पेज

20210505

नारी सशक्तीकरण और हमारा दायित्व - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Women's Empowerment and Our Responsibility - Prof. Shailendra kumar Sharma

नारी सशक्तीकरण के जरूरी है मूल्य प्रणाली में व्यापक बदलाव हो – प्रो. शर्मा 

महिला सशक्तीकरण पर केंद्रित राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी


सृजनधर्मियों की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महिला सशक्तीकरण और हमारा योगदान पर केंद्रित थी। संगोष्ठी की मुख्य अतिथि साहित्यकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई एवं विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कला संकायाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। आयोजन की विशिष्ट अतिथि डॉक्टर शिवा लोहारिया, जयपुर, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ हरेराम वाजपेयी, इंदौर, डॉक्टर मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर, डॉक्टर अनुसूया अग्रवाल, महासमुंद, छत्तीसगढ़, डॉ सुनीता मंडल, कोलकाता एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी थे। अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक प्राचार्य डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की। संगोष्ठी का सूत्र संयोजन डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर ने किया।

 



मुख्य अतिथि साहित्यकार और मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई ने कहा कि समाज के विकास के लिए पुरुष और स्त्री दोनों को अपनी मानसिकता बदलनी होगी। स्त्री को स्वयं सक्षम बनना होगा। स्त्री में  निर्णय लेने की अपार क्षमता है, इसके साथ उसे अधिकार भी मिलने चाहिए। 




विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि स्त्री सशक्तीकरण के लिए जरूरी है कि समाज की मूल्य प्रणाली में व्यापक परिवर्तन हो, जो पितृसत्तात्मक समाज से जुड़ी है। निरंतर जटिल होती आर्थिक और सामाजिक संरचना के बीच स्त्री को मुकम्मल पहचान मिलना चाहिए। यह तब ही संभव है जब सभी क्षेत्रों में सहभागिता के साथ स्त्री के पास निर्णय लेने का अधिकार हो। आज भी देश की करोड़ों स्त्रियां शिक्षा से वंचित हैं। नारी सशक्तीकरण के लिए जरूरी है कि स्त्री शिक्षित हो और उसे आर्थिक अधिकार भी मिलें। 














अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि भारतीय समाज में संस्कृति में प्राचीन काल से महिलाओं का विशिष्ट स्थान रहा है। प्राचीन ग्रंथों में नारी को देवी का स्थान प्राप्त है। इसलिए जरूरी है कि नारी सशक्तीकरण के साथ ही स्त्री स्वयं अपने महत्व को समझे।




मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर, छत्तीसगढ़ ने कहा कि बाल्यावस्था से लेकर वृद्धावस्था तक स्त्री ही अपनी विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से  पुरुष का आधार बनी रहती है। नारी सृजन शक्ति का प्रतीक है। वर्तमान में राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका को पहचानना आवश्यक है।


महासमुंद, छत्तीसगढ़ की डॉक्टर अनुसूया अग्रवाल ने कहा कि घर, परिवार और समाज में आज भी नारी की स्थिति दोयम दर्जे की है। भारतीय समाज आज भी महिला सशक्तीकरण के संबंध में चिंतित दिखाई देता है। स्त्री जन्म का औचित्य ही इसमें है कि वह संघर्ष के साथ अपना अस्तित्व बनाए रखे।


वरिष्ठ साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर ने कहा कि स्त्री और पुरुष दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के समान सहयोग से ही परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।


कोलकाता की डॉक्टर सुनीता मंडल ने कहा कि यह विडंबना है कि स्त्री पैदा नहीं होती है, वरन उसे बनाया जाता है। आज की नारी शिक्षित तो है पर जब निर्णय की बात आती है तो उसे अलिप्त रखा जाता है। 

प्रारंभ में संगोष्ठी का प्रास्ताविक वक्तव्य डॉक्टर गरिमा गर्ग, पंचकूला ने देते हुए नारी चेतना से जुड़े विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय संगोष्ठी की प्रस्तावना,  विषय वस्तु  और संस्था की गतिविधियों पर महासचिव श्री प्रभु चौधरी, उज्जैन ने विस्तार से प्रकाश डाला। सरस्वती वंदना डॉ सुनीता गर्ग ने की। अतिथि परिचय रूली सिंह, मुंबई ने एवं स्वागत भाषण डॉक्टर दिव्या पांडेय ने दिया।




संगोष्ठी का सफल संचालन रायपुर की डॉ पूर्णिमा कौशिक ने किया।  आभार अहमदनगर की डॉक्टर रोहिणी डाबरे ने व्यक्त किया।

संगोष्ठी में डॉक्टर उर्वशी उपाध्याय प्रयागराज, डॉ ममता झा, डॉ मनीषा सिंह, डॉ सुनीता यादव, डॉ रूली सिंह, मुंबई, डॉक्टर सुनीता गर्ग, डॉ पूर्णिमा कौशिक, रायपुर, डॉक्टर शैल चंद्रा, धमतरी, छत्तीसगढ़, डॉक्टर दीपिका सुतोदिया, गुवाहाटी, असम, श्रीमती आर्यमा सान्याल, वाराणसी, सरस्वती वर्मा, रीना सुरड़कर, डॉ बालासाहेब तोरस्कर, मुंबई, डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद, डॉक्टर लता जोशी, मुंबई, डॉक्टर रोहिणी डावरे, डॉ सुनीता चौहान आदि सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी एवं गणमान्य  जन उपस्थित थे। संगोष्ठी के साथ संस्था की आगामी कार्य योजना एवं गतिविधियों पर विचार किया गया। बैठक में आगामी सम्मेलन सितंबर माह में प्रयागराज में करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्मारिका प्रकाशन एवं अन्य गतिविधियों के लिए समिति गठन एवं अन्य निर्णय लिए गए।







20210303

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा विक्रम विश्वविद्यालय के कला संकायाध्यक्ष नियुक्त | Prof. Shailendrakumar Sharma Appointed as the Dean of Faculty of Arts, Vikram University

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा विक्रम विश्वविद्यालय के कला संकायाध्यक्ष नियुक्त | Prof. Shailendrakumar Sharma appointed as the Dean of Faculty of Arts, Vikram University


मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 के प्रावधान के अंतर्गत कुलाधिपति जी, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के द्वारा प्रो  शैलेंद्रकुमार शर्मा आचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष को दो वर्ष की कालावधि के लिए विक्रम विश्वविद्यालय के कला संकाय का संकायाध्यक्ष  नियुक्त किया गया है। कई ख्यात सम्मानों और पुरस्कारों से विभूषित डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा वर्तमान में हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन (म. प्र.) के हिन्दी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए अनेक नवाचारी प्रयत्न किए हैं, जिनमें विश्व हिंदी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र, मालवी लोक साहित्य एवं संस्कृति केन्द्र, भारतीय जनजातीय साहित्य एवं संस्कृति केन्द्र एवं भारतीय भक्तिकालीन साहित्य एवं संस्कृति केंद्र की संकल्पना एवं स्थापना प्रमुख हैं।

 



प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने भाषा और साहित्य से संबंधित उच्च स्तरीय पुस्तकों का लेखन और संपादन किया है। उनकी देश-विदेश की महत्वपूर्ण और श्रेष्ठतम संस्थाओं से सम्बद्धता रही है। उन्होंने देश-विदेशों में विभिन्न विषयों पर सैकड़ों व्याख्यान और परिसंवाद में शोध आलेख प्रस्तुति की है। उन्होंने पचहत्तर से अधिक विद्यार्थियों का शोध निर्देशन किया है। प्रो शर्मा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य शोध पत्रिका अक्षरवार्ता के प्रधान संपादक हैं। आलोचना, निबंध लेखन, संस्मरण, इंटरव्यू, नाटक तथा रंगमंच समीक्षा, लोकसाहित्य एवं संस्कृति विमर्श, राजभाषा हिन्दी एवं देवनागरी के विविध पक्षों पर लेखन एवं अनुसंधान कार्य में निरंतर सक्रिय प्रो शर्मा ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की शोध परियोजना के अन्तर्गत 'साठोत्तर हिन्दी नाट्‌य साहित्य और भारतीय रंगचेतना’ विषय पर अनुसंधान किया है।


उनकी मुख्य कृतियाँ हैं  : शब्दशक्ति संबंधी भारतीय और पाश्चात्य अवधारणा तथा हिन्दी काव्यशास्त्र, देवनागरी विमर्श, मालवा का लोकनाट्य माच और अन्य विधाएं, महात्मा गांधी : विचार और नवाचार, सिंहस्थ विमर्श, हिन्दी भाषा संरचना, मालवी भाषा और साहित्य आदि। इनके अलावा अवन्ती क्षेत्र और सिंहस्थ महापर्व, प्राचीन एवं मध्यकालीन काव्य, हिंदी कथा साहित्य, मालव सुत पं सूर्यनारायण व्यास, आचार्य नित्यानंद शास्त्री और रामकथा कल्पलता, हरियाले आंचल का हरकारा : हरीश निगम, हिन्दी नाटक, निबंध तथा स्फुट गद्य विधाएँ एवं मालवी भाषा साहित्य, मालव मनोहर, हिंदी भाषा और नैतिक मूल्य, हरीश प्रधान : व्यक्ति और काव्य, स्त्री विमर्श : परंपरा और नवीन आयाम, मालव मनोहर,  संत शिरोमणि सेनजी आदि प्रमुख ग्रंथों सहित निबंध, आलोचना, भाषाशास्त्र, मालवी भाषा, लोक संस्कृति आदि विषयों पर लगभग 40 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन प्रो शर्मा ने किया है। आपने केन्द्रीय हिन्दी संस्थान, आगरा का हिंदी-भीली अध्येता कोश तैयार करने में संपादक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।


उन्हें अर्पित किए गए महत्वपूर्ण एवं ख्यात सम्मान और पुरस्कार हैं :  आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी सम्मान, म. प्र. लेखक संघ, भोपाल द्वारा हिन्दी समीक्षा के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए डॉ. संतोष तिवारी समीक्षा सम्मान, राष्ट्रीय कबीर सम्मान, हिंदी सेवी सम्मान,  भाषा- भूषण सम्मान, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, आचार्य विनोबा भावे राष्ट्रीय नागरी लिपि सम्मान, अक्षर आदित्य सम्मान, आलोचना भूषण सम्मान, अभिनव शब्द शिल्पी अलंकरण, साहित्य सिंधु सम्मान, विश्व हिन्दी सेवा सम्मान आदि।


प्रो शर्मा ने थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस एवं म्यांमार की अकादमिक यात्राएँ की हैं। मॉरीशस में 2018 में आयोजित विश्व हिंदी सम्मेलन में उन्होंने शोध पत्र प्रस्तुति एवं आलेख वाचन सत्र की अध्यक्षता की। थाईलैंड में अक्टू 2013 और सिडनी - ऑस्ट्रेलिया में जून 2017 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में उन्होंने व्याख्यान दिए, इसके साथ उन्हें क्रमशः विश्व हिन्दी सेवा सम्मान तथा साहित्य सिंधु सम्मान से अलंकृत किया गया।


राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के संरक्षक आचार्य एवं अध्यक्ष हिन्दी अध्ययनशाला प्रो शैलेन्द्र कुमार शर्मा को विक्रम विश्वविद्यालय के कला संकायाध्यक्ष के पद पर कुलाधिपति के निर्देश पर की गई नियुक्ति पर राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के अध्यक्ष ब्रजकिशोर शर्मा, मार्गदर्शक हरेराम वाजपेयी, डॉ. हरिसिंह पाल, महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी, प्रवक्ता सुंदरलाल जोशी सूरज, डॉ. शिवा लोहारिया, गरिमा गर्ग, डॉ. रश्मि चौबे, जी.डी. अग्रवाल, अनिल ओझा, प्रभा बैरागी, प्रो. जगदीशचन्द्र शर्मा, प्रगति बैरागी आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।



















20210209

फणीश्वरनाथ रेणु का कथा – साहित्य : युग चेतना और ग्रामीण यथार्थ के परिप्रेक्ष्य में - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Phanishwarnath Renu's Fiction: In the Context of Era Consciousness and Rural Reality - Prof. Shailendra Kumar Sharma

रेणु जी ने कथा साहित्य के माध्यम से राष्ट्रीय रूपक तैयार किया  

ग्रामीण भारत के दर्शन होते हैं रेणु जी के कथा साहित्य में 

रेणु हैं आदिम गंध के रचनाकार

कथाकार फणीश्वरनाथ रेणु जन्म शतवार्षिकी पर  राष्ट्रीय संगोष्ठी


विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में प्रख्यात कथाकार फणीश्वरनाथ रेणु की जन्म शत वार्षिकी पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी फणीश्वरनाथ रेणु का कथा साहित्य : युग चेतना और ग्रामीण यथार्थ के परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित थी। आयोजन के प्रमुख वक्ता इग्नू, नई दिल्ली के समकुलपति और आलोचक  प्रो. सत्यकाम एवं मुंबई विश्वविद्यालय, मुंबई के  विभागाध्यक्ष एवं आलोचक प्रो करुणाशंकर उपाध्याय थे। अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने की। आयोजन की विशिष्ट अतिथि  प्रो. प्रेमलता चुटैल, प्रो. गीता नायक, डॉ नरेन्द्रसिंह फौजदार, मथुरा, डॉ जगदीशचंद्र शर्मा, डॉ सी एल शर्मा, रतलाम, डॉ प्रतिष्ठा शर्मा आदि ने  विचार व्यक्त किए। 




मुख्य अतिथि प्रो. सत्यकाम, नई दिल्ली ने कहा कि फणीश्वरनाथ रेणु ने कथा साहित्य के माध्यम से राष्ट्रीय रूपक तैयार किया है। संकट और संक्रांति के काल में उन्होंने जो रचा, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्हें भारतीय परंपरा के लेखक के रूप में देखा जाना चाहिए। उनका मैला आंचल भारतीय सांस्कृतिक चेतना का उपन्यास है। वे नव निर्माण और विकास की दृष्टि के बीच नया दृष्टिकोण विकसित कर रहे थे। उनका उपन्यास परती परिकथा पर्यावरणीय कथा के रूप में है।




लेखक एवं आलोचक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि फणीश्वरनाथ रेणु के कथा साहित्य में युग चेतना के साथ अपनी जमीन पर खड़े ग्रामीण भारत के दर्शन होते हैं। उनके द्वारा चित्रित गांव, लोक समुदाय और संस्कृति जीवंतता  लिए हुए हैं। उनका परती परिकथा कोसी बांध निर्माण की पृष्ठभूमि में लिखा गया उपन्यास है, जो एक साथ पर्यावरणीय, सामाजिक और प्रेम संबंधों से जुड़े मुद्दों की ओर ध्यान खींचता है। उनकी कहानी पहलवान की ढोलक महामारी के बीच मृत्यु का साक्षात्कार करते लोगों में संजीवनी का काम करती है। 







आलोचक प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय, मुम्बई ने कहा कि रेणु आदिम गंध के रचनाकार हैं। उनका मैला आंचल जयशंकर प्रसाद के उपन्यास कंकाल की परंपरा का उपन्यास है। ग्रामीण अंचल को समुचित सम्मान दिलाने का कार्य रेणु जी ने किया। उन्होंने निरंतर संघर्षरत मनुष्य जीवन के बहुस्तरीय आयामों को प्रकट किया। वे ग्राम्यांचल का चित्र ही नहीं खींचते, उसमें परिवर्तन की बात भी करते हैं। रेणु जी ने कहा है कि वे प्रेम की खेती करना चाहते हैं। वर्तमान में यांत्रिकी प्रभुत्व के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है, उसका प्रभाव मन पर भी पड़ रहा है। रेणु जी उसे सरस बनाना चाहते हैं।

प्रो. प्रेमलता चुटैल ने कहा कि रेणु जी ने अंचल को  नायक बनाया। उनकी कहानी पहलवान की ढोलक तत्कालीन दौर में हैजे की महामारी के मध्य प्रेरणा जगाने का काम करती है, जो आज भी प्रासंगिक है। कहानी में ढोलक की थाप महामारी से जूझ रहे लोगों को प्रेरणा देती है।




प्रो. गीता नायक ने कहा कि ग्रामीण आत्मीयता की गंध रेणु के साहित्य में मिलती है। उनका उपन्यास परती परिकथा रंगमंच की तरह दिखाई देता है। वह स्वतंत्रता के बाद के यथार्थ का जीवंत दस्तावेज है। संयुक्त परिवार की सुंदरता उनके उपन्यासों में मिलती है।



डॉ जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि रेणु जी ने कथा साहित्य में एक नई जमीन तोड़ी। आलोचकों ने उनकी उपलब्धि और सीमाओं दोनों को प्रकट किया, किंतु यह जरूरी है कि उन्हें समग्रता से देखा जाए।  


डॉ सी एल शर्मा, रतलाम ने कहा कि रेणु जी के उपन्यासों में प्रस्तुत चरित्र हमारे आसपास के समाज में आज भी मौजूद हैं। वे हमें वास्तविक जीवन से  भटकाते नहीं हैं। 


डॉ प्रतिष्ठा शर्मा ने कहा कि कृषि हमारे देश की रीढ़ है। रेणु जी ने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक सभी क्षेत्रों में गांव की विशिष्ट भूमिका को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।




आयोजन में प्रोफेसर सत्यकाम  का सारस्वत सम्मान प्रो शर्मा, प्रो चुटैल, प्रो नायक आदि द्वारा उन्हें शॉल, साहित्य एवं स्मृति चिन्ह अर्पित कर किया गया।



आयोजन के पूर्व गांधी अध्ययन केंद्र में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। साथ ही महात्मा गांधी चित्र दीर्घा और ग्रंथालय एवं विश्व हिंदी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र का अवलोकन अतिथियों ने किया।




इस अवसर पर प्रोफेसर हरिमोहन बुधौलिया, श्रीमती हीना तिवारी आदि सहित अनेक शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।




संचालन डॉ जगदीश चंद्र शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ नरेन्द्रसिंह फौजदार एवं डॉ गीता नायक ने किया।













रेणु जन्मशती प्रसंग

20210207

फणीश्वरनाथ रेणु का कथा - साहित्य और लोक संपृक्ति - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा | Phanishwarnath Renu's Association with Folk in Fiction - Prof. Shailendra Kumar Sharma

फणीश्वरनाथ रेणु का कथा - साहित्य और लोक संपृक्ति

कथा साहित्य के क्षेत्र में नवीन परंपरा स्थापित की रेणु ने

फणीश्वरनाथ रेणु जन्मशती पर राष्ट्रीय परिसंवाद


विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में प्रख्यात कथाकार फणीश्वरनाथ रेणु की जन्म शताब्दी आयोजन के शुभारंभ पर राष्ट्रीय परिसंवाद का आयोजन हुआ। यह परिसंवाद फणीश्वरनाथ रेणु का कथा - साहित्य और लोक संपृक्ति पर केंद्रित था। आयोजन के प्रमुख वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार और भाषाविद् प्रो. त्रिभुवननाथ शुक्ल थे। अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि  प्रो. प्रेमलता चुटैल, प्रो. गीता नायक, डॉक्टर जगदीशचंद्र शर्मा, डॉ प्रतिष्ठा शर्मा आदि ने  विचार व्यक्त किए। 



मुख्य अतिथि प्रो. त्रिभुवननाथ शुक्ल,  जबलपुर ने कहा कि फणीश्वरनाथ रेणु ने कथा साहित्य के क्षेत्र में स्वयं एक नवीन परंपरा स्थापित की। लोक जीवन के साथ गहरे साहचर्य के कारण उनके यहां अनेक देशज मुहावरे मिलते हैं। वे हिंदी के आंचलिक उपन्यासों के मानक हैं। रेणु के साहित्य में उनके समय की महामारी की पीड़ा और संघर्ष को देखा जा सकता है। उन्होंने देश एवं  समाज की स्थिति को भारतीय लोक तत्व के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया। भौतिक संसाधन से ही कोई बड़ा नहीं होता, इसे रेणु जी ने अपने जीवन और कृतित्व के माध्यम से स्थापित किया। साहित्य में सहज भाषा का प्रयोग किस प्रकार किया जा सकता है, यह रेणु जी सिखाते हैं। उन्होंने मौलिक औपन्यासिक शिल्प और भाषा के माध्यम से कथा साहित्य को नवीन दिशा दी।



लेखक एवं आलोचक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि फणीश्वरनाथ रेणु के उपन्यासों और कहानियों में भारत की आत्मा प्रकट हुई है। लोक मानस और संस्कृति के प्रति गहरी संपृक्ति उनके साहित्य को वैशिष्ट्य देती है। उन्होंने  भारतीय  उपन्यास का मौलिक ढांचा तैयार किया। उनकी रचनाओं में अंचल के रूप, रस, बिम्ब, गंध और शब्द का जीवन्त रूपायन हुआ है। स्वाधीनता संग्राम और स्वातंत्र्योत्तर भारत की अनेकविध छबियों के साथ सामाजिक परिवर्तन का स्वर उनके साहित्य में मिलता है।



प्रो. प्रेमलता चुटैल ने कहा कि रेणु जी के उपन्यास अंचल की सोंधी मिट्टी की गंध के लिए जाने जाते हैं। कोविड महामारी के दौर में रेणु जी का मैला आंचल याद आता है। गांव के जन का निश्छल और सहज मन उनकी मारे गए गुलफाम उर्फ तीसरी कसम जैसी चर्चित कहानी के माध्यम से जीवंत होता है।  




आयोजन में प्रोफेसर शुक्ल का सारस्वत सम्मान प्रो शर्मा, प्रो चुटैल, प्रो नायक, डॉ जगदीश शर्मा एवं डॉ शर्मा द्वारा उन्हें शॉल एवं स्मृति चिन्ह अर्पित कर किया गया।




इस अवसर पर प्रोफेसर हरिमोहन बुधौलिया, डॉक्टर ज्ञानचंद खिमेसरा, मंदसौर आदि सहित अनेक शिक्षक शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।


संचालन डॉक्टर जगदीश चंद्र शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ गुणमाला खिमेसरा, मंदसौर ने किया।





















रेणु जन्मशती प्रसङ्ग


20210131

महात्मा गांधी का वैज्ञानिक दृष्टिकोण | Scientific view of Mahatma Gandhi | Shailendra Kumar Sharma

वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आजीवन प्रयोग किए महात्मा गांधी ने

महात्मा गांधी और उनका वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर विशिष्ट व्याख्यान 

मौन श्रद्धांजलि, गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और उनके प्रिय भजनों की प्रस्तुति

विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में गांधी जी की पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी और उनका वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर केंद्रित विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन 30 जनवरी को प्रातः काल महाराजा जीवाजीराव पुस्तकालय परिसर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पुस्तकालय प्रांगण में सामूहिक मौन धारण किया गया एवं गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।  

विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के पूर्व कुलपति प्रो आर सी वर्मा थे। अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने की। आयोजन के विशिष्ट अतिथि प्रभारी कुलसचिव डा डी के बग्गा थे। विषय प्रवर्तन कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने किया।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो आर सी वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांधीजी ने आजीवन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ प्रयोग किए। उनकी पुस्तकें हिंद स्वराज और आत्मकथा सत्य के प्रयोग यह सिद्ध करती हैं कि उनके विचार और समस्त प्रयोग वैज्ञानिक तर्क दृष्टि पर आधारित हैं। गांधी जी को कुछ लोगों ने विज्ञान और टेक्नोलॉजी विरोधी कहा, जो उचित नहीं है। गांधीजी चाहते थे कि विज्ञान के लाभ गांव-गांव तक पहुंचे। वे शस्त्रों की अंधी दौड़ के विरुद्ध थे। उन्होंने जे सी बोस, पी सी रे जैसे अनेक वैज्ञानिकों के साथ विज्ञान को जन जन तक पहुंचाने की योजना बनाई थी। गांधीजी चाहते थे कि वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए जीव हत्या न की जाए। वे विज्ञान के क्षेत्र में भौतिकवादी दृष्टिकोण के विरुद्ध थे। उनकी मान्यता है कि विज्ञान का उपयोग  धनोपार्जन के लिए न किया जाए।







अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि विज्ञान और अध्यात्म के बिना समाज का उद्धार संभव नहीं है। गांधी जी ने गीता को विशेष महत्व दिया था। उनकी दृष्टि में गीता सामाजिक वैमनस्य और अशांति से मुक्ति दिला सकती है। वर्तमान में प्रकृति और संस्कृति में असंतुलन से हम विकास के बजाय विनाश की ओर जा रहे हैं।  आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बहुत बड़ी चुनौती के रूप में आ रही है। ऐसे में महात्मा गांधी का चिंतन हमें नया प्रकाश देता है। टेक्नोलॉजी से कई प्रकार की जटिलताएं आज पैदा हो रही हैं। उनका ईमानदार प्रयोग आवश्यक है। विक्रम विश्वविद्यालय का इस वर्ष का ध्येय सूत्र नशा मुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति समर्पण रहेगा। 



अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर पांडेय




प्रभारी कुलसचिव डॉ डी के बग्गा ने कहा कि गांधी जी ने जन समुदाय के मध्य कुष्ठ रोग एवं अन्य बीमारियों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का कार्य किया। उनका दुनिया के प्रसिद्ध वैज्ञानिकों के साथ संपर्क था।




विषय प्रवर्तन करते हुए कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि गांधी जी ने विज्ञान और टेक्नोलॉजी के साथ नैतिकता एवं पर्यावरणीय दृष्टिकोण को आवश्यक माना। विज्ञान के क्षेत्र की मानक पत्रिका नेचर ने महात्मा गांधी के 150 वें जयंती वर्ष पर महात्मा गांधी एंड सस्टेनेबल साइंस शीर्षक संपादकीय प्रकाशित किया, जिसमें विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में गांधी जी द्वारा किए गए नवाचारी प्रयत्नों का उल्लेख किया गया है। अल्बर्ट आइंस्टाइन पर गांधीजी का गहरा प्रभाव था। गांधीजी प्रकृति और मानव समुदाय पर उद्योगों और अंध भौतिकता से पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर चिंतित थे, जो आज अधिक प्रासंगिक हो गया है। परमाण्विक विभीषिका के दौर में उन्होंने मनुष्य और प्रकृति के मध्य आपसदारी की राह पर लौटने की जरूरत बताई।





आयोजन में पूर्व कुलपति बालकृष्ण  शर्मा, पूर्व कुलपति प्रो पी के वर्मा आदि सहित प्रबुद्ध जनों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

अतिथि स्वागत प्रो एच पी सिंह, गांधी अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा, अधिष्ठाता, विद्यार्थी कल्याण डॉ आर के अहिरवार, प्रो प्रेमलता चुटैल, प्रो अचला शर्मा, प्रो गीता नायक, डॉ सोनल सिंह, डॉ ज्योति उपाध्याय, डॉ एस के मिश्रा, डॉ डी डी बेदिया, डॉ धर्मेंद्र मेहता, डॉ संदीप तिवारी, डॉ एस के जैन, डॉ कनिया मेड़ा, डॉ चित्रलेखा कड़ेल, डॉ प्रीति पांडेय, कौशिक बोस,  श्री कमल जोशी, श्री योगेश शर्मा, श्री जसवंतसिंह आंजना, श्री लक्ष्मीनारायण संगत आदि ने किया। 




इस अवसर पर पूर्व कुलपति प्रो आर सी वर्मा को अतिथियों द्वारा शॉल एवं पुस्तक अर्पित कर उनका सारस्वत सम्मान किया गया।




विक्रम विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार से सहायता प्राप्त संस्था जाग्रति नशामुक्ति केंद्र द्वारा नशा विरोधी प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का संयोजन श्री चिंतामणि गेहलोत, विनोद कुमार दवे, श्री राजेश ठाकुर एवं श्री देवीलाल मालवीय ने किया। सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत कलापथक के कलाकारों द्वारा महात्मा गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेणे कहिए एवं रघुपति राघव राजाराम और नशा विरोधी गीत की प्रस्तुति की गई। दल के कलाकारों में शैलेंद्र भट्ट, सुश्री अर्चना मिश्रा, सुरेश कुमार, नरेंद्रसिंह कुशवाह, राजेश जूनवाल, सुनील फरण, अनिल धवन, आनंद मिश्रा आदि शामिल थे। कार्यक्रम में कुलपति प्रो पांडेय ने उपस्थित जनों को नशा निषेध की शपथ दिलाई। 


आयोजन का संचालन हिंदी विभाग के डॉ जगदीश चंद्र शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन छात्र कल्याण विभाग के अधिष्ठाता डॉ आर के अहिरवार ने किया।







महात्मा गांधी पुण्यतिथि


Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट