पेज

Bhakti Sahitya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Bhakti Sahitya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

20210609

महाकवि सूरदास : भारतीय साहित्य, संस्कृति और परम्परा के परिप्रेक्ष्य में - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Mahakavi Surdas: Perspectives on Indian Literature, Culture and Tradition - Prof. Shailendra Kumar Sharma

प्रेम की शक्ति और शाश्वतता के अनुपम गायक हैं महाकवि सूर – प्रो. शर्मा 


अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी में हुआ महाकवि सूरदास : भारतीय साहित्य, संस्कृति और परम्परा के परिप्रेक्ष्य में पर मंथन 


सृजनधर्मियों की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महाकवि सूरदास : भारतीय साहित्य, संस्कृति और परम्परा के परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित थी। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध प्रवासी साहित्यकार श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ऑस्लो, नॉर्वे थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कला संकायाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की। आयोजन के विशिष्ट अतिथि नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल, साहित्यकार डॉ शैल चंद्रा, धमतरी, श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर, साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी थे। संगोष्ठी का सूत्र संयोजन डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद ने किया।






मुख्य अतिथि श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, नॉर्वे ने कहा कि सूर ने कृष्ण के जीवन से जुड़े सभी प्रसंगों को अपने काव्य में समाहित किया है। उन्होंने अत्यंत सहजग्राह्य और सरल भाषा में कृष्ण का वर्णन किया। उनका काव्य आत्मा तक उतर जाता है। वे वातावरण का सूक्ष्म चित्रण करने में प्रवीण थे। श्री शुक्ल ने सूर काव्य से प्रेरित रचना सुनाई, जिसकी पंक्तियां थीं चलो जमुना के तीरे, यशोदा मैया से कहत नंदलाल।




मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि सूर प्रेम की शक्ति और शाश्वतता के अनुपम गायक हैं। वे अविद्या से मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने ईश्वर को प्रेम के वशीभूत माना है। हरि नाम को वे सर्वोपरि स्थान देते हैं। सूर बाल से प्रौढ़ मनोविज्ञान के कुशल चितेरे हैं। उन्होंने ब्रज की लोक सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़कर महत्वपूर्ण सृजन किया। लीला पद गान, रासलीला, ऋतु, पर्व एवं अन्य परंपराओं को सूर ने सरस काव्य के माध्यम से प्रतिष्ठा दी। कृषि और गौपालन संस्कृति का जीवंत चित्रण उनके काव्य को अद्वितीय बनाता है। उन्हें अपने समय और समाज की गहरी पकड़ थी। ग्राम्य और शहरी  जीवन का द्वंद्व उन्होंने सदियों पहले गोपिकाओं के माध्यम से संकेतित किया।



विशिष्ट अतिथि डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली ने कहा कि महाकवि सूरदास ने कृष्ण की बाल लीलाओं का जीवंत चित्रण किया है। वे बाल मनोविज्ञान और अभिरुचियों के विशेषज्ञ थे। उन्होंने वात्सल्य रस को प्रतिष्ठित किया। सूर काव्य में लोक संस्कृति के दर्शन होते हैं। सूर भक्ति में लीन थे, वही राजसत्ता की तुलना में उनके लिए सर्वोपरि थी। रासलीला का जीवंत वर्णन उन्होंने किया है। भारत की सनातन संस्कृति को उन्होंने अपने काव्य के माध्यम से जीवंत रखा है।



डॉक्टर शैल चंद्रा, धमतरी ने कहा कि कृष्ण भक्ति की अजस्र धारा में सूर का नाम अद्वितीय है। साहित्य का सृजन समाज से कटकर नहीं हो सकता। सूर ने माता यशोदा और पुत्र कृष्ण की मनो भावनाओं का सरस वर्णन किया है। सखी इन नैनन तें घन हारे पंक्ति को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि सूर का विरह वर्णन अत्यंत मार्मिक है। कृष्ण और गोपों के माध्यम से सूर ने सांस्कृतिक लोकतंत्र स्थापित किया।



कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि सूर का काव्य भक्ति का शृंगार है। वे उच्च कोटि के गायक थे। उन्हें दैवीय वरदान प्राप्त था। उनकी भक्ति भावना दैन्य और प्रेम से समन्वित है। प्रेम मूर्ति कृष्ण उनके आराध्य हैं। संपूर्ण सृष्टि में कृष्ण की ही छटा बिखरी है, इस बात का संकेत उनका काव्य करता है। उनके काव्य में विविध ऋतुओं और पर्वोत्सवों का सुंदर चित्रण हुआ है। उनके पद सरस और अर्थी हैं। युग जीवन की आत्मा का स्पंदन उनके काव्य में है।




साहित्यकार श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई ने कहा कि भारतीय भक्ति धारा में सूर का नाम सर्वोपरि है। सूर ने नारी के विविध रूपों का वर्णन अपने काव्य में किया। समाज जीवन के सभी पक्षों को उन्होंने छुआ है। नारी के स्वतंत्र अस्तित्व को लेकर सूर ने प्रभावी चित्रण किया है। सूर काव्य में तत्कालीन समाज और संस्कृति का निरूपण मिलता है।


साहित्यकार डॉ हरेराम वाजपेयी, इंदौर ने प्रास्ताविक वक्तव्य देते हुए कहा कि सूरदास जी का ब्रज भाव आज संपूर्ण देश और दुनिया में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने संस्था द्वारा कोविड-19 के दौर में एक सौ वेब संगोष्ठियाँ आयोजित करने पर बधाई दी। उन्होंने काव्य पँक्तियाँ प्रस्तुत करते हुए कहा कि आज नवल इतिहास रच रहा राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना मंच। 


विशिष्ट अतिथि डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर ने कहा कि महाकवि सूरदास साहित्य जगत में सूर्य माने जाते हैं। पुष्टिमार्ग के प्रवर्तक वल्लभाचार्य ने उन्हें दीक्षित किया था। सूरदास ने अपनी रचनाओं के माध्यम से विविध भावों की अभिव्यक्ति की है। उनके काव्य में प्रकृति सौंदर्य के चित्रण के साथ श्रृंगार के मिलन और विरह दोनों पक्षों का सुंदर निरूपण हुआ है। उनका काव्य भाव और भाषा दोनों ही दृष्टियों से उत्कृष्ट है।


कोच्ची के शीजू ए ने भी संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किए। 


संगोष्ठी के प्रारंभ में सरस्वती वंदना डॉ सुनीता गर्ग, पंचकूला, हरियाणा ने की। संस्था की गतिविधियों का परिचय महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने दिया। स्वागत भाषण डॉ गरिमा गर्ग, पंचकूला, हरियाणा ने दिया। 


संगोष्ठी में डॉ बालासाहेब तोरस्कर, मुंबई, श्रीमती गरिमा गर्ग, पंचकूला, हरियाणा, डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर, डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे डॉ सुनीता गर्ग, पंचकूला, हरियाणा, डॉक्टर शैल चंद्रा, धमतरी, शीजू के, कोचीन, डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर, श्री जी डी अग्रवाल, इंदौर, लता जोशी, मुंबई आदि सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।


राष्ट्रीय संगोष्ठी का संचालन डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद ने किया। आभार प्रदर्शन  डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर ने किया।











महाकवि सूरदास जयंती


20200822

शाश्वत और सम्पूर्ण विश्व मानव के लिए है महाराष्ट्र के सन्तों का सन्देश : प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

सम्पूर्ण विश्व मानव के लिए है महाराष्ट्र के संतों का संदेश - प्रो. शर्मा

आधुनिक सन्दर्भ में महाराष्ट्र की सन्त परम्परा पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न


देश की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा आधुनिक संदर्भ में महाराष्ट्र की संत परंपरा पर अभिकेंद्रित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलानुशासक एवं हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की। इस अवसर पर नॉर्वे के प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो ने कबीर की साखियों का नॉर्वेजियन अनुवाद प्रस्तुत किया। संगोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने महाराष्ट्र की संत परंपरा से जुड़े प्रमुख संतों के योगदान पर प्रकाश डाला। आयोजन की प्रस्तावना संस्था के महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी ने प्रस्तुत की।






कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेखक एवं आलोचक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र के संतों भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों  और  भक्ति परंपरा के विस्तार में  अविस्मरणीय योगदान दिया। उनका संदेश शाश्वत और संपूर्ण विश्व मानव के लिए है। दक्षिण भारत के आलवार संतों ने जिस भक्ति आंदोलन का प्रवर्त्तन किया था, उसके स्वर को महाराष्ट्र के संतों ने भारत के सुदूर अंचलों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संत ज्ञानेश्वर, नामदेव, तुकाराम, एकनाथ, सेन जी आदि की महिमा की अनुगूंज दूर दूर तक सुनाई देती है। उनका प्रदेय भक्ति की लोक व्याप्ति, सामाजिक समरसता, सहज जीवन दर्शन जैसे अनेक स्तरों पर दिखाई देता है। उन्होंने अध्यात्म और व्यवहार, श्रम और भक्ति के बीच सेतु बनाया। वे सर्वात्मवाद के प्रसारक हैं। उन्होंने भक्ति के साथ ज्ञान और वैराग्य, हरि के साथ हर और सगुण के साथ निर्गुण के समन्वय पर बल दिया है। उनके द्वारा रोपित मूल्यों ने बहुत बड़े जन समुदाय को प्रभावित किया है। 


प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र के भक्त-कवियों ने न केवल मराठी में भक्तिपरक काव्य की रचना की, हिंदी साहित्य को भी अपनी भक्ति-रचनाओं से समृद्ध किया। नामदेव तो एक तरह से उत्तरी भारत की संत-परम्परा के आदिकवि कहे जा सकते हैं, जिन्होंने महाराष्ट्र से चलकर सम्पूर्ण देश की यात्रा की और भक्ति का पथ प्रशस्त किया। उन्हीं की परम्परा को स्वामी रामानन्द, कबीर, नानक, रैदास, सेन, पीपा, मीरा आदि ने बढ़ाया। 



संगोष्ठी के अध्यक्ष डॉ. शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराष्ट्र को संतों की भूमि कहा जाता है। महाराष्ट्र के संतों ने प्रायः अद्वैतवादी होते हुए भी भक्ति के महत्व को प्रतिपादित किया। सन्त ज्ञानेश्वर और तुकाराम जी महाराष्ट्र की संस्कृति के नींव के पत्थर हैं। तुकाराम जी ने कहा है कि जो दुखियों और पीड़ितों को अपना मानता है वही सच्चे अर्थों में संत है। संतों ने समाज को प्रबोधित करने का काम किया।




प्रा. डॉ. भरत शेणकर (राजूर, अहमदनगर) ने संत तुकाराम के काव्य की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संत तुकाराम के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। आज समाज में परोपकार की भावना लुप्त होती जा रही है। जाति तथा पंथ के नाम पर समाज में जो बिखराव हो रहा है, अगर उसे दूर करना है तो हमें संत तुकाराम के विचारों को अपनाना होगा। नीति और मूल्यों की पुनर्स्थापना तथा संत तुकाराम के विचारों को अपनाकर हम जातिगत और धर्मगत मत-मतांतरों को दूर कर सकते हैं। सामाजिक एकता और समरसता की स्थापना के लिए संत तुकाराम के सामाजिक, धार्मिक, दार्शनिक विचारों को समस्त मानव समाज को अपनाना होगा। 



नांदेड़, महाराष्ट्र की डॉ अरुणा राजेंद्र शुक्ल ने महाराष्ट्र के संत ज्ञानेश्वर एवं भक्त मीरा के भक्तिपरक साहित्य का तुलनात्मक अध्ययन विषय पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने ज्ञानेश्वर और मीराबाई की प्रेम भक्ति, दोनों के जीवन में आए संघर्ष और उन्हें मिली हुई प्रपंच से मुक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों की श्री कृष्ण के प्रति प्रेम भक्ति में पर्याप्त साम्य एवं अंतर के बावजूद सगुण एवं निर्गुणवाद और भक्ति जैसे अनेक स्तरों पर दोनों के काव्य में अंतर की अपेक्षा साम्य ही अधिक है। संत ज्ञानेश्वर की कविता मध्ययुगीन मराठी काव्य की श्रेष्ठ भक्ति कविता है, तो मीराबाई की कविता मध्ययुगीन उत्तर भारत की श्रेष्ठ प्रेम भक्ति कविता है।


डॉ दत्तात्रय टिळेकर, ओतूर (पुणे) ने भक्ति काव्यधारा की  बहुज्ञानी, उपेक्षिता  कवयित्री और अपने स्त्रीत्व पर गर्व करनेवाली संत जनाबाई के अवदान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें अलौकिक कहलवाने का कोई मोह नहीं था। उन्होंने स्वयं मानवी बनकर अपने आराध्य विठ्ठल को भी मानवीय धरातल पर खडा किया। उन्होंने मीरा की तरह विरहिणी बनकर ईश्वर की आराधना की।




लता जोशी (मुबंई)  ने आधुनिककालीन सिद्ध संत तुकडोजी महाराज के योगदान पर विचार व्यक्त किए, जिन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति श्री राजेंद्रप्रसाद जी ने राष्ट्रसंत की उपाधि से अलंकृत किया। उन्होंने कहा कि  संत तुकड़ो जी महाराज ने ग्राम की स्वयंपूर्णता,  सुशिक्षा, ग्रामोद्योग, सर्वधर्म समभाव आदि विचार भारतीय जनमानस तक पहुँचाने का प्रयास किया। साथ ही सामाजिक सुधार आंदोलन चलाकर अंधविश्वास, अस्पृश्यता, मिथ्या धर्म, गोवध एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष किया।



डॉ प्रवीण देशमुख, अकोला ने महाराष्ट्र की संत परम्परा में संत तुकड़ोजी के मानवतावादी विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके सामाजिक विचार, सर्वधर्म समभाव की दृष्टि को लेकर बात की। वर्तमान में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर बात की। अपने ईश्वर भक्ति को राष्ट्रभक्ति तथा देशप्रेम से जोड़ दिया तथा समाज में नवचेतना जगाने का प्रयास किया।



कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष श्री ब्रजकिशोर शर्मा, डॉ. सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ मनीषा शर्मा, अमरकंटक आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 




इस अवसर पर श्री शम्भू पँवार, झुंझुनूं, रश्मि चौबे, गाजियाबाद, तृप्ति शर्मा, बेंगलुरु, दिल्ली के वरिष्ठ कवि श्री राकेश छोकर, डॉ सुनीता तिवारी, मुम्बई, डॉ शोभा राणे, नासिक, राजकुमार यादव, मुंबई, डॉ अर्चना दुबे, मुंबई, डॉ प्रवीण बाला, पटियाला, डॉ रोहिणी, औरंगाबाद, डॉ रूपाली चौधरी, पुणे, डॉ सुशीला पाल, मुम्बई, प्रभा बैरागी, उज्जैन, डॉ श्वेता पंड्या, सागर चौधरी, विजय शर्मा, पंढरीनाथ देवले, प्रियंका परस्ते आदि सहित देश के अनेक राज्यों के शिक्षाविद, साहित्यकार और अध्येताओं ने भाग लिया।






कार्यक्रम का संचालन डॉ कामिनी बल्लाल, औरंगाबाद ने किया। आभार श्रीमती पुष्पा गरोठिया, भोपाल ने माना।















Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट