पेज

Guru Nanakdev लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Guru Nanakdev लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

20201202

गुरुनानक देव का ब्रह्माण्डीय चिंतन - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Cosmic Thinking of Guru Nanak Dev - Prof. Shailendra Kumar Sharma

व्यापक ब्रह्मांडीय चिंतन से जुड़ने का आह्वान किया गुरु नानक देव ने

डॉ पिलकेन्द्र अरोरा की पुस्तक युगस्रष्टा गुरु नानक देव का लोकार्पण एवं सारस्वत सम्मान  

गुरुनानक देव : विश्व चिंतन को प्रदेय पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ विक्रम विश्वविद्यालय में


विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन की हिंदी अध्ययनशाला एवं गुरुनानक अध्ययन पीठ के संयुक्त तत्त्वावधान में वाग्देवी भवन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ। यह संगोष्ठी गुरु नानक देव जी  : विश्व चिंतन को प्रदेय पर अभिकेंद्रित थी। समापन अवसर पर साहित्यकार डॉ पिलकेन्द्र अरोरा की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक युगस्रष्टा गुरु नानक देव का लोकार्पण एवं उनका सारस्वत सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ हरिसिंह गौड़ केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के हिंदी एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने की। प्रमुख वक्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि प्रो प्रेमलता चुटैल, डॉ जगदीश चंद्र शर्मा, डॉ उमा वाजपेयी आदि ने पुस्तक पर चर्चा के साथ ही गुरु नानक जी के विविधायामी अवदान पर प्रकाश डाला। यह संगोष्ठी गुरु नानक जयंती के अवसर पर आयोजित की गई थी।






हाल ही में प्रकाशित पुस्तक युगस्रष्टा गुरु नानक देव के लेखक डॉ पिलकेन्द्र अरोरा ने पुस्तक के उद्देश्य और लेखन प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी ने संपूर्ण दुनिया को सद्भावना का संदेश दिया। उन्होंने माना है कि हम सब एक ही ईश्वर की संतान हैं। इसलिए धर्म, वर्ग, लिंग, रंग आदि के आधार पर भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं रह जाता है। उन्होंने संकेत दिया है कि परिवार में रहकर भी ईश्वर से जुड़ा जा सकता है। वे ईश्वर को निर्गुण, निराकार और अजन्मा मानते हैं। गुरु नानक जी ने उदासियों के माध्यम से कई देश और प्रदेशों की यात्राएं कीं और उनके माध्यम से लोक जागरण का अविस्मरणीय संदेश दिया। उन्होंने सादगीपूर्ण और अहंकार मुक्त जीवन जीने का मार्ग दिखाया, जो आज अधिक प्रासंगिक हो गया है।






प्रमुख वक्ता हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सदियों पहले व्यापक ब्रह्मांडीय चिंतन से जुड़ने का आह्वान किया था, जो आज अत्यंत प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने पारिस्थितिकीय तंत्र के सार को अपनी वाणी में मुखरित किया है। वे अपनी वाणी में सृष्टि की विराट आरती का दृश्य उपस्थित करते हैं, जो अद्वितीय है। गुरु नानक ने समाज, राजनीति और अर्थतंत्र में मूल्यनिष्ठा को पुनः स्थापित करने का प्रयत्न किया। वे श्रम, भक्ति और सद्भाव की प्रतिष्ठा के लिए आजीवन जुटे रहे। डॉ अरोरा की पुस्तक विसंगतियों से भरे विश्व में नानक वाणी में निहित सुसंगति को स्थापित करने में सफल रही है। गुरु नानक देव ने व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण के लिए अविस्मरणीय योगदान दिया है, जिसका सार्थक अंकन यह पुस्तक करती है।




कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ हरिसिंह गौड़ केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के हिंदी एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो आनंदप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि डॉ अरोरा की पुस्तक गुरु नानक देव की सामाजिक एवं धार्मिक देन को अत्यंत सहजता से प्रस्तुत करने में सफल रही है। गुरु नानक देव मनुष्य के समस्त प्रकार के दुखों का निदान करते हैं। वे लोगों को मनुष्यता का बोध करवाते हैं। उन्होंने न केवल भक्ति आंदोलन को गतिशीलता दी, उसकी सीमाओं को भी दूर करने का प्रयास किया। गुरु नानक जी ने सिख पंथ के माध्यम से कथनी और करनी में समानता का संदेश दिया और भटके हुए समाज को सही मार्ग दिखाया।




विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर प्रेमलता चुटैल ने कहा कि गुरु नानक देव ने मनुष्य को संकीर्णता से ऊपर उठने की प्रेरणा दी। उनका साहित्य मन को काबू में करने की बात करता है। वे संकेत देते हैं कि जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो, यह जरूरी है। डॉ अरोरा की पुस्तक नानक देव के संदेशों को प्रस्तुत करने का विशिष्ट प्रयास है। 





डॉक्टर जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि डॉक्टर अरोरा की पुस्तक नानक वाणी और सिख पंथ के प्रमुख सिद्धांतों को प्रस्तुत करती है। यह पुस्तक गुरु नानक देव संबंधी अब तक उपलब्ध साहित्य के मध्य जिज्ञासुजनों के लिए महत्त्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।




डॉ उमा वाजपेयी ने कहा कि हिंदी साहित्य में गुरु नानक देव का प्रदेय अद्वितीय है। डॉ अरोरा की पुस्तक गुरुवाणी की आध्यात्मिक चेतना को समाहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। लेखक ने पुस्तक के माध्यम से सेवा धर्म और समानता के मार्ग में गुरु नानक द्वारा दिए गए संदेशों को सहजता से प्रस्तुत किया है।




कार्यक्रम के अतिथि प्रो त्रिपाठी, प्रो शर्मा एवं उपस्थित जनों ने डॉ पिलकेन्द्र अरोरा की पुस्तक युगद्रष्टा गुरु नानक देव का लोकार्पण किया और लेखक को शॉल, स्मृति चिह्न  एवं साहित्य अर्पित कर उनका सारस्वत सम्मान किया।


प्रारंभ में अतिथियों द्वारा वाग्देवी एवं गुरु नानक देव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।


संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में  डॉ बिंदु त्रिपाठी, अयोध्या, डॉ रचना जैन, प्रो चन्द्रशेखर शर्मा,  श्रीराम सौराष्ट्रीय, डॉ श्वेता पंड्या, सुदामा सखवार, संदीप यादव, तारा वाणिया, भावना शर्मा, प्रियंका नाग मोढ़, मणि मिमरोट, डॉली सिंह,  निरुपा उपाध्याय, रीता माहेश्वरी, सलमा शाइन मनिहार, संतोष चौहान आदि सहित विविध क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।


संचालन श्रीराम सौराष्ट्रीय ने किया। आभार प्रदर्शन डॉक्टर उमा वाजपेयी ने किया। 



















20201201

गुरु नानक देव जी : विश्व चिंतन को प्रदेय - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Contribution of Guru Nanak to World Thinking - Prof. Shailendra Kumar Sharma

परमसत्ता के अनुपम उपहार के रूप में दुनिया को देखने की दृष्टि देते हैं गुरु नानक 

विक्रम विश्वविद्यालय में हुई गुरु नानक देव जी : विश्व चिंतन को प्रदेय पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी 


विक्रम विश्वविद्यालय की हिंदी अध्ययनशाला एवं गुरु नानक अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्त्वावधान में गुरु नानक जयंती -  गुरु पर्व के अवसर पर हिंदी अध्ययनशाला, वाग्देवी भवन में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ। यह संगोष्ठी गुरु नानक देव जी  : विश्व चिंतन को प्रदेय पर अभिकेंद्रित थी। आयोजन के प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि डॉ हरिसिंह गौड़ केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के हिंदी एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आनंद प्रकाश त्रिपाठी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता  विक्रम विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने की। संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर प्रेमलता चुटैल, डॉक्टर जगदीश चंद्र शर्मा, डॉक्टर उमा वाजपेयी,  डॉ शशि जोशी आदि ने गुरु नानक जी की वाणी और चिंतन के विविध आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए।

 







मुख्य अतिथि डॉ हरिसिंह गौड़ केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के हिंदी एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि मध्यकालीन सन्तों ने जीवन में परिवर्तन की राह दिखाई है। गुरु नानक देव ने देश देशान्तरों की सोद्देश्य यात्रा की थी। उनमें संस्कृतियों को समझने की अभिलाषा थी, जिनसे उनका वैश्विक दृष्टिकोण विकसित हुआ। इतिहास, संस्कृति और धर्मों के अध्ययन से उनके जीवन में प्रकाश उत्पन्न हुआ। सामाजिक समरसता के लिए उन्होंने लंगर की अवधारणा दी। अहंकार के पूर्ण विसर्जन पर बल दिया। उन्होंने जाति प्रथा पर तीखा प्रहार किया। धार्मिक और सांस्कृतिक वैमस्य को समाप्त करने का महत्त्वपूर्ण प्रयत्न उन्होंने किया था।






हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी की विश्व दृष्टि अत्यंत व्यापक थी। उनकी वाणी गहरे मूल्य बोध और आध्यात्मिक ज्ञान पर आधारित है। उन्होंने सभी पंथों के लोगों से भेद दृष्टि को भूलकर अपने मन को जीतने का आह्वान किया। वे नाम स्मरण को जीवन का पर्याय बनाने का संदेश देते हैं। उनके तीन विशिष्ट संदेशों को अंगीकार कर विश्व में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है – किरत करो, नाम जपो और वंड छको। उनकी वाणी विपुल और व्यापक है, जिसमें सुदूर अतीत से चले आ रहे दर्शन, जातीय स्मृतियों के साथ ज्ञान, कर्म और भक्ति साधना का मर्म छुपा हुआ है। वे परमसत्ता के अनुपम उपहार के रूप में इस दुनिया को देखने की दृष्टि देते हैं, जिस पर सबका समान अधिकार है। 








डॉ प्रेमलता चुटैल ने कहा कि गुरु नानक देव ने नाद और सेवा की महिमा को प्रतिष्ठित किया। उन्होंने जीवन में पुरुषार्थ को महत्त्वपूर्ण माना। नानक देव जी ने सभी लोगों से अहंकार से मुक्ति का आह्वान किया। उन्होंने यायावर वृत्ति के माध्यम से लोगों को जीवन में उपयोगी सन्देश दिए। रूढ़ियों का खंडन करते हुए वे लोगों को नई दिशा देते हैं।





डॉ उमा वाजपेयी ने कहा कि गुरु नानक देव ने ईश्वर के एकत्व पर बल दिया। वे परिश्रम से आजीविका चलाने पर बल देते हैं। उन्होंने सन्त और सूफी काव्य के तत्त्वों का समन्वय स्थापित किया। 


डॉ जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि नानक जी ने निवृत्ति के स्थान पर प्रवृत्ति पर बल दिया। बाह्याडंबर को वे ईश्वर प्राप्ति में बाधक मानते हैं। उन्होंने जाति व्यवस्था का तीखा विरोध किया। इसी तरह स्त्री के सशक्तीकरण की दिशा में उन्होंने महत्त्वपूर्ण संकेत दिए हैं। धर्म को वे विकासमान प्रक्रिया के रूप में दिखाते हैं। उन्होंने सेवा धर्म को महत्त्व दिया और धार्मिक समन्वय का मार्ग दिखाया। 






डॉ शशि जोशी ने कहा कि गुरु नानक देव ने सब में परिव्याप्त एक ही चिति शक्ति की बात की, जो हमारा मूल तत्त्व है। उसे पहचानने की बात नानक देव करते हैं। उन्होंने शब्द को ब्रह्म माना। जप और ध्यान तत्त्व की प्रतिष्ठा उन्होंने की। 




इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा एवं उपस्थित जनों ने मुख्य अतिथि डॉक्टर आनन्द प्रकाश त्रिपाठी को शॉल एवं साहित्य अर्पित कर उनका  सम्मान किया। 






संगोष्ठी में डॉ बिंदु त्रिपाठी, अयोध्या, डॉ रचना जैन, सुदामा सखवार, प्रियंका नाग मोड़, प्रा चन्द्रशेखर शर्मा, मणि मिमरोट, डॉली सिंह, संदीप यादव,  निरुपा उपाध्याय, भावना शर्मा, रीता माहेश्वरी, सलमा शाइन, संतोष चौहान आदि सहित विविध क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।


संचालन डॉ श्वेता पंड्या एवं श्रीराम सौराष्ट्रीय ने किया। आभार प्रदर्शन डॉक्टर शशि जोशी ने किया। 
















 





































गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर स्वस्तिकामनाएँ 

20201130

गुरु नानक : सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Guru Nanak : Social - Cultural Context - Prof. Shailendra Kumar Sharma

अखिल विश्व के प्रति उत्कट अनुराग निहित है गुरु नानक  की वाणी में  – प्रो शर्मा 

गुरु नानक देव जी : सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी 

   

देश की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा गुरु नानक देव जी : सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देश - दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान वक्ताओं और साहित्यकारों ने भाग लिया।  कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि सरदार जसवंत सिंह अमन, लुधियाना, प्रो हरपालसिंह पन्नू, बठिंडा सरदार डॉ बलविंदरपाल सिंह, लुधियाना, पंजाब, डॉ प्रवीण बाला, पटियाला, पंजाब, डॉ शिवा लोहारिया जयपुर, डॉ राकेश छोकर, नई दिल्ली, साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर, डॉक्टर गरिमा गर्ग, चंडीगढ़, महासचिव डॉ प्रभु चौधरी एवं उपस्थित वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की।







प्रसिद्ध प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे ने कहा कि गुरु नानक जी ने मानवीय जीवन से जुड़े अनेक व्यावहारिक सन्देश दिए हैं। उन्होंने गुरु नानक देव जी द्वारा दिए गए दस प्रमुख संदेशों का नॉर्वेजियन भाषा में अनुवाद प्रस्तुत किया।






मुख्य वक्ता प्रसिद्ध लेखक एवं संस्कृतिविद् प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि विश्व संस्कृति को गुरु नानक देव जी की देन अद्वितीय है। उनका सामाजिक और सांस्कृतिक चिंतन गहरी आध्यात्मिक दृष्टि पर टिका है। उनकी वाणी के केंद्र में  परमात्मा की व्यापकता और  अखिल विश्व के प्रति उत्कट अनुराग अंतर्निहित है। इस संसार में सत्य एक ही है, उसका विभिन्न रूप और विधियों के माध्यम से अलग-अलग दर्शन और अलग-अलग वर्णन सदियों से किया जा रहा है। गुरु नानक जी उन सब के मध्य समन्वय का मार्ग सुझाते हैं। वे सभी पंथियों का आह्वान करते हैं कि एक बार मन को जीत लें तो सारा संसार जीता जा सकता है। उन्होंने न केवल व्यापक लोक समुदाय को प्रभावित किया, वरन उसे नए ढंग से जीने और दुनिया को देखने का नजरिया दिया। उनका मुख्य सन्देश है कि परमात्मा एक है, उसी ने हम सबको बनाया है। सभी मत, पंथ और संप्रदायों के अनुयायी एक ही परमात्मा की संतानें हैं। गुरु नानक जी परमात्म तत्त्व के साक्षात्कार के लिए भटकते हुए लोगों को सही राह दिखाते हैं। उन्होंने सभी पंथों के लोगों से बाह्याडंबरों को त्याग कर मूल्यों पर दृढ़ रहने की प्रेरणा दी। उनका मार्ग पलायन और निष्कर्म से परे गहरे दायित्वबोध का मार्ग है। संन्यास लेने भर से मुक्ति नहीं मिलती, वह तो स्वभाव की प्राप्ति से सम्भव है। स्वयं को पहचाने बगैर भ्रम की काई नहीं मिटेगी।




विशिष्ट अतिथि सरदार डॉ बलविंदरपाल सिंह, लुधियाना, पंजाब ने गुरु नानक देव की वाणी में निहित आर्थिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में लंगर चल रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि गुरु नानक जी ने बीस रुपये से जो पहली बार लंगर करवाया था, उसकी एफ डी इस तरह हुई थी कि आज भी वह लंगर जारी है। गुरु नानक जी की मान्यता है कि समस्त प्रकार के भौतिक संसाधन और बौद्धिक क्षमता ईश्वर द्वारा दिया गया उपहार है। दुनिया में प्राप्त सभी पदार्थ सभी के लिए हैं। गुरु नानक जी मानते हैं कि जरूरतमंद लोगों को केवल दान देने से लाभ नहीं होगा, वरन उन्हें कौशल सिखाया जाए, जिससे वे स्वयं धन उपार्जन कर सकें। वास्तविक रत्न और जवाहर बुद्धि में है, गुरु नानक जी ने इस बात पर बल दिया है। नानकदेव जी ने करतारपुर में स्वयं अपने हाथों से खेती की थी। कितनी भी तरक्की हो जाए, किंतु हम ईश्वर को न भूलें, यह गुरु नानक जी का संदेश है। गुरु नानक जी  निरपेक्ष गरीबी रखने वालों के साथ खड़े होने का आह्वान करते हैं। उन्होंने अनेक नए शहर बसाए, जो आर्थिक प्रगति में सहायक सिद्ध हुए।




लुधियाना, पंजाब के सरदार डॉ जसवंत सिंह अमन ने गुरु नानक देव जी के राजनीतिक विचारों पर व्याख्यान देते हुए कहा कि गुरु नानक जी के दौर में धर्म का स्वरूप विकृत हो गया था। नैतिकता के क्षरण के दौर में उन्होंने नई दिशा दिखाई। शासक और प्रशासक, प्रजा विरोधी रवैया अपनाए हुए थे। गुरु नानक जी परमेश्वर को सर्वोच्च शासक मानते हैं। उनके बिना संसार में कुछ भी नहीं है। वे शासकों में परमेश्वर के गुण चाहते हैं। वे प्रजा में भी ज्ञानयुक्त होने की अपेक्षा करते हैं। भ्रष्ट शासन व्यवस्था के लिए वे प्रजा को भी जिम्मेदार मानते हैं। गुरु नानक जी राजनीति को धर्म के अधीन रखते हैं, तभी अत्याचारों से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है।



अध्यक्षीय उद्बोधन में शिक्षाविद् डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि गुरु नानक जी के विचार अनेक संदर्भों में आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी पंथों और धर्मों के लिए महत्वपूर्ण उपदेश दिए हैं। वे योगी, समाज सुधारक, उपदेशक और  देशभक्त थे। उनकी दृष्टि में मानव मात्र की सेवा सबसे बड़ी ईश्वर भक्ति है। संसार की प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए नानक वाणी में कई महत्वपूर्ण संदेश मिलते हैं।





डॉ प्रवीण बाला, लुधियाना में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु नानक जी ने संपूर्ण समाज को बाह्य आडंबर और भेदभाव से मुक्त किया। उन्होंने बाल्यकाल से ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया था। उनके जीवन से जुड़ी अनेक चमत्कारिक घटनाएं आज भी याद की जाती हैं। उनके संदेश तीन आधारों  पर टिके हैं कीरत करो, नाम जपो और लंगर छको।





समाजसेवी  डॉ. शिवा लोहारिया, जयपुर ने कहा कि समाज की आत्मनिर्भरता और आध्यात्मिक उन्नति के लिए गुरु नानक के संदेश अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने तत्कालीन धर्म के उपदेशकों की सीमाएं बताईं और लोगों को सद्धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।



कार्यक्रम की संकल्पना और  संस्था का प्रतिवेदन  महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने प्रस्तुत किया। 





इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री राकेश छोकर, नई दिल्ली एवं  साहित्यकार डॉ हरेराम वाजपेयी ने भी विचार व्यक्त किए। श्री वाजपेयी ने इंदौर क्षेत्र में स्थित विभिन्न गुरुद्वारों का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों के माध्यम से अपूर्व शांति प्राप्त होती है।



प्रारंभ में संगीतमय गुरुवाणी अलका वर्मा  ने प्रस्तुत की। स्वागत भाषण साहित्यकार डॉ मुक्ता कौशिक, रायपुर ने दिया। अतिथि परिचय वरिष्ठ साहित्यकार डॉ राजेंद्र साहिल, पटियाला ने दिया। 




अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में  संस्था की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर सुवर्णा यादव, मुंबई, डॉ मुक्ता कौशिक, रायपुर, डॉ आशीष नायक, रायपुर, डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर, डॉ राकेश छोकर, नई दिल्ली, डॉ मधुकर देशमुख, नागपुर, डॉ रुपिंदर शर्मा, पटियाला, डॉ  रिधिमा जोशी, डॉ राजेंद्र कुमार सेन, भटिंडा, डॉ प्रवीण बाला, पटियाला, डॉ शिवा लोहारिया, जयपुर, डॉक्टर राजेंद्र साहिल, लुधियाना, डॉ राधा दुबे, जबलपुर, डॉ रोहिणी डाबरे, अहमदनगर, डॉ श्वेता पंड्या, उज्जैन, श्रीराम सौराष्ट्रीय आदि सहित अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया।




अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का संचालन डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद एवं डॉ राजेंद्र साहिल, लुधियाना ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ राजेंद्र कुमार सेन, भटिंडा ने किया।



























गुरुनानक जयंती पर स्वस्तिकामनाएँ




Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट