पेज

20200711

पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर | संवाद |प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | दिलीप जोशी | केशव राय | Padmashree Dr V S Wakankar | Sansthan |Dilip Joshi |Shailendra Kumar Sh...





पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर : पुरातिहासविद्, लिपिशास्त्री और अन्वेषक | संवाद : दिलीप जोशी | प्रो. शैलेन्द्र कुमार शर्मा | केशव राय 
Padmashri Vishnu Shridhar Wakankar : The Great Archeologist, Historian & Paleographist | Conversation with Dilip Joshi & Prof. Shailendra Kumar Sharma by Shri Keshav Rai
यूट्यूब चैनल पर जाएँ


पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर : पुरातिहास के विलक्षण अन्वेषक
- प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा 
पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर (उपाख्य : हरिभाऊ वाकणकर ; 4 मई 1919 – 3 अप्रैल 1988) किंवदंती पुरुष हैं। उन्होंने मालवा सहित भारत के पुरातत्त्व और इतिहास के अनेक अनछुए पहलुओं को उद्घाटित किया। 23 मार्च को उन्होंने भोपाल के समीप भीमबेटका के प्रागैतिहासिक शैलाश्रयों और चित्र शृंखला की खोज के साथ ही उनका गहन विश्लेषण किया। उनके द्वारा किए गए इस ऐतिहासिक कार्य के कारण आज भीमबेटका विश्व धरोहर के रूप में सुस्थापित है। अनुमान है कि यह चित्र शृंखला 175000 वर्ष पुरातन है। इन चित्रों का परीक्षण कार्बन-डेटिंग पद्धति से किया गया है, इसी के परिणामस्वरूप इन चित्रों के काल-खंड का ज्ञान होता है। इससे यह भी सिद्ध हुआ कि उस समय रायसेन जिले में स्थित भीम बैठका गुफाओं में मनुष्य रहता था और वे लोग चित्र, नृत्य, अभिनय आदि कलाओं के माध्यम से आत्माभिव्यक्ति करते थे। वैदिक सरस्वती नदी के साथ कायथा, दंगवाड़ा, मनोटी, इन्दरगढ़,  रूणिजा, नागदा आदि जैसे अनेक प्रागैतिहासिक स्थलों के अन्वेषण सहित भारतीय पुरातिहास की दिशा में उनके द्वारा किए गए कार्य मील का पत्थर सिद्ध हो गए हैं। उनके विलक्षण अवदान के लिए सन 1975 ई. में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।

वाकणकर जी द्वारा अन्वेषित भीमबेटका में  600 शैलाश्रय हैं, जिनमें 275 शैलाश्रय चित्रों द्वारा सज्जित हैं। पूर्व पाषाण काल से मध्य ऐतिहासिक काल तक यह स्थान मानव गतिविधियों का महत्त्वपूर्ण केंद्र रहा। यह बहुमूल्य धरोहर अब पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। यहाँ के शैल चित्रों के विषय सामूहिक नृत्य,  मानवाकृतियाँ, शिकार, पशु-पक्षी, युद्ध और प्राचीन मानव जीवन के दैनन्दिन क्रियाकलापों से जुड़े हैं। चित्रों में प्रयोग किये गए खनिज रंगों में मुख्य रूप से गेरुआ, लाल और सफेद हैं और कहीं-कहीं पीला और हरा रंग भी प्रयोग हुआ है। भीमबेटका की विलक्षण शैलाश्रय शृंखला डॉ वाकणकर जी की अन्वेषण दृष्टि से दुनिया की निगाह में आई। 

- प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा
Shailendrakumar Sharma

20200708

सुरेश चंद्र शुक्ल कृत लॉकडाउन : कोरोना काल पर दुनिया का प्रथम काव्य संग्रह - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

सुरेश चंद्र शुक्ल कृत लॉकडाउन : कोरोना काल पर  दुनिया का प्रथम काव्य संग्रह - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा 
नॉर्वेवासी वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार श्री सुरेश चंद्र शुक्ल 'शरद आलोक' की कृति लॉकडाउन दुनिया की किसी भी भाषा में कोरोना काल पर केंद्रित प्रथम प्रकाशित काव्य संग्रह है, जिसमें इस अभूतपूर्व वैश्विक संकट के बीच व्यापक मानवीय चिंताओं, संघर्ष और सरोकारों को वाणी मिली है। 


श्री शुक्ल ने विश्वव्यापी महामारी कोविड-19 के दौर में मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को तहस-नहस होते हुए देखा है। इस अभूतपूर्व महामारी की रोकथाम के उपायों में लॉकडाउन की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। लॉकडाउन ने इस महामारी के संक्रमण से तो मानव सभ्यता को बचाया है, लेकिन सामाजिक, आर्थिक, मानसिक, सांस्कृतिक परिवेश पर गहरा असर भी छोड़ा है। इन्हीं की काव्यमयी अभिव्यक्तियों के साथ उनका नया कविता संग्रह लॉकडाउन आया है। 

शुक्ल जी ने लॉकडाउन, कोरोना के डर से, कोरेण्टाइन में, लॉकडाउन में मां आदि शीर्षक सहित अनेक कविताओं में इस अभूतपूर्व संकट से जुड़े कई पहलुओं की मार्मिक अभिव्यक्ति की है। वे इस दौर में जहाँ दुनिया के तमाम हिस्सों में पलायन को विवश प्रवासी मजदूरों की पीड़ा और संघर्ष का आंखों देखा बयान प्रस्तुत करते हैं, वहीं गाँव -  घर की ओर लौटते श्रमिकों को आशा और उत्साह का संदेश भी देते हैं। 

संग्रह की प्रभावशाली कविताओं में एक लॉकडाउन 2 के माध्यम से कवि  सुरेशचन्द्र शुक्ल ‘शरद आलोक’ ने कोविड - 19 से उपजे वैश्विक संकट के दौर में मानवीय त्रासदी के बीच सरकारों के संकट और पूंजीवाद के नृशंस चेहरे को दिखाया है – 

दुनिया में कोरोना:
अमेरिका में पचास हजार चढ़ गये 
कोरोना की सूली पर
दो मीटर की आपसी दूरी पड़ गयी कम
जनता और सरकार के बीच बढ़ी दूरी।
 × × × × 
भरे हुए सरकारी अनाज के गोदामों को
भूखी जनता का धैर्य चिढ़ा रहा।
जनता की भुखमरी पर कमा रहा कार्पोरेट जगत
सबसे ज्यादा अमीर की सूची में
नाम दर्ज करा रहा।
जैसे सरकार को अपनी
अंगुली में नचा रहा?

कविवर सुरेश चंद्र शुक्ल ने लॉक डाउन के वैश्विक संकट को लेकर जो कुछ अनुभव किया है, उन्हें सहज – तरल अंदाज में कविताओं में पिरोया है। वे जब यह देखते हैं कि देश आर्थिक गतिविधियों में रीढ़ की हड्डी बने हुए प्रवासी मजदूर लाठियाँ खाने को मजबूर हैं, तब उनकी आत्मा कराह उठती है। उनकी कविता ये प्रवासी मजदूर – 3 की चंद पंक्तियाँ देखिए : 

जीने के लिए कर रहे प्रदर्शन, 
ये प्रवासी मजदूर।
अहिंसक मजदूरों को गिरफ्तार किया 
उन भूखों पर लाठी भांजी 
गंभीर दफा में लगे मुकदमे,
क्यों तोड़ रहे अनुशासन
ये प्रवासी मजदूर?

यदि गाँधी बाबा होते तो 
लड़ते उनके मुकदमे।
और समझाते अनशन करके,
जनता का हो शासन?
तब समझाते बापू,
बड़े काम के, रीढ़ देश की 

ये प्रवासी मजदूर।

कोविड 19 के संक्रमण से उपजे संकट को वे मानवीय परीक्षा की घड़ी मानते हैं, जहाँ बेहद धैर्य की जरूरत है। फिर यह स्वयं को सिद्ध करने का मौका भी है। 'गाँवों को आदर्श बनाना है' शीर्षक कविता में रचनाकार का संकेत साफ है : 
लॉक डाउन 
एक संकट है,
उसे उम्मीद में 
बदलने का।
मजदूर अपने गाँव आये हैं,
उनसे कौशल विकास 
सीखना है।
श्रमिक बारात ले 
वापस आये हैं 
कारंटाइन में गाँव 
बना जनवासा,
बच्चों को कौशल 
सिखाओ तो,
कामगार हैं 
प्रगति के दुर्वासा। 

शुक्ल जी नार्वे में रहते हुए पिछले तीन से अधिक दशकों से प्रवासी भारतीयों के साथ संस्कृति कर्म, हिंदी भाषा और साहित्य के सम्प्रसार का महत्त्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। डॉ. शुक्ल ने नार्वे में हिंदी प्रचार - प्रसार के लिए अनेक कार्य किये हैं, जिनमें से नार्वे के विद्यालयों तथा विश्वविद्यालय में हिंदी के पठन पाठन और पारस्परिक अनुवाद की व्यवस्था का श्रेय मुख्य रूप से डॉ.शुक्ल को जाता है। वे लगातार साहित्यिक - सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीयता के मानबिंदुओं को लेकर गम्भीर प्रयास करते आ रहे हैं। 

 - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा Shailendrakumar Sharma 
(लॉकडाउन काव्य संग्रह के प्राक्कथन से)


सुरेश चंद्र शुक्ल





















#लॉकडाउन कृति के लिए अनेक साधुवाद और स्वस्तिकामनाएँ Sharad Alok ji
धन्यवाद #अमर_उजाला, 7 जुलाई 2020



20200703

कृष्ण भक्ति काव्य : परम्परा और लोक व्याप्ति – प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

कृष्ण भक्ति काव्य : परम्परा और लोक व्याप्ति – प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा





भारतीय इतिहास का मध्ययुग भक्ति आन्दोलन के देशव्यापी प्रसार की दृष्टि से विशिष्ट महत्त्व रखता है। वैदिककाल से लेकर मध्यकाल के पूर्व तक आते-आते पुरुषार्थ चतुष्टय-धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के रूप में भारतीय मूल्य-चिंतन परम्परा का सम्यक् विकास हो चुका था, किंतु मध्य युग में भक्ति की परम पुरुषार्थ के रूप में अवतारणा क्रांतिकारी सिद्ध हुई। मोक्ष नहीं, प्रेम परम पुरुषार्थ है- प्रेमापुमर्थो महान् के उद्घोष ने लोक जीवन को गहरे प्रभावित किया। यहाँ आकर भक्त की महिमा बढ़ने लगी और शुष्क ज्ञान की जगह भक्ति ने ले ली। 






भक्ति की विविध धाराओं के बीच वैष्णव भक्ति अपने मूल स्वरूप में शास्त्रीय कम, लोकोन्मुखी अधिक है। हिन्दी एवं अन्य भाषाई प्रदेशों में लोकगीतों के जरिये इसका आगमन वल्लभाचार्य आदि आचार्यों के बहुत पहले हो चुका था। चैतन्य महाप्रभु, वल्लभाचार्य आदि ने इसे शास्त्रसम्मत रूप अवश्य दिया, किंतु अधिकांश कृष्णभक्त कवि पहले की कृष्णपरक लोक गीत परम्परा से सम्बन्ध बनाते हुए उन्हीं गीतों को अधिक परिष्कार देने में सक्रिय थे। शास्त्र का सहारा पाकर भक्ति आन्दोलन देश के कोने-कोने तक अवश्य पहुँचा, किन्तु उसके लिए जमीन पहले से तैयार थी। 


कृष्ण भक्ति काव्यधारा के उद्गम की दृष्टि से दक्षिण भारत के आळ्वार सन्तों के भक्ति काव्य की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। भक्त कवियों का बहुत बड़ा योगदान लोकगीतों में अनुस्यूत भक्ति धारा को संस्कारित करने के साथ ही शास्त्रोक्त भक्ति को लोकव्याप्ति देने में है। अष्टछाप के कवियों में सम्मिलित सूरदास, नंददास, चतुर्भुजदास, परमानन्ददास, कुंभनदास, कृष्णदास, गोविन्दस्वामी और छीतस्वामी के साथ ही मीराँ, रसखान, नरसिंह मेहता, प्रेमानंद, चंद्रसखी, दयाराम आदि का योगदान अविस्मरणीय है। इनमें से अधिकांश कवियों ने शास्त्रीय वैष्णव भक्ति-शास्त्र से प्रेरणा अवश्य प्राप्त की, किन्तु वे लोक-धर्म और लोक-चेतना से अधिक सम्पृक्त थे। उनके चरित्र, वर्ण्य विषय, छन्द, भाषा, विचार-पद्धति आदि में शास्त्रीयता के बजाय लोक-चेतना प्रबल है। श्रीमद्भागवत महापुराण के लीलागान की पद्धति से प्रेरणा लेकर भी सूरदास, नंददास आदि का काव्य उसका अनुवाद नहीं है। इन कवियों ने उत्तर भारत के लोकधर्म से भी बहुत कुछ ग्रहण किया है और अपनी मौलिक उद्भावनाएँ भी की हैं।

मध्ययुगीन कृष्ण भक्ति काव्यधारा और कला रूपों का प्रसार देश के विविध लोकांचलों में हुआ है। यह धारा जहाँ भी गई, वहाँ की स्थानीय रंगत से आप्लावित हो गई। फिर वह चाहे पश्चिम भारत में मालवा-राजस्थान हो या गुजरात-महाराष्ट्र अथवा पूर्व में उड़ीसा-बंगाल या सुदूर पूर्वोत्तर में असम हो या मणिपुर, उत्तर में हिमाचल-हरियाणा या ब्रजमंडल हो या दक्षिण में केरल-तमिलनाडु सभी की लोक-संस्कृति की सुवास कृष्ण भक्ति काव्य और कला रूपों में परिलक्षित होती है, वहीं कृष्ण भक्ति के प्रतिमानों ने भी विविध लोकांचलों को अपनी सुवास दे दी है। वस्तुतः कृष्ण भक्ति काव्य ने अपने ढंग से पूरे देश को सांस्कृतिक-भावात्मक ऐक्य के सूत्र में बाँधा है, जिसमें लोक-चेतना की अविस्मरणीय भूमिका देखी जा सकती है। लोक-जीवन का शायद ही कोई ऐसा पक्ष हो, जिसे कृष्णकाव्य और कला रूपों ने न छुआ हो या जिस पर इस धारा की अमिट छाप अंकित न हुई हो।

कृष्ण भक्ति काव्य में लोक-पर्व, व्रत और उत्सवों का जीवंत चित्रण हुआ है। इस काव्य में कृष्ण सच्चे लोकनायक के रूप में जीवन के समूचे राग-रंग, हर्ष-उल्लास में शिकरत करते नजर आते हैं। कृष्णभक्ति काव्य ने जहाँ लोक परम्परा से चले आ रहे पर्वोत्सवों को सहज-तरल अभिव्यक्ति दी है, वही किसी एक अंचल की लोक-परम्पराओं को अन्य अंचलों तक प्रसारित भी किया है। इस काव्यधारा की महत्त्वपूर्ण देन यह भी है कि काल-प्रवाह में विस्मृत होतीं कई लोक-परम्पराएँ न सिर्फ इसमें जीवित हैं, वरन् उन्हें समय-समय पर पुनराविष्कृत करने की संभावनाएँ भी मूर्त होती रही हैं।


 – प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा
आचार्य एवं अध्यक्ष
हिंदी विभाग
कुलानुशासक
विक्रम विश्वविद्यालय
उज्जैन 
मध्य प्रदेश







(भक्ति काल : कृष्ण काव्य के विविध आयाम पर केंद्रित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन रूसी – भारतीय मैत्री संघ (दिशा), मास्को, रूस एवं बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन, पटना, बिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा, प्रोफेसर अवनीश कुमार, डॉ सुमन केसरी, डॉक्टर दिनेश चंद्र झा के व्याख्यान की छबियाँ  समाहित हैं। संयोजन डॉ मोनिका देवी ने किया था।)


भारतीय भक्ति आंदोलन और गुरु जंभेश्वर जी - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

भारतीय भक्ति आंदोलन और गुरु जंभेश्वर जी - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा Shailendrakumar Sharma 

सहस्राब्दियों से चली आ रही भारतीय संत परम्परा के विलक्षण रत्न गुरु जम्भेश्वर जी (संवत् 1508 - संवत् 1593) भारत ही नहीं, वैश्विक परिदृश्य में अपनी अनूठी पहचान रखते हैं। भारतीय भक्ति आंदोलन में उनका योगदान अद्वितीय है। उनकी वाणी न केवल सदियों से वसुधैवकुटुंबकम् की संवाहिका बनी हुई है, उसमें प्रत्येक युगानुरूप प्रासंगिकता देखी जा सकती है। गुरु जम्भेश्वर जी ने जीवन और अध्यात्म साधना के बीच के अन्तरावलम्बन को पाट दिया था और भक्ति को व्यापक जीवन मूल्यों के साथ चरितार्थ करने की राह दिखाई। कतिपय विद्वानों ने भक्ति को बाहर से आगत कहा है, आलवार  सन्तों से लेकर जंभेश्वर जी की वाणी भक्ति की अपनी जमीन से साक्षात् कराती है।


गुरु जंभेश्वर जी


हम स्वर्ग और अपना नरक खुद बनाते हैं। कोई अलौकिक तत्व नहीं है जो इसका निर्धारक हो। अँधेरे और राक्षसी वृत्ति के साथ चलना सरल है, उनसे टकराना जटिल है। दूसरी ओर प्रकाश और अच्छाई के साथ चलना कठिन है, लेकिन वास्तविक आनन्द प्रकाश और देवत्व में ही है। जंभेश्वर जी की वाणी इसी बात को व्यापक परिप्रेक्ष्य में जीवंत करती है। वे सही अर्थों में महान युगदृष्टा थे। उन्होंने अपने समय में निर्भीकतापूर्वक समाज-सुधार का जो प्रयास किया, वह अद्वितीय है। वर्तमान युग के तथाकथित समाज सुधारक भी ऐसा साहस नहीं दिखा सकते जो जम्भेश्वर जी ने धार्मिक उन्माद से ग्रस्त तत्कालीन युग में दिखाया था। एक सच्चे युग-पुरुष की भांति उन्होंने तमाम प्रकार के परस्पर विद्वेष, अंध मान्यताओं, रूढ़ियों, अनीति-अनाचारों एवं दोषों पर प्रबल प्रहार करते हुए समाज को सही दिशा-निर्देश  किया।


प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

उन्होंने चराचर जगत में एक ही तत्त्व का सामरस्य देखा था। इसी के आधार पर गुरु जम्भेश्वर जी ने पारस्परिक प्रेम और सद्भाव,  पर्यावरण संरक्षण, विश्व शांति, सार्वभौमिक मानव मूल्यों की प्रतिष्ठा, सामाजिक जागरूकता, प्राचीन ज्ञान परम्परा की वैज्ञानिक दृष्टि से व्याख्या जैसे अनेक पक्षों को गहरी संवेदना, समर्पण और निष्ठा के साथ अपनी वाणी और मैदानी प्रयासों से साकार किया। उनका प्रसिद्ध सबद है : 
जा दिन तेरे होम न जाप न तप न किरिया, जाण के भागी कपिला गाई।
कूड़तणों जे करतब कीयो, नातैं  लाव न सायों। 
भूला प्राणी आल बखाणी, न जंप्यो सुर रायों। 
छंदे कहाँ तो बहुता भावै, खरतर को पतियायों। 
हिव की बेला हिव न जाग्यो, शंक रह्यो कंदरायों। 
ठाढ़ी बेला ठार न जाग्यो ताती बेला तायों। 
बिम्बे बेलां विष्णु ने जंप्यो, ताछै का चीन्हों कछु कमायों। 
अति आलसी भोला वै भूला, न चीन्हो सुररायों। 
पारब्रह्म की सुध न जाणीं, तो नागे जोग न पायो।
परशुराम के अर्थ न मूवा, ताकी निश्चै सरी न कायो।

उनका संकेत साफ है कि मनुष्य ने अपने कर्तव्य कर्मों को विस्मृत कर कामधेनु को दूर कर दिया है। वह अपने मूल रूप को न पहचान कर सदाचार से दूर बना रहता है। जब कभी सद्विचार मिले भी तो शंकित बना रहता है। समय बीतता रहता है, किंतु भरम में डूबा रहता है।  नासमझी में सही समय पर भक्ति के प्रवाह में न डूबकर अपना अहित ही करता है। परम सत्ता से परे केवल बाह्याचारों से कुछ मिलता नहीं है, वे तो भ्रम ही पैदा करते हैं। इसलिए परशुराम के अर्थ को पहचानना होगा, जिन्होंने समाज को सद्मार्ग पर ले जाने के लिए दृढ़ संकल्प लिया था और निभाया भी।

यह एक स्थापित तथ्य है कि गुरु जम्भेश्वर जी द्वारा प्रस्तुत वाणी और कार्य अभिनव होने के साथ ही जन मंगल का विधान करने वाले सिद्ध हुए हैं। वे मनुष्य मात्र की मुक्ति की राह दिखाते हुए कहते हैं कि ‘हिन्दू होय कै हरि क्यों न जंप्यो, कांय दहदिश दिल पसरायो’, तब उनके समक्ष जगत का  वास्तविक रूप है, जिसे जाने बिना लोग इन्द्रिय सुख में डूबे रहते हैं। इसी तरह जब वे कहते हैं कि ‘सोम अमावस आदितवारी, कांय काटी बन रायो’ तब उनके सामने वनस्पतियों के संरक्षण – संवर्द्धन का प्रादर्श बना हुआ है, जिसे जाने – समझे बगैर पर्यावरणीय संकटों से जूझ रही दुनिया का उद्धार सम्भव नहीं है। 


फेसबुक पर व्याख्यान का प्रसारण देखा जा सकता है: 
 - प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा
आचार्य एवं अध्यक्ष 
हिंदी विभाग
कुलानुशासक  
विक्रम विश्वविद्यालय 
उज्जैन मध्य प्रदेश











(मुंबई विश्वविद्यालय, मुम्बई और जांभाणी साहित्य अकादमी, बीकानेर द्वारा आयोजित मध्यकालीन काव्य का पुनर्पाठ और जांभाणी साहित्य पर एकाग्र दो दिवसीय  अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी में व्याख्यान की छबियाँ और व्याख्यान सार दिया गया है। आयोजकों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं)

20200603

अभिनवगुप्त पादाचार्य एवं रस और व्यंजना चिंतन - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Abhinavagupta and the Thought of Rasa and Vynjana - Prof. Shailendra Kumar Sharma

अभिनवगुप्त पादाचार्य एवं रस और व्यंजना चिंतन  - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा 

Abhinavagupta and the Thought of Rasa and Vynjana 
- Prof. Shailendrakumar Sharma 
भारत की सुदीर्घ ज्ञान परम्परा के विलक्षण     व्यक्तित्व आचार्य अभिनव गुप्तपाद   (960 - 1020 ई.) विविधायामी कृतित्त्व के पर्याय हैं। वे एक साथ गम्भीर दार्शनिक, रहस्यवादी, सौंदर्यशास्त्री, संगीतज्ञ, कवि, नाटककार, पाण्डुलिपिज्ञ, वेदान्तज्ञ और तर्कविद् थे। उनके बहुज्ञ व्यक्तित्व का व्यापक प्रभाव भारतीय आचार्यों पर पड़ा। अपने जीवन में उन्होंने पैंतीस से अधिक ग्रन्थों का लेखन किया, जिनमें से सबसे बड़ा और सबसे प्रसिद्ध तंत्रालोक है, जो कौल और त्रिक के सभी दार्शनिक और व्यावहारिक पहलुओं पर केंद्रित एक विश्वकोशीय ग्रंथ है और उसे आज हम कश्मीरी शैव दर्शन के रूप में जानते हैं। अभिनवगुप्त अद्वैत आगम और प्रत्यभिज्ञा दर्शन के प्रतिनिधि आचार्य तो हैं ही, साथ ही उनमें अनेक  चिन्तनों का समाहार है। उन्होंने अपने प्रसिद्ध ग्रंथ तंत्रालोक में महायोगी गोरखनाथ के गुरु मत्स्येंद्रनाथ का उल्लेख किया है, जिनकी समाधि पुरातन नगरी उज्जैन में गढ़कालिका मंदिर और भर्तृहरि गुफा के मध्य स्थित है। वे इस ग्रन्थ में मच्छंद विभु (मीननाथ) को नमन करते हैं, इससे सिद्ध होता है कि उन्होंने नाथ पंथी साधना को आत्मसात किया था। 



कश्मीरी शैव दर्शन के स्तम्भों में एक अभिनवगुप्त ने काव्यशास्त्रीय चिंतन को दर्शन की आधार भूमि पर उत्कर्ष पर पहुँचाया। शब्दशक्ति, ध्वनि और रस चिंतन को उन्होंने व्यापक फलक दिया था। आचार्य आनंदवर्धन (नवीं शताब्दी) के ग्रंथ ध्वन्यालोक  की लोचन टीका के माध्यम से उन्होंने शब्द शक्ति और ध्वनि विमर्श में  महत्त्वपूर्ण  योगदान दिया। संस्कृत साहित्यशास्त्र की परंपरा में व्यंजना की स्थापना का जो प्रथम प्रयास आचार्य आनंदवर्धन ने किया था, उसे अभिनव गुप्त की गहन विवेचना से व्यापक आधार मिला। अभिनवगुप्त ने अभिधा,  लक्षणा आदि को व्यापार और शक्ति दोनों कहा है। साहित्याचार्यों ने सामान्य रूप से शक्ति, व्यापार और वृत्ति को समानार्थक माना है। आचार्य अभिनवगुप्त अभिधा व्यापार और व्यंजना व्यापार को ही शब्द का धर्म कहकर अभिधा की महत्ता भी मान्य करते हैं। उनके अनुसार काव्य में जब शब्द के ये दोनों व्यापार संश्लिष्ट रूप में क्रियाशील होते हैं, तब उनके पौर्वापर्य क्रम का पता भी नहीं चलता और वे रस आदि की प्रतीति में परिणत हो जाते हैं। यह रस आदि की प्रतीति ही काव्य में शब्द प्रयोग का  साध्य भी है।

अभिनवगुप्त ने व्यंजना विरोधियों के मतों का साधार निराकरण कर अभिधा, लक्षणा और तात्पर्य से भिन्न चौथे व्यापार के रूप में व्यंजना को स्थापित किया। उनकी दृष्टि में इस व्यापार को ध्वनन, द्योतन, प्रत्यायन, अवगमन आदि शब्दों द्वारा निरूपित किया जा सकता है।




मूल सिद्धांतकारों से टीकाकार का महत्त्व कम नहीं है, यह बात कश्मीरवासी अभिनवगुप्त पादाचार्य के महत्त्वपूर्ण टीका ग्रंथों से सिद्ध होती है। उन्होंने आनन्दवर्धन के ध्वन्यालोक की लोचन टीका और भरत मुनि के नाट्यशास्त्र की अभिनव भारती टीका का प्रणयन किया, जो भारतीय काव्यशास्त्र की महनीय उपलब्धि हैं। ध्वन्यालोक की टीका की कुछ पाण्डुलिपियों का नाम 'सहृदयालोकलोचनम्' और  'काव्यालोकलोचनम्' भी मिलता है। ‘ध्वन्यालोक’ पर ‘चंद्रिका’ टीका उपलब्ध थी, तब प्रश्न उठा कि ‘लोचन’ के लेखन की क्या आवश्यकता? आचार्य अभिनव गुप्त ने इस प्रश्न का स्पष्ट उत्तर दिया:  

किं लोचनं विनाऽऽलोको भाति चन्द्रिकयोऽपि हि।
तेनाभिनवगुप्तोऽत्र लोचनोन्मीलनं व्यघात्। 

‘क्या लोचन नहीं है, तब तक चंद्रिका से ही यह लोक चमक सकता है? जाहिर है जब तक लोचन - नेत्र नहीं हैं, तब तक चंद्रिका के चमकने की प्रतीति हो ही नहीं सकती। इसीलिए अभिनवगुप्त ने लोचन का उन्मीलन किया। 

साहित्यशास्त्र के क्षेत्र में अभिनव गुप्तपाद का दूसरा अत्यंत महत्त्वपूर्ण योगदान है, भरतमुनि के नाट्यशास्त्र पर उनकी टीका अभिनवभारती। यदि यह टीका उपलब्ध न होती तो नाट्यशास्त्र के मर्म को समझना मुश्किल होता। रस निष्पत्ति की  व्याख्या अभिव्यक्तिवाद  इसी  टीका ग्रंथ  का अवदान है। वस्तुतः भारत में रसजन्य आनंद को सर्वोपरि महत्ता मिली है। यह रसानन्द योगियों के ब्रह्मानन्द के समान माना गया है। सौंदर्यानुभूति एक प्रकार की आनंदमयी चेतना है। इससे परम आह्लाद की अनुभूति होती है। यह सुख-दुख के सीमित दायरे के ऊपर की अवस्था है। सौंदर्य की अनुभूति, प्रक्रिया में ऐंद्रिय होकर भी, अपनी चरम परिणति में चिन्मय बन जाती है। नाट्य के आस्वाद के दौरान रसानुभूति के क्षणों में मनुष्य का सत्त्वप्रेरित मानस रसनिष्ठ आनंद का अनुभव करता है। आनंद के व्यापक स्वरूप में सौंदर्यानुभूति अंतर्निहित है। नाट्य का सौंदर्य साधारणीकरण में है, जिसे हमारे यहाँ विशेष महत्त्व मिला है। अभिनवगुप्त ने अपने गुरु भट्ट तौत द्वारा प्रस्तुत साधारणीकरण की अवधारणा को नया मोड़ दिया, जो उनकी महत्त्वपूर्ण देन है। 

आचार्य अभिनव गुप्त की अभिनवभारती टीका के अत:साक्ष्यों से यह ज्ञात होता है कि उन्होंने नाट्यशास्त्र की अनेक हस्तलिखित प्रतियों का अत्यंत श्रमसाध्य अध्ययन किया था और उन्हें एकाधिक पाठांतर भी उपलब्ध हुए थे। इस अनुपम कृति से नाट्यशास्त्र की महत्ता सुरक्षित रह सकी है। उन्होंने अत्यंत स्पष्टता तथा विद्वत्ता के साथ आचार्य भरतमुनि के विचारों को प्रतिपादित किया है। टीका के अध्ययन से ऐसा प्रतीत होता है कि अभिनवगुप्त के रूप में अभिनव भरत ही अवतरित हो गए हैं। इन दोनों टीका ग्रंथों की महिमा किसी भी मौलिक ग्रंथ से कम नहीं है। उनके द्वारा की गई एक और टीका की चर्चा मिलती है, काव्यकौतुकविवरण। काव्यकौतुक अभिनव के गुरु भट्टतौत की अनुपलब्ध प्रख्यात कृति है, जिस पर इनके विवरण का उल्लेख मिलता है, किंतु यह उपलब्ध नहीं है। 

वे अभिनव या नवीनतम तो हैं ही, गुप्तपाद यानि गोपन गति वाले भी हैं, विविध विषयों में उनकी विलक्षण गति को जान पाना आसान नहीं है। अभिनवगुप्त का समय दसवीं शताब्दी का उत्तरार्द्ध - ग्यारहवीं शताब्दी का पूर्वार्द्ध था। उनके अविस्मरणीय अवदान को सविनय नमन। (#अभिनवगुप्त_जयंती : 2 जून 2020) 


प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा 
आचार्य एवं विभागाध्यक्ष
हिंदी विभाग
कुलानुशासक
विक्रम विश्वविद्यालय
उज्जैन (मध्यप्रदेश)


Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट