पेज

20201110

पंजाब की संत परंपरा और उसका प्रदेय - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

विश्व बंधुत्व और आत्म त्याग का संदेश दिया है पंजाब के संतों ने – प्रो शर्मा 

अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी में हुआ पंजाब की संत परंपरा और उसके प्रदेय पर मंथन   

गुरु नानक देव जी की वाणी के चुनिंदा अंशों का नॉर्वेजियन भाषा में अनुवाद प्रस्तुत किया श्री शुक्ल ने

देश की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देश दुनिया के अनेक विशेषज्ञ वक्ताओं ने भाग लिया। यह संगोष्ठी पंजाब की संत परंपरा और उसके प्रदेय पर केंद्रित थी। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि प्रवासी साहित्यकार और अनुवादक श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे थे। प्रमुख वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि प्रो विनोद तनेजा, अमृतसर एवं शिक्षाविद श्री ब्रजकिशोर शर्मा थे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ ब्रह्मदेव शर्मा, लुधियाना डॉ राजेंद्र साहिल, श्रीमती पूनम सपरा, लुधियाना, महासचिव डॉ प्रभु चौधरी एवं उपस्थित वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल ने की।





प्रसिद्ध प्रवासी साहित्यकार एवं अनुवादक श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे ने कहा कि सिख धर्म सेवा व्रत और परस्पर सहयोग को महत्त्व देता है। उन्होंने गुरु नानक देव जी की वाणी से चुनिंदा अंशों का नॉर्वेजियन भाषा में अनुवाद प्रस्तुत किया।






कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लेखक एवं संस्कृतिविद् प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि पंजाब की संत परंपरा ने भारतीय संस्कृति के विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया है। पंजाब के महान संतों ने विश्व बंधुत्व और आत्म त्याग का संदेश दिया है, जो आज अधिक प्रासंगिक हो गया है। गुरु नानक देव जी और उनकी परंपरा के गुरुओं ने सदियों से सांस्कृतिक, सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र में व्याप्त अंधकार को निस्तेज कर प्रकाश फैलाया था। गुरु नानक देव जी की विश्व दृष्टि अत्यंत व्यापक और स्वानुभूति पर आधारित है। उन्होंने भारतीय भक्ति परम्परा का नवसंस्कार किया। वे परमात्मा से प्रेम भक्ति के अनुग्रह के अभिलाषी हैं। उनकी वाणी में सृष्टि की विराट आरती का दृश्य देखते ही बनता है। गुरु ग्रंथ साहिब में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की त्रिवेणी है। उसका सन्देश है कि भक्तिहीन मनुष्य का जीवन निरर्थक है। गुरु ग्रंथ साहिब सत्संग और सदाचारी जीवन का अक्षय प्रेरणा स्रोत है। पंजाब के संतों ने श्रमशीलता के साथ  प्राणी मात्र के प्रति अनुराग, समरसता और सद्व्यवहार का संदेश दिया। 




डॉ. प्रवीण बाला, पटियाला ने दशम गुरु दशम ग्रंथ के अंतर्गत चंडी चरित्र के सबद देह शिवा बर मोहे इहै से कार्यक्रम की शुरुआत की।



नागरी लिपि परिषद के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पंजाब के संतों का संदेश अत्यंत प्रासंगिक है। प्रभु को वही प्राप्त कर सकता है, जो प्रेम करता है। सभी मतों को समाहित करने का कार्य गुरु ग्रंथ साहिब करता है। सन्तों ने जीवनानुभवों के आधार पर जो दिया है वह प्रेरणादायी है। पंजाब के सन्तों ने समग्र मानवता के कल्याण के लिए शिक्षा दी।



प्रारंभ में संगोष्ठी की संकल्पना, स्वागत भाषण एवं संस्था का प्रतिवेदन राष्ट्रीय महासचिव श्री प्रभु चौधरी ने प्रस्तुत किया।  






संस्था के अध्यक्ष श्री बृजकिशोर शर्मा, उज्जैन ने कहा कि सांस्कृतिक चेतना के प्रसार में पंजाब की संत परंपरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गुरुओं ने वैराग्य के साथ  आक्रांताओं से मुकाबला करने की प्रेरणा दी। जीवन के पुरुषार्थों के सम्यक् निर्वाह की प्रेरणा गुरु ग्रंथ साहिब से मिलती है।






डॉ ब्रह्मदेव शर्मा, लुधियाना ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुछ लोग ऐसा कार्य कर जाते हैं, सदियों तक याद किए जाते हैं। गुरु तेग बहादुर जी का योगदान इसी प्रकार का है। भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए सिख गुरुओं ने अविस्मरणीय योगदान दिया। गुरु तेग बहादुर जैसे संतों ने परोपकार के लिए जन्म लिया था।  उनमें वैराग्य का भाव बाल्यकाल से ही उत्पन्न हो गया था। सांसारिकता के स्थान पर उन्होंने भक्ति पर बल दिया। उन्होंने संसार रूपी मृगतृष्णा से मुक्त होने का आह्वान किया। अनासक्त कर्म योग का आजीवन निर्वाह उन्होंने किया।




विशिष्ट अतिथि डॉ राजेंद्र साहिल, लुधियाना ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि सिख परंपरा के सभी गुरुओं का अविस्मरणीय योगदान रहा है। गुरु नानक देव जी ने संवाद की महत्वपूर्ण परंपरा की शुरुआत की। गुरु अमर दास जी ने लंगर की परंपरा को व्यवस्थित स्वरूप दिया। कृषि के साथ ही व्यवसाय को महत्व देते हुए गुरु रामदास जी ने नगरीकरण की शुरुआत की।








मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ विनोद तनेजा, अमृतसर ने कहा कि पंजाब की संत परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। सिख पंथ ने कथनी से अधिक करनी पर बल दिया। गुरु गोविंद सिंह जी गुरुओं के शब्द के मर्म को जानने का आह्वान करते हैं। सन्त नामदेव से लेकर गुरु तेग बहादुर तक का तीन सौ वर्षों का चिंतन गुरु ग्रंथ साहिब में समाहित है। गुरु गोविंद सिंह जी निस्वार्थ भाव से कर्म करने की प्रेरणा देते हैं। उनकी वाणी कालजयी है। उन्होंने आदि ग्रंथ को गुरु ग्रंथ का उच्च स्थान दिलाया।


डॉ प्रवीण बाला, पटियाला ने गुरु नानक देव जी के अवदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी को आदि गुरु के रूप में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने गृहस्थ जीवन में रहते हुए सांसारिकता से ऊपर उठने का संदेश दिया। उन्होंने जात - पात और आडंबर से मुक्त समाज की कल्पना की। मार्ग से भटके हुए मनुष्यों को सार्थक दिशा उन्होंने दी। 





श्रीमती पूनम सप्रा, लुधियाना ने गुरु अमर दास जी की वाणी के योगदान पर प्रकाश डाला। वे महान रहस्यवादी, कवि और समाज सुधारक थे। उन्होंने स्त्री पुरुष समानता पर बल दिया। सामाजिक बुराइयों और पाखंड को दूर करने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण प्रयास किए। उन्होंने न केवल दूसरों को सेवा करने का उपदेश दिया,  वरन स्वयं आजीवन सेवाव्रत का निर्वाह किया।



सरस्वती वंदना पूर्णिमा कौशिक, रायपुर ने की। अतिथि परिचय डॉ प्रवीण बाला, पटियाला ने दिया।





कार्यक्रम में सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे, डॉक्टर समीर सैयद, डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर पूनम सप्रा, लुधियाना, पंजाब, राव कुलदीप सिंह, भोपाल, डॉ संगीता पाल, कच्छ, डॉ विनोद, डॉक्टर पूनम गुप्ता, पंजाब, डॉ रश्मि चौबे, आगरा, डॉ विभा कुमारिया शर्मा, मंजू रुस्तगी, चेन्नई, पोपटराव अवाटे, डॉ राजकुमार मलिक, पंजाब, डॉ श्वेता पंड्या, उज्जैन, डॉ अतुला भास्कर आदि सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित थे। 




कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर मुक्ता कौशिक रायपुर में किया। आभार प्रदर्शन डॉ विनोद बिश्नोई, पंजाब ने किया।



2 टिप्‍पणियां:

Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट