डॉ. उर्वशी उपाध्याय, प्रयाग, डॉ. शैल चन्द्रा, रायपुर, डॉ हेमलता साहू, अम्बिकापुर, डॉ ज्योति सिंह, इंदौर, श्रीमती प्रभा बैरागी, उज्जैन, डॉ. संगीता पाल, कच्छ,  डॉ. सरिता शुक्ला, लखनऊ, प्रियंका द्विवेदी, प्रयाग, विनीता ओझा, रतलाम, पायल परदेशी, महू, जयंत जोशी, धार, अनुराधा गुर्जर, दिल्ली, राम शर्मा परिंदा, मनावर, डॉ मुक्ता कौशिक, रायपुर, डॉ संजीव कुमारी, हिसार, अनुराधा गुर्जर, दिल्ली, डॉ श्वेता पंड्या, विजय कुमार शर्मा, प्रियंका परस्ते,  कमल भूरिया, प्रवीण बाला, लता प्रसार, पटना, मधु वर्मा, श्रीमती दिव्या मेहरा, कोटा, सुश्री खुशबु सिंह, रायपुर आदि सहित देश के विभिन्न राज्यों के साहित्यकार, प्रतिभागी और शोधकर्ता उपस्थित थे।


Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट