पेज

20130324

श्लोक से लोक तक की आस्था के केन्द्र श्री महाकाल - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

श्लोक से लोक तक की आस्था के केन्द्र श्री महाकालेश्वर

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

अवन्तिकायां विहितावतारं मुक्तिप्रदानाय च सज्जनानाम्‌।
अकालमृत्योः परिरक्षणार्थं वंदे महाकालमहासुरेशम्‌॥

सुपूज्य और दिव्य द्वादश ज्योतिर्लिंगों में परिगणित उज्जयिनी के महाकालेश्वर की महिमा अनुपम है। सज्जनों को मुक्ति प्रदान करने के लिए ही उन्होंने अवंतिका में अवतार धारण किया है। ऐसे महाकाल महादेव की उपासना न जाने किस सुदूर अतीत से अकालमृत्यु से बचने और मंगलमय जीवन के लिए की जा रही है। शिव काल से परे हैं, वे साक्षात्‌ कालस्वरूप हैं। उन्होंने स्वेच्छा से पुरुषरूप धारण किया है, वे त्रिगुणस्वरूप और प्रकृति रूप हैं। समस्त योगीजन समाधि अवस्था में अपने हृदयकमल के कोश में उनके ज्योतिर्मय स्वरूप का दर्शन करते हैं। ऐसे परमात्मारूप महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से ही अनादि उज्जयिनी को पूरे ब्रह्माण्ड में विलक्षण महिमा मिली है। पुरातन मान्यता के अनुसार समूचे ब्रह्माण्ड में तीन लिंगों को सर्वोपरि स्थान मिला है – आकाश में तारकलिंग, पाताल में हाटकेश्वर और इस धरा पर महाकालेश्वर।

आकाशे तारकं लिंगं पाताले हाटकेश्वरम्‌।
भूलोके च महाकालोः लिंगत्रय नमोस्तुते॥


शिव की उपासना अनेक सहस्राब्दियों से चली आ रही है और शिवलिंग के रूप में उनका अर्चन संभवतः सबसे प्राचीन प्रतीकार्चन है। वैदिक वाङ्‌मय के रुद्र ही परवर्ती काल में शिव के रूप में लोक में बहुपूजित हुए, जो अघोर और फिर घोर से भी घोरतर रूप लिए थे। उज्जयिनी अति प्राचीनकाल से शैव धर्म से जुड़े दर्शन, पूजा पद्धति और कला परम्पराओं का मुख्य केंद्र है। शिवाराधना के विकास में इस क्षेत्र का विशिष्ट योगदान रहा है। शैव धर्म की चार धाराओं- शैव, कालानल, पाशुपत और कापालिक का संबंध न्यूनाधिक रूप से उज्जैन, औंकारेश्वर, मंदसौर सहित समूचे मालवांचल से रहा है। पुराणों से संकेत मिलता है कि उज्जयिनी पाशुपतों की पीठ स्थली रही है। शंकर दिग्विजय के अनुसार यहाँ कापालिक निवास करते थे। महाकालेश्वर यहाँ के अधिष्ठाता देवता है। इनका ज्योतिर्लिंग दक्षिणामूर्ति होने से तांत्रिक साधना का दृष्टि से विशेष महत्त्व रखता है। उज्जैन के महाकाल वन का तांत्रिक परम्परा में विशिष्ट स्थान है। स्कंदपुराण के अवंती खंड के अनुसार साधना की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी पाँच स्थल - श्मशान, ऊषर, क्षेत्र, पीठ और वन यहीं हैं-

श्मशानमूषरं क्षेत्रं पीठं तु वनमेव च।
पंचैकत्र न लभ्यंते महाकालवनाद्‌ ऋते।। 

प्राचीन मान्यता के अनुसार उज्जयिनी यदि नाभिदेश है तो भूलोक के प्रधान पूज्यदेव महाकाल हैं। सृष्टि का प्रारंभ उन्हीं से हुआ है-कालचक्रप्रवर्तको महाकालः प्रतापनः। वस्तुतः भगवान्‌ महाकाल की प्रतिष्ठा और महिमा से जुड़े अनेक पौराणिक आख्यान मिलते हैं, जिनसे अवंती क्षेत्र में शैव धर्म की प्राचीनता के संकेत मिलते हैं। शिवपुराण के अनुसार सतयुग और त्रेतायुग के संधिकाल के प्रथम चरण में हिरण्याक्ष की विजययात्रा के दौरान उसके सेनापति दूषण ने अवंती पर आक्रमण किया था। उस समय उज्जयिनी में राजा चंद्रसेन का राज्य था। पुरोहितों ने इस संकट के निवारण के लिए भगवान्‌ शिव की पूजा की सलाह दी, तब राजा ने स्वयं शिवजी का चमत्कार एक ग्वाले की शिवभक्ति में प्रत्यक्ष देखा। ग्वाला जहाँ शिव की पूजा किया करता था। वहीं वैदिक अनुष्ठानपूर्वक शिव मंदिर की स्थापना करवाई गई। संभवतः वही भगवान महाकालेश्वर के देवालय की स्थापना का प्रथम दिन था। विभिन्न युगों की गणना के आधार पर यह समय आज से करीब ग्यारह हजार नौ सौ वर्ष पहले अनुमानित है। त्रेता युग में सम्राट भरत के मित्र चित्ररथ अवंती क्षेत्र के राजा थे। भरत की चौथी पीढ़ी के राजा रन्तिदेव ने इस क्षेत्र को अपने राज्य में मिला लिया था। त्रेतायुग में अयोध्या में राजा हरिश्चंद्र हुए थे, उनसे कुछ ही समय बाद महेश्वर (माहिष्मती) में हैहयवंश में कार्तवीर्य अर्जुन जैसे प्रतापी सम्राट हुए, जो सहस्रबाहु के नाम से प्रख्यात हैं। उन्हीं के सौ पुत्रों में से एक आवंत या अवंती थे, जिनके नाम पर यह क्षेत्र अवंती कहलाया। त्रेतायुग में राम के पुत्र कुश स्वयं महाकालेश्वर के दर्शन के लिए अवंतिका में आए थे।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार स्वयं भगवान राम और श्रीकृष्ण ने महाकालेश्वर का पूजन किया था। महाकालेश्वर की प्राचीनता को लेकर अनेक पौराणिक, साहित्यिक और अभिलेखीय प्रमाण उपलब्ध हैं, जो शैव साधना की दृष्टि से इस स्थान की महिमाशाली स्थिति को रेखांकित करते हैं। महाकाल स्वयं प्रलय के देवता हैं, इसीलिए उज्जयिनी सभी कल्पों तथा युगों में अस्तित्वमान रहने से 'प्रतिकल्पा' संज्ञा को चरितार्थ करती है। पुराणों का संकेत साफ है-'प्रलयो न बाधते तत्र महाकालपुरी।' मृत्युलोक के स्वामी महाकाल इस नगरी के तब से ही अधिष्ठाता हैं, जब सृष्टि का समारंभ हुआ था। उपनिषदों एवं आरण्यक ग्रंथों से लेकर वराहपुराण तक आते-आते इस बात का स्पष्ट संकेत मिलता है कि महाकाल तो स्वयं भारतभूमि के नाभिदेश में स्थित हैं- 'नाभिदेशे महाकालस्तन्नाम्ना तत्र वै हरः... इत्येषा तैत्तिरीश्रुतिः।' महाकाल का उल्लेख ब्रह्माण्ड पुराण, अग्नि पुराण, शिव पुराण, गरुड़ पुराण, भागवत पुराण, लिंग पुराण, वामन पुराण, विष्णु पुराण, मत्स्य पुराण, भविष्य पुराण, सौर पुराण सहित अनेकानेक पुराण एवं प्राचीन ग्रंथों में सहज ही उपलब्ध है। भागवत में उल्लेख मिलता है कि श्रीकृष्ण, बलराम और मित्र सुदामा ने गुरु सांदीपनि के आश्रम में विद्याध्ययन पूर्ण कर स्वघर लौटने के पूर्व गुरुवर के साथ जाकर महाकाल की भक्ति भावनापूर्वक पूजा की थी। उन्होंने एक सहस्र कमल शिव जी के सहस्रनाम के साथ अर्पित किए थे।

पुराणकाल में तो महाकालेश्वर की विशिष्ट महिमा थी ही, पुराणोत्तर दौर में प्रद्योत युग, मौर्य युग, शुंग, शक, विक्रमादित्य, सातवाहन, गुप्त, हर्षवर्धन, प्रतिहार, परमार, मुगल, मराठा आदि सभी युगों में वे बहुलोकपूजित रहे हैं। विभिन्न युगों में उज्जैन में विकसित कला परम्पराएँ भी शैव धर्म के विविधायामी रूपांतर का साक्ष्य देती आ रही हैं।

सम्राट विक्रमादित्य की रत्नसभा के अनूठे रत्न महाकवि कालिदास (प्रथम शती ई. पू.) ने अपनी प्रिय नगरी उज्जयिनी और महाकालेश्वर मंदिर का वर्णन बड़े मनोयोग से किया है। उनके समय में यह पुण्य नगरी अपार वैभव और सौंदर्य से मंडित थी। इसीलिए वे इसे स्वर्ग के कांतिमान खण्ड के रूप में वर्णित करते हैं- 'दिवः कान्तिमत्खण्डमेकम्‌'। कालिदास के पूर्व भी यह नगरी अवन्ती या मालव क्षेत्र की प्रमुख नगरी थी ही, इसे राजधानी होने का भी गौरव मिला हुआ था। यहाँ सम्राट का राजप्रसाद भी था, कालिदास ने जिसके महाकाल मंदिर से अधिक दूर न होने का केत किया है-'असौ महाकालनिकेतनस्य वसन्नदूरे किल चन्द्रमौलेः।' उज्जयिनी के राजभवन और हवेलियाँ भी दर्शनीय थे, जिनके आकर्षण में मेघदूत को बाँधने की कोशिश स्वयं कालिदास ने की है।

कालिदास के समय उज्जयिनी शैव मत का प्रमुख केन्द्र थी। महाकवि के समय से शताब्दियों पूर्व से ही इस नगरी में शैव साधना एवं शैव स्थलों की प्रतिष्ठा रही थी। इसके अनेक पौराणिक साहित्यिक, पुरातात्त्विक एवं मुद्रा शास्त्रीय प्रमाण उपलब्ध हैं। महाकवि कालिदास ने भी शैव मत की प्रतिष्ठा की दृष्टि से उज्जयिनी की महिमा को विशेष तौर पर रेखांकित किया है। उनके काल में उज्जयिनी की पहचान महाकाल मंदिर और क्षिप्रा से जुड़ी हुई थी। लोकमानस में महाकाल की प्रतिष्ठा तीनों लोकों के स्वामी और चण्डी के पति के रूप में थी। उनका मंदिर घने वृक्षों से भरे-पूरे महाकाल वन के मध्य में था। वनवृक्षों की शाखाएँ बहुत ऊपर तक फैली हुई थीं। मंदिर का परिसर सुविस्तृत था, जिसके आँगन में सायंकाल को महाकाल के अर्चन एवं संध्या आरती के बाद नृत्यांगनाओं का नर्तन होता था। उन नर्तकियों के पैरों की चाल के साथ-साथ मेखलाएँ झनझनाती रहती थीं। उनके हाथों में रत्न जटित हत्थियों वाले चँवर रहते थे। नर्तन-पूजन के पश्चात्‌ वे मंदिर से बाहर निकलती थीं। मंदिर के अन्दर शिव-कथा पर आधारित प्रस्तर-शिल्प भी थे। महाकाल मंदिर में साँझ की पूजा विशेष महिमाशाली मानी जाती थी। उस समय नगाड़ों के गर्जन के साथ महाकालेश्वर की सुहावनी आरती होती थी। उधर महाकाल वन के वृक्षों पर साँझ की लालिमा छा जाती थी, जो श्रद्धालुओं को मोहित कर देती थी। कवीन्द्र रवीन्द्र ने भी इस प्रसंग को रेखांकित किया है -

महाकाल मंदिरेर माझे
तखन गंभीरमन्द्रे संध्यारति बाजे।

महाकाल की पूजा पद्धति का संकेत भी कालिदास साहित्य में प्राप्त होता है। रघुवंश तथा मेघदूत से ज्ञात होता है कि महाकाल के सुप्रसिद्ध मंदिर में पशुपति शिव की प्रतिमा रही। सन्ध्या के समय उस पर धूप आ जाने से ऐसा लगता है, मानो उसने गजचर्म पहन लिया हो। इससे स्पष्ट है कि मंदिर में महाकाल की प्रतिमा इस प्रकार प्रतिष्ठित थी कि उस पर संध्या का प्रकाश पड़ता था। या तो वह प्रतिमा बिना छत के देवायतन में प्रतिष्ठित थी अथवा पूर्व-पश्चिम में गर्भगृह ऐसा खुला था कि भीतर की प्रतिमा पर पूरी धूप आती रहती थी। मेघदूत का एक श्लोक तो स्पष्ट संकेत करता है कि महाकाल मंदिर में नृत्य करते शिवजी की अनेक भुजाओं वाली प्रमुख प्रतिमा थी जिसे भवानी भक्तिपूर्वक निहार रही हैं।

पश्चादुच्चैर्भुजतरुवनं मण्डलेनाभिलीनः
सान्ध्यं तेजः प्रतिनवजपापुष्परक्तं दधानः।
नृत्यारम्भे हर पशुपतेरार्द्रनागाजिनेह्णवां
शान्तोद्वेगस्तिमितनयनं दृष्टभक्तिर्भवान्या॥

कालिदास नीललोहित से मुक्ति की कामना भी करते हैं। स्कन्दपुराण के अवन्तीखण्ड (अध्याय-2) में नीललोहित का स्वरूप दिया गया है। तदनुसार उसमें पाँच मुख, दस भुजा, पन्द्रह आँखें, साँप की यज्ञोपवीत, जटा, चन्द्र और सिंहचर्म का वस्त्र बताया गया है। यह रूप महाकाल पशुपति का नहीं है। नटराज शिव की उज्जैन से प्राप्त आठवीं शती की एक खण्डित प्रतिमा ग्वालियर में सुरक्षित है। किन्तु कालिदास से यह प्रतिमा सदियों बाद बनी। कालिदास के युग में महाकाल की प्रतिमा रही, यह बृहत्कथा के संस्करणों से भी पुष्ट होता है। उसमें एक व्यक्ति महाकाल प्रतिमा के घुटनों पर सिर टिकाकर रोता है। उसमें महाकाल के हाथों की भी चर्चा है। मेघदूत में शिवलिंग का संकेत तो नहीं मिलता है, किन्तु ज्योतिर्लिंग अवश्य रहा होगा। पौराणिक परम्परा इस बात की बार-बार पुष्टि करती है।

गुप्त और हर्षवर्धन युग (335-848 ई.) में भी उज्जयिनी शैव मत का एक प्रमुख केन्द्र रही। महाकवि वाण ने अपनी कादम्बरी में उल्लेख किया है कि यहाँ महाकाल स्वरूप में शिव की आराधना की जाती है। यहाँ शंकर के अनेक मंदिर थे तथा प्रमुख चौराहों पर भी शिवलिंग स्थापित थे। यहाँ पर आधिपत्य रखने वाले यशोवर्धन, हर्षवर्धन जैसे अनेक शासक शिव के उपासक थे। हर्षवर्धन किसी भी सैनिक अभियान के पूर्व नील-लोहित शिव की पूजा किया करता था। यहाँ शिव के साथ शक्ति की पूजा का भी समन्वय रहा है।गुप्त युग में महाकाल मंदिर अत्यंत प्रशस्त और भव्य था। इसके अतिरिक्त अन्य देवी-देवताओं के अनेक मंदिर थे। मंदिरों पर स्वर्ण-कलश और श्वेत पताकाएँ सुशोभित होती थीं। उनकी भित्तियों पर देव, दानव, सिद्ध, गंधर्व आदि के चित्र बने थे। यहाँ शिव की कामदेव के रूप में भी पूजा की जाती थी।

महाकाल वन जहाँ देश - दुनिया के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता रहा है, वहीं एक दौर में यहाँ आक्रांताओं ने हमले भी किए। एक मान्यता के अनुसार 1235 ई. के आसपास आततायी शासकों ने मालवा पर हमले के दौरान उज्जैन को भी लूटा था। महाकाल मंदिर में भी लूट-खसोट की गई थी, जिसका उल्लेख अंग्रेज इतिहासकारों ने किया है। परवर्ती काल में यह मंदिर हिन्दू-मुस्लिम सद्‌भावना का केन्द्र भी बना। अनेक मुस्लिम शासकों ने महाकाल सहित उज्जैन के विभिन्न मंदिरों में पूजा-प्रबंध के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई। शाहजहाँ, औरंगजेब आदि सहित एक दर्जन मुस्लिम शासकों की ऐसी सनदें मिली हैं जिनसे ज्ञात होता है कि उन्होंने अपने शाही खजाने से महाकालेश्वर एवं अन्य मंदिरों में पूजा आदि के लिए मदद की थी। देश के प्रमुख मंदिरों में नंदादीप (निरंतर प्रदीप्त रहने वाला दीपक) लगाने की प्रथा रही है। उसका निर्वाह महाकाल मंदिर में आज भी हो रहा है। इस परम्परा के निमित्त 1061 हिजरी में सम्राट आलमगीर ने चार सेर घी रोजाना जलाने के लिए एक सनद के माध्यम से राशि स्वीकृत की थी, जो धार्मिक सहिष्णुता का नायाब उदाहरण है।

मराठाकाल में राणोजी शिंदे के दीवान रामचंद्र बाबा सुखटनकर (या शेणवी) ने उज्जयिनी में धार्मिक पुनर्जागरण किया। उन्होंने 1730 के आसपास महाकाल के वर्तमान मंदिर, रामघाट, पिशाचमुक्तेश्वर घाट आदि का निर्माण करवाया था। इसी प्रकार पुराणोक्त चौरासी महादेव तथा अनेक शाक्त तथा शैव स्थलों के जीर्णोद्धार या नवीन प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य भी मराठाकाल में संभव हुआ। सिंधिया राज्य के संस्थापक महादजी ने महाकाल मंदिर और उसके पुजारी वर्ग का आस्थापूर्वक पोषण किया। भोज, ग्वालियर, होल्कर राज्य के राजवंशियों की ओर से महाकालेश्वर के पूजन आदि के लिए निरंतर सहायता प्राप्त होती रही थी।

वर्तमान महाकालेश्वर मंदिर एवं परिसर सुविस्तृत, विशाल और अलग-अलग युगों की कला संपदा को सहेजे हुए है। महाकाल के दक्षिण मूर्ति शिवलिंग की विस्तीर्ण रजत निर्मित जलाधारी अत्यंत कलामय और नागवेष्टित निर्मित हुई है। शिवजी के सम्मुख नंदी की पाषाणमूर्ति धातुपत्रवेष्टित विशाल प्रतिमा है। गर्भगृह में पश्चिम की ओर गणेश जी, उत्तर की ओर भगवती पार्वती और पूर्व में कार्तिकेय की प्रतिमा स्थापित है। मंदिर में निरंतर दो नंदादीप तेल एवं घी के प्रज्वलित रहते हैं। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के लिए पुरातन गलियारे के साथ ही अब विशाल सभागारयुक्त गलियारे बन गए हैं, जहाँ एक साथ सैकड़ों लोग दर्शन-आरती का आनंद ले सकते हैं महाकालेश्वर के ठीक ऊपरी भाग में ओंकारेश्वर की प्रतिमा है तथा सबसे ऊपरी तल पर नागचन्द्रेश्वर की। नागचंद्रेश्वर के दर्शन वर्ष में एक बार नागपंचमी के दिन ही होते हैं।

महाकालेश्वर परिसर में वृद्धकालेश्वर (जूना महाकाल), राम-जानकी, अवंतिका देवी, अनादिकल्पेश्वर, साक्षी गोपाल, स्वप्नेश्वर महादेव, सिद्धि विनायक, हनुमान, लक्ष्मी-नृसिंह आदि सहित अनेक लघु मंदिर भी हैं। मंदिर परिसर में विशाल कोटितीर्थ कुंड भी है, पुराणों में जिसकी बड़ी महिमा वर्णित है। कुंड के चहुँ ओर अनेक शिव मंदरियाँ हैं, जो इस स्थान के कला वैभव को बहुगुणित करती आ रही हैं। महाकाल मंदिर तथा आसपास के अन्य मंदिरों में परमारकालीन शिलालेख लगे हुए है जिनमें राजाभोज, उदयादित्य, नरवर्मन, निर्वाणनारायण, विज्जसिंह आदि राजाओं के भग्न शिलालेख प्राप्त हुए है। एक शिलालेख गुजरात के राजा सिद्धराज जयसिंह का भी है, जिसने उज्जयिनी पर विजय प्राप्त करने के पश्चात्‌ जिसकी स्मृति में यह अभिलेख मंदिर में लगवाया होगा। परमारकाल की अनेक कलात्मक प्रतिमाएँ मंदिर क्षेत्र में स्थान-स्थान पर लगी हुई हैं, जिनमें शेषशायी विष्णु, गरुडासीन विष्णु, उमा-महेश, कल्याण सुंदर, शिव-पार्वती, नवग्रह, अष्टदिक्‌पाल, पंचाग्नि तप करती पार्वती, गंगा-यमुना आदि की प्रतिमाएँ प्रमुख हैं। पूर्व में यहाँ परमार राजाओं की प्रतिमाएँ भी लगी हुई थीं जिनमें से एक वर्तमान में विक्रम कीर्ति मंदिर स्थित पुरातत्त्व संग्रहालय में प्रदर्शित है।

महाकाल मंदिर में त्रिकाल पूजा होती है। प्रातःकाल सूर्योदय से पहले शिव पर चिताभस्म का लेपन किया जाता है। यह पूजा महिम्नस्तोत्र के 'चिताभस्मालेपः' श्लोक के अनुरूप होती है। इस पूजा हेतु किसी विशिष्ट चिताभस्म की निरंतर प्रज्वलित रहने वाली अग्नि से योजना की जाती है। तत्पश्चात्‌ क्रमशः प्रातः आठ बजे, मध्याह्‌न में और सायंकाल के समय महाकाल की पूजा, शृंगार आदि किया जाता है। रात्रि में 10 बजे शयन आरती होती है। विभिन्न व्रत, पर्व और उत्सवों के समय महाकालेश्वर मंदिर का परिसर असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था की विशेष केन्द्र बन जाता है। प्रतिवर्ष श्रावण मास के चार और भादौ मास के दो सोमवार पर निकलने वाली सवारियाँ देश-दुनिया के भक्तों और पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनती हैं। इन सवारियों का मूल भाव यही है कि महाकाल राजाधिराज हैं और वे उज्जयिनी की मुखय सड़कों पर निकलकर प्रजा का हाल-चाल जानते हैं। इसी प्रकार की सवारियाँ कार्तिक मास में निकलती हैं। दशहरा पूजन के लिए महाकाल नए उज्जैन में पहुँचते हैं। महाशिवरात्रि, हरिहर मिलाप, रक्षाबंधन, वैशाख मास, नागपंचमी जैसे अनेक पर्वोत्सव भी इस मंदिर को विशेष आभा देते हैं। बारह वर्षों में उज्जैन में आयोजित सिंहस्थ के समय लाखों श्रद्धालु महाकालेश्वर के दर्शन के लिए पहुँचते हैं।

महाकाल कालगणना के अधिष्ठाता देव भी है। खगोलशास्त्रीय दृष्टि से उज्जयिनी का महत्त्व सुदूर अतीत से बना हुआ है। इसी स्थान से कर्क रेखा गुजरती है, जो भू-मध्य रेखा को काटती है। इसी दृष्टि से उज्जैन को पृथ्वी और कालगणना का केन्द्र माना गया है। क्षिप्रा नदी में नृसिंह घाट के पास कर्कराजेश्वर मंदिर है। ऐसी मान्यता है कि वहीं पर कर्क रेखा, भूमध्य रेखा को काटती है। यह स्थान महाकाल मंदिर से अधिक दूर नहीं है। स्पष्ट है कि महाकाल पृथ्वी के केन्द्र बिन्दु पर स्थित हैं और वे ही कालगणना के प्रमुख यंत्र 'शंकु यंत्र' के मूल स्थान हैं।

श्लोक से लोक तक सभी की आस्था का केन्द्र हैं महाकालेश्वर। लोक और लोकोत्तर सभी कामनाओं की पूर्ति के लिए भक्तगण अपनी-अपनी इच्छा उनके सम्मुख रखते हैं और उनकी पूर्ति के लिए मानवलोकेश्वर महाकाल का भंडार कभी रिक्त नहीं होता है।

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा
हिंदी विभागाध्यक्ष एवं 
कुलानुशासक
कला संकायाध्यक्ष
विक्रम विश्वविद्यालय
उज्जैन

महाकाल लोक






महाकाल लोक : 
पुराणोक्त महाकाल वन क्षेत्र में  नवनिर्मित महाकाल लोक 900 मीटर से अधिक लंबा निर्माण है, जो पुरातन रुद्र सागर के चारों ओर फैला हुआ है। उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्र के पुनर्विकास की परियोजना के अंतर्गत रुद्र सागर को पुनर्जीवित किया गया है। महाकाल लोक में 108 स्तंभों का निर्माण किया गया है। वीथी में प्रवेश के लिए दो भव्य द्वार- नंदी द्वार और पिनाकी द्वार बनाए गए हैं। यह वीथी मंदिर के प्रवेश द्वार तक जाती है तथा मार्ग में मनोरम दृश्य प्रस्तुत करती है। कभी पुराणों से लेकर महाकवि कालिदास ने मेघदूत में महाकाल वन की परिकल्पना को जिस सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया था,  शताब्दियों के बाद उसे साकार रूप दे दिया गया है। पहले चरण के निर्माण में लगभग 316 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह पूरी योजना  856 करोड़ रुपये की है।






Shri Mahakaleshwar Jyotirling Ujjain श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उज्जैन 



20130313

नई सौंदर्य-दृष्टि से हिन्दी कविता को समृद्ध किया है केदारनाथ सिंह ने

केदारनाथ सिंह: तात्कालिकता से परे की कविताएँ

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा 


प्रख्यात कवि श्री केदारनाथ सिंह जी से काफी समय बाद उज्जैन में पिछले दिनों आयोजित 'प्रणति प्रभात' में हुई भेंट यादगार रही थी। वे वाराणसी में मेरे गुरुवर स्व. आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी और दिल्लीवासी समालोचक आचार्य विश्वनाथ त्रिपाठी के साथ बी.एच.यू. में एक ही कक्षा में साथ पढ़े थे। सप्तक काव्य के इस महनीय कवि ने एक नई सौंदर्य-दृष्टि से हिन्दी कविता को समृद्ध किया है। उनकी कवितायें मुझे सदा से प्रभावित करती रही हैं । उनकी रचनाएँ किसी भी प्रकार के आंदोलन या धाराओं के साथ कुछ समय तक चलकर निश्शेष हो जाने वाली रचना नहीं हैं, यही उनकी सबसे बड़ी अर्थवत्ता भी है।
उनके कविता संग्रह ‘बाघ’ से एक रचना का आनंद लीजिये 'इस विशाल देश के'...
इस विशाल देश के

केदारनाथ सिंह

इस विशाल देश के
धुर उत्तर में
एक छोटा-सा खँडहर है
किसी प्राचीन नगर का जहाँ उसके वैभव के दिनों में
कभी-कभी आते थे बुद्ध कभी-कभी आ जाता था बाघ भी
दोनों अलग-अलग आते थे
अगर बुद्ध आते थे पूरब से तो बाघ क्या
कभी वह पश्चिम से आ जाता था
कभी किसी ऐसी गुमनाम दिशा से जिसका किसी को
आभास तक नहीं होता था
पर कभी-कभी दोनों का
हो जाता था सामना फिर बाघ आँख उठा
देखता था बुद्ध को
और बुद्ध सिर झुका
बढ़ जाते थे आगे
इस तरह चलता रहा।

केदार जी की 'बनारस' शीर्षक रचना अपने आप में अद्भुत है। उसका आस्वाद लीजिये...

बनारस
केदारनाथ सिंह

इस शहर में वसंत
अचानक आता है
और जब आता है तो मैंने देखा है
लहरतारा या मडुवाडीह की तरफ़ से
उठता है धूल का एक बवंडर
और इस महान पुराने शहर की जीभ
किरकिराने लगती है
जो है वह सुगबुगाता है
जो नहीं है वह फेंकने लगता है पचखियाँ
आदमी दशाश्‍वमेध पर जाता है
और पाता है घाट का आखिरी पत्‍थर
कुछ और मुलायम हो गया है
सीढि़यों पर बैठे बंदरों की आँखों में
एक अजीब सी नमी है
और एक अजीब सी चमक से भर उठा है
भिखारियों के कटरों का निचाट खालीपन
तुमने कभी देखा है
खाली कटोरों में वसंत का उतरना!
यह शहर इसी तरह खुलता है
इसी तरह भरता
और खाली होता है यह शहर इसी तरह रोज़ रोज़ एक अनंत शव
ले जाते हैं कंधे
अँधेरी गली से
चमकती हुई गंगा की तरफ़
इस शहर में धूल
धीरे-धीरे उड़ती है
धीरे-धीरे चलते हैं लोग
धीरे-धीरे बजते हैं घनटे
शाम धीरे-धीरे होती है
यह धीरे-धीरे होना
धीरे-धीरे होने की सामूहिक लय
दृढ़ता से बाँधे है समूचे शहर को
इस तरह कि कुछ भी गिरता नहीं है
कि हिलता नहीं है कुछ भी
कि जो चीज़ जहाँ थी
वहीं पर रखी है
कि गंगा वहीं है
कि वहीं पर बँधी है नाँव
कि वहीं पर रखी है तुलसीदास की खड़ाऊँ
सैकड़ों बरस से
कभी सई-साँझ
बिना किसी सूचना के
घुस जाओ इस शहर में
कभी आरती के आलोक में
इसे अचानक देखो
अद्भुत है इसकी बनावट
यह आधा जल में है
आधा मंत्र में
आधा फूल में है
आधा शव में
आधा नींद में है
आधा शंख में अगर ध्‍यान से देखो
तो यह आधा है
और आधा नहीं भी है
जो है वह खड़ा है
बिना किसी स्तम्भ के
जो नहीं है उसे थामें है
राख और रोशनी के ऊँचे- ऊँचे स्तम्भ आग के स्तम्भ और पानी के स्तम्भ
धुऍं के खुशबू के
आदमी के उठे हुए हाथों के स्तम्भ किसी अलक्षित सूर्य को
देता हुआ अर्घ्‍य
शताब्दियों से इसी तरह
गंगा के जल में
अपनी एक टाँग पर खड़ा है यह शहर
अपनी दूसरी टाँग से
बिलकुल बेखबर!

श्री केदारनाथ सिंह जी के साथ प्रो. शैलेन्द्रकुमार शर्मा









केदारनाथ सिंह : जीवन परिचय और रचना संसार

जन्म : सात जुलाई 1934 में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चकिया गांव में शिक्षा : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से 1956 में हिंदी से एमए, 1964 में पीएचडी नौकरी : कई कॉलेजों में शिक्षण का काम किया। अंत में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से हिंदी के विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए प्रमुख कृतियां 
कविता संग्रह : अभी बिल्कुल नहीं, जमीन पक रही है, यहां से देखो, बाघ, अकाल में सारस, उत्तर कबीर और अन्य कविताएं, तालस्टाय और साइकिल 
आलोचना : कल्पना और छायावाद, आधुनिक हिंदी कविता में बिंबविधान, मेरे समय के शब्द, मेरे साक्षात्कार 
संपादन : ताना-बाना (आधुनिक भारतीय कविता से एक चयन), समकालीन रूसी कविताएं, कविता दशक, साखी (अनियतकालिक पत्रिका), शब्द (अनियतकालिक पत्रिका)  सम्मान और पुरस्कार: ज्ञानपीठ पुरस्कार, मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, कुमारन आशान पुरस्कार, जीवन भारती सम्मान, दिनकर पुरस्कार, साहित्य अकादमी पुरस्कार, व्यास सम्मान तीसरा सप्तक के लोकप्रिय कवि 1959 में प्रकाशित चर्चित कविता संग्रह तीसरा सप्तक के लोकप्रिय कवि केदारनाथ सिंह थे। अज्ञेय ने उनकी कविताओं को इसमें जगह दी थी और वह इसे चर्चा में आए थे। 

चंद्रकांत देवताले की कविता 'माँ पर नहीं लिख सकता कविता '

चन्द्रकान्त देवताले की चयनित कविताएँ
प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा 



साठोत्तरी हिंदी कविता के प्रमुख हस्ताक्षर के रूप में सुविख्यात श्री चंद्रकांत देवताले जी ने अपना अलग मुहावरा गढ़ा था।  श्री देवताले को उनके कविता संग्रह 'पत्थर फेंक रहा हूँ ' पर साहित्य अकादमी, दिल्ली का वर्ष 2012 का  साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था। उनकी प्रमुख कृतियाँ हैं- हड्डियों में छिपा ज्वर, दीवारों पर खून से, लकड़बग्घा हँस रहा है, रोशनी के मैदान की तरफ़, भूखंड तप रहा है, हर चीज़ आग में बताई गई थी, पत्थर की बैंच, इतनी पत्थर रोशनी, उजाड़ में संग्रहालय आदि। उनकी प्रसिद्ध कविता 'माँ पर नहीं लिख सकता कविता ' देखिये।
  
माँ पर नहीं लिख सकता कविता 
माँ के लिए संभव नहीं होगी मुझसे कविता

अमर चिऊंटियों का एक दस्ता
मेरे मस्तिष्क में रेंगता रहता है
माँ वहां हर रोज चुटकी-दो-चुटकी आटा डाल देती है
मैं जब भी सोचना शुरू करता हूं 
यह किस तरह होता होगा
घट्टी पीसने की आवाज मुझे घेरने लगती है
और मैं बैठे-बैठे दूसरी दुनिया में ऊंघने लगता हूं

जब कोई भी माँ छिलके उतार कर
चने, मूंगफली या मटर के दाने नन्ही हथेलियों पर रख देती है
तब मेरे हाथ अपनी जगह पर थरथराने लगते हैं
माँ ने हर चीज के छिलके उतारे मेरे लिए
देह, आत्मा, आग और पानी तक के छिलके उतारे
और मुझे कभी भूखा नहीं सोने दिया

मैंने धरती पर कविता लिखी है
चंद्रमा को गिटार में बदला है
समुद्र को शेर की तरह आकाश के पिंजरे में खड़ा कर दिया
सूरज पर कभी भी कविता लिख दूंगा
माँ पर नहीं लिख सकता कविता!

- - - - 

प्रेम पिता का दिखाई नहीं देता/ चंद्रकांत देवताले  

तुम्हारी निश्चल आंखें 
चमकती हैं मेरे अकेलेपन की रात के आकाश में

प्रेम पिता का दिखाई नहीं देता 
ईथर की तरह होता है 
जरूर दिखायी देती होंगी नसीहतें 
नुकीले पत्थरों -सी

दुनिया भर के पिताओं की लम्बी कतार में
पता नहीं कौन-सा कितना करोड़वां नम्बर है मेरा
पर बच्चों के फूलोंवाले बगीचे की दुनिया में तुम अव्वल हो 
पहली कतार में मेरे लिए

मुझे माफ करना 
मैं अपनी मूर्खता और प्रेम में समझा था 
मेरी छाया के तले ही 
सुरक्षित रंग-बिरंगी दुनिया होगी 
तुम्हारी 

अब जब तुम सचमुच की दुनिया में निकल गई हो 
मैं खुश हूं सोचकर 

कि मेरी भाषा के अहाते से परे है तुम्हारी परछाई !

- - - - - - - - 
औरत / चन्द्रकान्त देवताले

वह औरत
आकाश और पृथ्वी के बीच
कब से कपड़े पछीट रही है,

पछीट रही है शताब्दियों से
धूप के तार पर सुखा रही है,
वह औरत आकाश और धूप और हवा से
वंचित घुप्प गुफा में
कितना आटा गूंथ रही है?
गूंथ रही है मनों सेर आटा
असंख्य रोटियाँ
सूरज की पीठ पर पका रही है,

एक औरत
दिशाओं के सूप में खेतों को
फटक रही है
एक औरत
वक़्त की नदी में
दोपहर के पत्थर से
शताब्दियाँ हो गईं
एड़ी घिस रही है,

एक औरत अनंत पृथ्वी को
अपने स्तनों में समेटे
दूध के झरने बहा रही है,
एक औरत अपने सिर पर
घास का गट्ठर रखे
कब से धरती को
नापती ही जा रही है,

एक औरत अँधेरे में
खर्राटे भरते हुए आदमी के पास
निर्वस्त्र जागती
शताब्दियों से सोयी है,

एक औरत का धड़
भीड़ में भटक रहा है
उसके हाथ अपना चेहरा ढूँढ रहे हैं
उसके पाँव
जाने कब से
सबसे
अपना पता पूछ रहे हैं।

- - - - - - 

मैं आता रहूँगा तुम्हारे लिए/ चंद्रकांत देवताले 

मेरे होने के प्रगाढ़ अंधेरे को 
पता नहीं कैसे जगमगा देती हो तुम 
अपने देखने-भर के करिश्मे से 
कुछ तो है तुम्हारे भीतर 
जिससे अपने बियावान सन्नाटे को 
तुम सितार-सा बजा लेती हो समुद्र की छाती में 

अपने असंभव आकाश में 
तुम आज़ाद चिड़िया की तरह खेल रही हो 
उसकी आवाज की परछाईं के साथ
जो लगभग गूँगा है
और मैं कविता के बंदरगाह पर खड़ा 
आँखें खोल रहा हूँ गहरी धुँध में 

लगता है काल्पनिक खुशी का भी 
अंत हो चुका है 
पता नहीं कहाँ किस चट्टान पर बैठी 
तुम फूलों को नोंच रही हो 
मैं यहाँ दुख की सूखी आँखों पर 
पानी के छींटे मार रहा हूँ 

हमारे बीच तितलियों का अभेद्य परदा है शायद 
जो भी हो 
उड़ रहा हूँ तुम्हारे खनकती आवाज के समुंदर  पर 
हंसध्वनि की तान की तरंगों के साथ 
जुगलबंदी कर रहे हैं 
मेरे फड़फड़ाते होंठ 
याद है न जितनी बार पैदा हुआ 
तुम्हें मैंने बैंजनी कमल कहकर ही पुकारा 
और अब भी अकेलेपन के पहाड़ से उतरकर 
मैं आऊंगी हमारी परछाईयों के ख़ुशबूदार 
गाते हुए दरख्त के पास 
मैं आता रहूँगा उजली रातों में 
चंद्रमा को गिटार-सा बजाऊँगा 
तुम्हारे लिए । 




 प्रो. चंद्रकांत देवताले के साथ प्रो. शैलेन्द्रकुमार शर्मा


                                               डा. शैलेन्द्रकुमार शर्मा
                                               आचार्य एवं कुलानुशासक
                                               विक्रम विश्वविद्यालय
                                                                                              उज्जैन (म.प्र.) 456 010

20130303

हरिवंशराय बच्चन की चर्चित कविता 'अग्निपथ' हर बार नया अर्थ देती है - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

अग्निपथ : बच्चन जी की कालजयी कविता
 प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

अग्निपथ कविता का अर्थ आत्म शक्ति संपन्न  मनुष्य का निर्माण करना है। हरिवंशराय बच्चन  की चर्चा  मधु काव्यों के लिए की जाती है, लेकिन उन्होंने कई रंगों की कविताएं लिखी हैं। इसी तरह की एक विलक्षण कविता है अग्निपथ, जो मनुष्य की अविराम संघर्ष चेतना और विजय यात्रा से रूबरू कराती है। 

जब से मनुष्य ने इस धरती पर अपनी आंखें खोली है, तब से वह कर्तव्य पथ पर चलते हुए अनेक प्रकार की बाधाओं से टकराता आ रहा है। उसकी राह में जब तब फूल के साथ कांटे भी आते रहे हैं। प्रकृति भी आसरा देने के साथ कई बार उसके सामने चुनौतियां खड़ी करती रही है। मनुष्य की इस अपरिहार्य यात्रा में यदि वह सदैव आश्रयों का ही अवलंब लेता रहा तो वह कभी आत्मशक्ति नहीं जगा पाएगा। बच्चन जी इस कविता के माध्यम से मनुष्य को आत्मशक्ति और आत्माभिमान से संपन्न बनने का आह्वान करते हैं। वे पलायन नहीं, प्रवृत्ति की ओर उन्मुख करते हैं। यह कविता हर युग, हर परिवेश, हर परिस्थिति में नया अर्थ देती है। सही अर्थों में यह एक कालजयी कविता है।


अग्निपथ के उद्गाता की जन्मशती स्मृति

अपने ढंग के अलबेले कवि हरिवंशराय बच्चन  की चर्चित कविता 'अग्निपथ' हर बार नया अर्थ देती है। 2007-2008 में एक साथ सात महान रचनाकारों - महादेवी वर्मा,  हजारीप्रसाद द्विवेदी,  हरिवंशराय बच्चन,  रामधारी सिंह दिनकर, नंददुलारे वाजपेयी, श्यामनारायण पांडे, जगन्नाथप्रसाद मिलिंद का शताब्दी वर्ष मनाने का सुअवसर मिला था। उसी मौके पर चित्रकार श्री अक्षय आमेरिया द्वारा आकल्पित पोस्टर का विमोचन कवि - आलोचक अशोक वाजपेयी एवं तत्कालीन कुलपति प्रो.रामराजेश मिश्र ने किया था। नीचे दिए गए चित्र में साथ में (दाएँ से ) संयोजक प्रो. शैलेन्द्रकुमार शर्मा, लोक कलाकार कृष्णा वर्मा , पूर्व कुलसचिव डॉ. एम. के. राय, डॉ. राकेश ढंड । पोस्टर के साथ कविता का आनंद लीजिये.।।

अग्निपथ

वृक्ष हों भले खड़े,
हों घने हों बड़े,
एक पत्र छांह भी,
मांग मत, मांग मत, मांग मत,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ

तू न थकेगा कभी,
तू न रुकेगा कभी,
तू न मुड़ेगा कभी,
कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ

यह महान दृश्य है,
चल रहा मनुष्य है,
अश्रु श्वेत रक्त से,
लथपथ लथपथ लथपथ,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ

 - - - - - - - - - - - - - - - 

अमिताभ बच्चन की टिप्पणी के साथ उन्हीं की आवाज में अग्निपथ कविता सुनिए : 




बच्चन जी की एक और लोकप्रिय रचना 

तुम गा दो, मेरा गान अमर हो जाए! / हरिवंशराय बच्चन 

मेरे वर्ण-वर्ण विशृंखल 
चरण-चरण भरमाए,
गूंज-गूंज कर मिटने वाले
मैनें गीत बनाये;
कूक हो गई हूक गगन की
कोकिल के कंठो पर,
तुम गा दो, मेरा गान अमर हो जाए!
जब-जब जग ने कर फैलाए,
मैनें कोष लुटाया,
रंक हुआ मैं निज निधि खोकर
जगती ने क्या पाया!
भेंट न जिसमें मैं कुछ खोऊं,
पर तुम सब कुछ पाओ,
तुम ले लो, मेरा दान अमर हो जाए!
तुम गा दो, मेरा गान अमर हो जाए!
सुन्दर और असुन्दर जग में
मैनें क्या न सराहा,
इतनी ममतामय दुनिया में
मैं केवल अनचाहा;
देखूं अब किसकी रुकती है
आ मुझ पर अभिलाषा,
तुम रख लो, मेरा मान अमर हो जाए!
तुम गा दो, मेरा गान अमर हो जाए!
दुख से जीवन बीता फिर भी
शेष अभी कुछ रहता,
जीवन की अंतिम घडियों में
भी तुमसे यह कहता
सुख की सांस पर होता
है अमरत्व निछावर,
तुम छू दो, मेरा प्राण अमर हो जाए!
तुम गा दो, मेरा गान अमर हो जाए!

हरिवंशराय बच्चन  (27 नवम्बर 1907 – 18 जनवरी 2003)


 पोस्टर का विमोचन करते हुए कवि - आलोचक श्री अशोक वाजपेयी एवं तत्कालीन कुलपति प्रो.रामराजेश मिश्र। साथ में (दाएँ से ) समन्वयक प्रो. शैलेन्द्रकुमार शर्मा, लोक कलाकार कृष्णा वर्मा , तत्कालीन कुलसचिव डॉ. एम. के. राय, डॉ. राकेश ढंड ।





साजन आ‌ए, सावन आया
हरिवंशराय बच्चन 

अब दिन बदले, घड़ियाँ बदलीं,
साजन आ‌ए, सावन आया।

धरती की जलती साँसों ने
मेरी साँसों में ताप भरा,
सरसी की छाती दरकी तो
कर घाव ग‌ई मुझपर गहरा,

है नियति-प्रकृति की ऋतु‌ओं में
संबंध कहीं कुछ अनजाना,
अब दिन बदले, घड़ियाँ बदलीं,
साजन आ‌ए, सावन आया।

तूफान उठा जब अंबर में
अंतर किसने झकझोर दिया,
मन के सौ बंद कपाटों को
क्षण भर के अंदर खोल दिया,

झोंका जब आया मधुवन में
प्रिय का संदेश लि‌ए आया-
ऐसी निकली ही धूप नहीं
जो साथ नहीं ला‌ई छाया।
अब दिन बदले, घड़ियाँ बदलीं,
साजन आ‌ए, सावन आया।

घन के आँगन से बिजली ने
जब नयनों से संकेत किया,
मेरी बे-होश-हवास पड़ी
आशा ने फिर से चेत किया,

मुरझाती लतिका पर को‌ई
जैसे पानी के छींटे दे,
ओ' फिर जीवन की साँसे ले
उसकी म्रियमाण-जली काया।
अब दिन बदले, घड़ियाँ बदलीं,
साजन आ‌ए, सावन आया।

रोमांच हु‌आ जब अवनी का
रोमांचित मेरे अंग हु‌ए,
जैसे जादू की लकड़ी से
को‌ई दोनों को संग छु‌ए,

सिंचित-सा कंठ पपीहे का
कोयल की बोली भीगी-सी,
रस-डूबा, स्वर में उतराया
यह गीत नया मैंने गाया ।
अब दिन बदले, घड़ियाँ बदलीं,
साजन आ‌ए, सावन आया।

20130207

विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केन्द्र, उज्जैन



विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केन्द्र : एक परिचय

प्रो शैलेन्द्रकुमार शर्मा

विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन की हिन्दी अध्ययनशाला में नव स्थापित विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र में संग्रहकार्य,सर्वेक्षण एवं दस्तावेजीकरण जारी है। विश्वभाषा के रूप में प्रतिष्ठित हिन्दी के बहुकोणीय रेखांकन के लिए 2007 ई.  में स्थापित इस संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र में विगत एक हजार से अधिक वर्षों के हिन्दी साहित्य के महत्त्वपूर्ण पक्षों को प्रस्तुत करने के साथ ही साहित्यिक पत्रिकाओं के विशेषांक,देश-विदेश के विभिन्न भागों से प्रकाशित हिन्दी समाचार-पत्र एवं पत्रिकाएँ, प्रकाशन सूचियॉं,अनुसंधान सूचनाएं एवं अन्य आधार सामग्री को सॅंजोया गया है।
        विक्रम विश्वविद्यालय,उज्जैन के विश्वहिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र के संस्थापक- समन्वयक प्रो.शैलेन्द्रकुमार शर्मा द्वारा परिकल्पित इस केंद्र में देशांतरीय हिन्दी साहित्य के साथ ही बसव समिति, बेंगलुरु,आंध्रप्रदेश हिन्दी अकादमी, हैदराबाद आदि संस्थाओं  द्वारा अर्पित साहित्य, स्त्री एवं दलित विमर्श , राजभाषा एवं प्रयोजनमूलक हिंदी से संबद्ध महत्त्वपूर्ण प्रकाशनों को संग्रहीत किया गया है। प्रदर्शनकारी एवं रूपंकर कलाओं, संस्कृत साहित्य से संबद्ध सामग्री, बालसाहित्य, पर्यटन साहित्य,स्वाधीनता आंदोलन पर केंद्रित साहित्य भी यहां संजोया गया है। हिन्दी की साहित्यिक एवं लघु पत्रिकाओं के दुर्लभ अंकों के  साथ ही वर्तमान में प्रकाशित हो रहीं पाँच  सौ से अधिक पत्र-पत्रिकाओं के अंक भी अवलोकनार्थ उपलब्ध हैं।   यहॉं स्थापित श्री गुरुनानक अध्ययन पीठ की दृष्टि से भारतीय भाषाओं में भक्ति साहित्य एवं गुरुनानक देव के साहित्य के साथ ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब महत्त्वपूर्ण पुस्तकें तथा पत्र- पत्रिकाएं संजोयी गई हैं।
       अपने ढंग के इस प्रथम विश्व हिन्दी संग्रहालय में हिन्दी के प्रतिष्ठित साहित्यकारों पर एकाग्र वृत्तचित्रों के साथ ही लोकभाषा में निबद्ध गाथा, कथा तथा गीतों की आडियो-वीडियो, सीडी संजोयी गयी हैं, जिनका समय-समय पर प्रदर्शन किया जाता है।यहॉं प्रमुख साहित्यकारों के चित्र,हस्तलेख, पत्र आदि के डिजिटलीकरण की दिशा में कार्य जारी है। संग्रहालय में विभिन्न संस्थाओं साहित्यकारों एवं साहित्यरसिकों द्वारा भी महत्त्वपूर्ण सामग्री अर्पित की जा रही है। विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र के लोक- संस्कृति प्रभाग में मालवी लोक-संस्कृति के  विविध पक्षों पर व्यापक कार्य जारी है। मालवी संस्कृति के समेकित रूपांकन एवं अभिलेखन की दिशा में विशेष प्रयास जारी हैं। यहॉं हिन्दी एवं मालवी के शीर्ष रचनाकारों के परिचयात्मक विवरण, कविता एवं चित्रों की दीर्घा संजोयी गयी है । चित्रावण, संजा, मांडणा, कठपुतली कला सहित मालवा क्षेत्र के विविध कलारूपों और भीली जनजातीय संस्कृति से सम्बद्ध महत्त्वपूर्ण सामग्री को भी इस संग्रहालय में संजोया गया है।हिन्दी और उसकी क्षेत्रीय बोलियों विशेषतः मालवी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के विविध पक्षों से संबद्ध साहित्य, लेख एवं सूचनाओं का दस्तावेजीकरण इस केंद्र में किया जा रहा है।भारत की प्रमुख लोकभाषाओं यथा- मालवी, बुन्देली, हाड़ौती, मेवाडी, मारवाडी, भोजपुरी, हरियाणवी, कन्नौजी, कनपुरिया, अवधी,  ब्रजभाषा, निमाडी, भीली, भिलाली, बारेली, सहरिया, गोंडी जैसी बोलियों के अभिलेखन की दिशा में भी कार्य जारी है।
हाल के दशकों में विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में एक साथ कई दिशाओं में शोध कार्य हुआ है, जिनमें हिन्दी भाषा-साहित्य एवं संस्कृति के विविध आयामों के साथ ही हिन्दी कम्प्यूटिंग,वेब पत्रकारिता, दृश्य जनसंचार-माध्यम,मशीनी अनुवाद, राजभाषा हिन्दी आदि के अधुनातन संदर्भ उल्लेखनीय हैं। यहॉं विश्वभाषा हिन्दी के साथ ही लोकभाषा मालवी के साहित्य एवं संस्कृति को लेकर महत्त्वपूर्ण काम  हुआ है और आज भी जारी हैं। यहॉं स्थापित मालवी लोक साहित्य एवं संस्कृति केंद्र के अंतर्गत मालवी और उसकी उपबोलियों-सोंधवाड़ी, रजवाडी, दशोरी, उमठवाडी, निमाडी आदि पर महत्त्वपूर्ण कार्य हुआ है। यहॉं स्थापित भारतीय लोक एवं जनजातीय संस्कृति केंद्र के अंतर्गत बुन्देली, हाडौती, मेवाडी, भोजपुरी, हरियाणवी, अवधी, ब्रजभाषा, निमाडी, भीली, बारेली, सहरिया, गोंडी आदि पर भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मालवी लोक-संस्कृति के विविध पक्षों, यथा-व्रत पर्व उत्सव पर केंद्रित लोक साहित्य, लोकदेवता, साहित्य, पर्यावरण, शृंगारपरक लोकगीत, हीड काव्य, माच परम्परा, संजा पर्व, चित्रावण, मांडणा, विरद बखाण, गाथा साहित्य, लोकोक्ति आदि पर भी महत्त्वपूर्ण अनुसंधान एवं अभिलेखन जारी है। हिन्दी अध्ययनशाला, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन हिन्दी के साथ ही भारत की विविध बोलियों के लोक-साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्य के लिए कृत- संकल्पित है। इसदिशा में रचनात्मक सुझावों का सदैव स्वागत रहेगा। इस प्रथम विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र के समुचित विकास की दिशा में संभावनाओं के द्वार खुले हुए हैं। इस हेतु देश-विदेश की अकादमिक संस्थाओं, साहित्यकारों तथा विद्वानों से सहयोग का अनुरोध है।

प्रो. डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा
संस्थापक-समन्वयक
विश्व हिन्दी संग्रहालय एवं अभिलेखन केंद्र
हिन्दी अध्ययनशाला                      
 विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

[म.प्र.] भारत


संग्रहालय का अवलोकन करते हुए अशोक वाजपेयी 
अशोक वाजपेयी को संग्रहालय का अवलोकन कराते हुए
डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा


संग्रहालय का अवलोकन करते हुए अशोक चक्रधर 
अशोक चक्रधर को संग्रहालय का अवलोकन कराते हुए
डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा 







सृजन संस्कार वर्ष 2007-08:
एक शताब्दी हिन्दी के सात स्वरों की
 के अवसर पर
जारी   पोस्टर
             

20130125

आधुनिक हिन्दी कविता में राष्ट्रीयता के अमर स्वर - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Immortal Voices of Nationalism in Modern Hindi Poetry - Prof. Shailendra Kumar Sharma

हिन्दी कविता में राष्ट्रीयता की अभिव्यक्ति : राष्ट्रीय काव्य धारा

डा. शैलेन्द्रकुमार शर्मा


वैसे तो वसुधैवकुटुम्बकम्का सूत्र साहित्य एवं अन्य कला रूपों के केंद्र में रहा है, फिर भी अलग-अलग स्तरों पर जीते हुए कभी हम स्थानीयता या आंचलिकता के मान-बिन्दुओं की तलाश करते हैं तो कभी राष्ट्रीयता के। वस्तुतः स्थानीयता, राष्ट्रीयता और वैश्विकता के आयाम परस्पर पूरक भूमिका निभाते चलते हैं। अथर्ववेद का सूत्र माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याःप्रत्येक व्यक्ति के सामने पृथ्वीपुत्र होने का प्रादर्श रखता है। इसी बात को रामायणकार वाल्मीकि राम के मुख से कुछ इस तरह कहलवाते हैं, ‘‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।अपनी जन्मभूमि या भूखण्ड के प्रति प्रेम की इसी अभिव्यक्ति से राष्ट्रकी अवधारणा ने जन्म लिया। राष्ट्र का प्रयोग हमारी परम्परा में तीन परस्पर सम्बद्ध अर्थों में होता आ रहा है। पहला राज्य, देश या साम्राज्य के अर्थ में, जैसे राष्ट्रदुर्गबलानि-अमरकोश, मनुस्मृति, (7/109, 10/61), दूसरा जिले, देश, प्रदेश या मंडल (मनु 7/73) के अर्थ में, जैसा आज भी सौराष्ट्र या महाराष्ट्र जैसे शब्दों में होता है, तथा तीसरा प्रजा, जनता या अधिवासी के अर्थ में (मनु. 9/254)।  जाहिर है, जब हम राष्ट्रकी बात करते हैं, तब उसमें भूमि, जन और उनकी संस्कृति - सब कुछ समाहित हो जाते हैं। यजुर्वेद इसी राष्ट्र के प्रति जागरूक होने का आह्वान करता है, ‘वयं राष्ट्रे जागृयाम पुरोहितः।स्थानीयता  के आग्रहों के बावजूद भारतीय जनमानस में आसेतुहिमालयजैसे विस्तृत भूभाग के प्रति गहरा अनुराग सहस्राब्दियों से रहा है। यज्ञानुष्ठानों में जम्बूदीपे भरतखण्डे आर्यावर्तदेशान्तर्गतेकहकर अपनी भूमि के प्रति लगाव की अभिव्यक्ति कई शताब्दियों से जारी है। पुराणकालीन भारत का चित्र समुद्र के उत्तर और हिमालय के दक्षिण के भूभाग को समेटता है, जिसकी प्रजा या संतति को भारती की संज्ञा मिली हुई है -

                                                                
उत्तरैण समुद्रस्य हिमाद्रेश्चैव दक्षिणे।
                                                                
वर्षं तद्भारतं नाम भारती यत्रा संततिः।। (ब्रह्मपुराण)

                
विष्णु पुराण (20/3/24) तो इसे स्वर्ग से भी बेहतर ठहराता है -
                                                                
‘‘गायन्ति देवाः किल गीतिकानि धन्यास्तु ते भारतभूमि भागे।
                                                               

स्वर्गापर्गास्पद हेतुभूते भवन्ति भूयः पुरुषः सुरत्वात्।।’’

                
अर्थात् भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है, तभी देवगण स्वर्ग का सुख भोगते हुए भी मोक्ष साधना के लिए कर्मभूमि भारत में जन्म लेने की कामना करते हैं।

                
राष्ट्र-निर्माण के लिए जरूरी घटकों में देश, जाति, धर्म, संस्कृति और भाषा को मान्यता दी जाती है। देश से आशय उसके अपने भूगोल से है, जाति वहाँ रहने वाले जनसमुदाय की बोधक है और फिर सबको धारण करने वाले धर्म का होना भी जरूरी है। यहाँ धर्म संकीर्ण अर्थ का वाचक नहीं है। संस्कृति उस राष्ट्र के जन-समुदाय की आत्मा होती है। संस्कृति यदि उच्चतम चिंतन का मूर्त रूप है तो  है तो भाषा उसका माध्यम है। जाहिर है किसी भी राष्ट्र की एकता इन सभी घटकों के प्रति गहरी आत्मीयता पर निर्भर करती है। राष्ट्रीयता के लिए बेहद जरूरी है बाहरी तौर पर दिखाई देने वाले अंतर के बावजूद आंतरिक समभावना और संगठन। इसीलिए बालकृष्ण शर्मा नवीनजैसे प्रखर राष्ट्रचेता कवि ने राष्ट्रीयता को एक भावना मात्र पर अवलम्बित माना है। वे इस भावना  के उदय के पीछे आर्थिक, ऐतिहासिक, भाषा विषयक, भौगोलिक एवं सभ्यता विषयक एकता को नहीं मानते हैं, वरन् प्रेम, घृणा, र्ष्या द्वेष आदि मनोभावों के विकास की श्रेणी में राष्ट्रीय भावना को भी स्थान देते हैं। मनुष्य की एक स्वाभाविक मनोवृत्ति के रूप में विकसित राष्ट्रीयता राष्ट्र के भौतिक और आन्तरिक - समस्त प्रकार के कल्याण की कामना का संवहन करती है। भारतीय संदर्भ में देखें तो अनेक शताब्दियों से राष्ट्रीयता की भावना का उन्मेष होता आ रहा है। खासतौर पर परतंत्रता के दौर में इसका तीखा अहसास भारतीय जनमानस में पैबस्त रहा है।

जहाँ तक आधुनिक युग का सवाल है ब्रिटिश सत्ता के दमनकारी रवैये से क्षुब्ध हो भारतवासियों में राष्ट्रीयता का नया उन्मेष 1850 तक आते-आते दिखाई देने लगा था, जिसकी प्रखर अभिव्यक्ति 1857 के स्वातंत्रय समर में हुई। उस दौर के तराने और लोकाभिव्यक्तियों में फिरंगियों की फूट डालो और राज करोकी नीति की खरी पहचान दिखाई देती है, वहीं गुलामी की जंजीरों की तोड़ने की अकुलाहट भी नजर आती है। उसी दौर में राष्ट्रीयता के अभेद्य और अखंड रूप की नए सिरे से पहचान होने लगी थी, जो भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन तक आते-आते और स्पष्ट होती चली गई

सन् 1857 ई. के क्रांतिकारी सैनिकों के कौमी गीत की ये पंक्तियाँ भारतीयता के पहचान बिन्दुओं का साक्ष्य देती हैं, जिसमें भारत का भूगोल भी है, तो यहाँ की आध्यात्मिकता का रंग भी।

                                                                
‘‘हम हैं इसके मालिक हिन्दुस्तान हमारा
                                                                
पाक वतन है कौम का जन्नत से भी प्यारा
                                                                
ये है हमारी मिल्कियत हिन्दुस्तान हमारा    
                                                                
इसकी रूहानियत से रोशन है जग सारा
                                                                
कितनी कदीम कितना नईम, सब दुनिया से न्यारा
                                                                
करती है जरखेज़ जिसे गंगो-जमुन की धारा
                                                                
ऊपर बर्फीला पर्वत पहरेदार हमारा
                                                                
नीचे साहिल पर बजता, सागर का नक्कारा’’

                
यह गीत राष्ट्रीय एकता के लिए सर्वधर्म सद्भाव को भी बेहद जरूरी मानता है -

                                                                
हिन्दु मुसलमां सिख हमारा भाई भाई प्यारा
                                                                
यह है आजादी का झंडा इसे सलाम हमारा।।

                
1857 से लेकर 1900 तक आते-आते भारत दुर्दशाकी पहचान भारतेंदु हरिश्चंद्र की रचनाओं में तो दिखाई दी ही, द्विवेदी युग इसमें नए आयाम जुड़ने लगे। अपनी गाँव की मिट्टी से प्रेम के साथ सर्वमंगल की कामना और राष्ट्रीय जीवन के संदभों को उठाकर द्विवेदीयुगीन रचनाकारों ने राष्ट्रीयता के उभार में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया, जिनमें मैथिलीशरण गुप्त, प्रतापनारायण मिश्र, बदरीनारायण चैधरी प्रेमधन’, पं. श्रीधर पाठक आदि उल्लेखनीय हैं। इस दौर की कविताओं में पुनर्जागरणकालीन मूल्यों का स्पष्ट विकास दिखाई देने लगा। छायावाद और उसके समानांतर, राष्ट्रीय-सांस्कृतिक काव्यधारा में जहाँ स्वदेशाभियान साथ-साथ राष्ट्र के मर्म की बहुआयामी अभिव्यक्ति हुई, वहीं राष्ट्रमुक्ति के लिए निवृत्ति के स्थान पर प्रवृत्ति के पथ पर चलने का आह्वान जन-मन को आंदोलित करने लगा। अरुण यह मधुमय देश हमारा’, ‘वंदना के इन स्वरों में एक स्वर मेरा मिला हो’, ‘जागो फिर एक बार’, ‘वीरों का कैसा हो वसंतजैसे गीत राष्ट्र-जीवन को गति देते हुए नई पे्ररणा का संचार करने लगे। माखनलाल चतुर्वेदी पुष्प की अभिलाषामें न रीति-शृंगार की परम्परा से जुड़ना चाहते हैं और न सामंती व्यवस्था के अंग बनना चाहते हैं। इस नए दौर में ईश्वर की प्रार्थनालयों में खोजने की बजाय राष्ट्र के रूप में उसकी पहचान की गई। ईश्वर की नई परिभाषा को गढ़ते हुए माखनलाल जी जवानीका आह्वान करते हैं -
                                                                
‘‘प्राण अंतर में लिए पागल जवानी
                                                                
कौन कहता है कि तू विधवा हुई, खो आज पानी?
         _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _
                                                                
क्या-जले बारूद? हिम के प्राण पाए,
                                                                
क्या मिला जो प्रणय के सपने न भाए,
                                                                
धरा यह तरबूज है, दो फाँक कर दे,
                                                                
चढ़ा दे स्वातंत्र्य -प्रभु पर अमर पानी।
                                                                
विश्व माने तू जवानी है, जवानी।’’

                
भारतीय राष्ट्रीयता के उन्नेष में बहुविध स्वर मिले हैं। इन सबसे मिलकर भारत माता का जो स्वरूप बना है, वह आज अधिक काम्य हो गया है। चमक उठी सन् सत्तावन में वह तलवार पुरानी थीके जरिये सन् 1857 के लोक स्वर को दर्ज करने के साथ सुभद्राकुमारी चैहान ने राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करने के लिए पुराख्यानों की पुनराख्या की राह भी अपनाई थी, जो सर्वथा नवीन प्रभाव को रचती है। उनकी विजयादशमीकविता हमारे सांस्कृतिक प्रतिमानों की युगोचित व्याख्या कुछ इस तरह करती है-
                                                                
‘‘दो विजये ! वह आत्मिक बल दो वह हुंकार मचाने दो।
                                                                
अपनी निर्बल आवाजों से दुनिया को दहलाने दो।
                                                                
जय स्वतंत्रिणी भारत माँयों कहकर मुकुट लगाने दो।
                                                                
हमें नहीं इस भू-मण्डल को माँ पर बलि-बलि जाने दो।
                                                                
छेड़ दिया संग्राम, रहेगी हलचल आठों याम सखी!
                                                                
असहयोग सर तान खड़ा है भारत का श्रीराम सखी!
                                                                        
_ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ __
                                                                
भारत लक्ष्मी लौटाने को रच दें लंका काण्ड सखी!’’

                
यहाँ महात्मा गाँधी राम की भूमिका में हैं जो परतंत्रता रूपी बेड़ी को काटने के लिए असहयोग की मुद्रा अपनाते हैं। इस नई रामकथा के नए लंकाकांड को रचते हुए सुभद्राजी आत्मिक बल का संचार चाहती हैं, जो राष्ट्रीयता की अहम पहचान है।

                
हमारे महान् क्रांतिकारियों ने तन-मन-धन सब न्यौछावर कर इस राष्ट्र को गुलामी की जंजीरों से मुक्त अवश्य कर दिया है, किन्तु हम अब भी मातृभूमि को संतापों से मुक्त नहीं करा पाए हैं। आज की सबसे बड़ी पीड़ा यही है कि कहीं हम भाषा, धर्म या जाति के नाम पर लड़े रहे हैं तो कहीं क्षेत्र या नस्ल के नाम पर। हिंदू पंचका बलिदान अंक जनवरी 1930 में कोलकाता से प्रकाशित हुआ था, जिसे ब्रिटिश सरकार ने जब्त कर लिया था। उसी अंक में प्रकाशित धनंजय भट्ट सरलकी कविता जन्मभूमिचंद पंक्तियों में बहुत कुछ कर जाती है।

पाल-पोस कर जिसने मुझको
इतना बड़ा बनाया है।
जिसे जल-मिट्टी आदिक से
मेरा तन गया रचाया है।
उस जन्मभूमि की रक्षा हित
तन, मन, धन सब वार करें।
यही जीवनोद्देश्य हमारा
जननी का संताप हरें।
(हिंदू पंच, बलिदान अंक, ‘जन्मभूमिकविता, पृ. 206)
                
समकालीन संदर्भ में राष्ट्रीयता के उन्मेष के लिए जरूरी है कि हमें अपने इतिहास के काल-उजले पन्नों का भान हो, अन्यथा स्वाधीनता पर्व महज रस्म अदायगी से आगे नहीं बढ़ पाएगा। हिंदू पंच के बलिदान अंक में ही प्रकाशित छैलबिहारी दीक्षित कंटककी कविता बलिदानइस दिशा में महत्त्वपूर्ण संकेत देती है -

                                                                
‘‘वीर शहीदों की करनी पर हँसते होंगे मंगलमूल,
                                                                
बरसा रहे गगन से देखो? सादर सुर-समूह भी फूल।
                                                                
ये रहस्य से भरे न कोई इनको सकता यों ही भूल
                                                                
तरुण-तपस्वी तर जाते हैं धर कर इनके पद की धूल।

                
कंटक जी इस नए दौर में सर्वथा नए पर्वों, नए तीर्थ स्थलों के निर्माण का संकेत देते हैं। बलि-वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों का निस्पृह बलिदान व्यर्थ नहीं गया है, जिसकी दशकों पहले कल्पना की गई थी -

                                                               
जिस दिन जहाँ करेंगे ये सब
                                                                            स्वर्ग लोक को चिर-प्रस्थान।
                                                                
वह दिन होगा पर्व और
                                                                            होगा वह स्थल तीर्थ-स्थान।।
                                                                
चमकेगा - दिन-दिन चमकेगा - वीरों का निस्पृह बलिदान,
                                                                
उठा सकेगा जग के सम्मुख फिर सगर्व सिर हिन्दुस्थान।
                                                                
नस-नस में बिजली दौड़ेगी सुनकर इनका गौरव-गान,
                                                                
गर्म खू़न खौलेगा, फड़केगी फिर शूरों की सन्तान।।
                                                                                                पढ़कर यह इतिहास गुलामी का,
                                                                                                सचमुच आयेगा रोष।
                                                                                                देखेंगे दाँतों में ऊँगली दिये,
                                                                                                लोग वह जीवित जोश।।

                
नागार्जुन की कविता उनको प्रणाम!भी बलिवेदी पर प्राणोत्सर्ग करने वाले मातृभूमि के असंख्य वीर पुत्रों का  भावविह्वल स्मरण कराती है। इस कविता का संकेत साफ है कि यदि हम इन बलिदानियों को भूल गए, तो हमारी कृतघ्नता की कोई सीमा नहीं।

                                                                
‘‘जो नहीं हो सके पूर्ण-काम
                                                                
मैं उनको करता हूँ प्रणाम।
                                                                
_ _ _ _ _ _ _ _ _ _
                                                               
कृत-कृत नहीं जो हो पाए,
                                                                
प्रत्युत फाँसी पर गए झूल
                                                                
कुछ ही दिन बीते हैं, फिर भी
                                                                
यह दुनिया जिनको गई भूल ! - उनको प्रणाम!
                                                               
जिनकी सेवाएँ अतुलनीय
                                                                
पर विज्ञापन से रहे दूर
                                                                
प्रतिकूल परिस्थिति ने जिनके
                                                                
कर दिए मनोरथ चूर-चूर! - उनको प्रणाम!

                
सच्ची राष्ट्रीयता वहाँ है, जब राष्ट्र का हर जर्रा प्रिय हो। इकबाल ने कहा है-

                                                                
पत्थर की मूरतों में समझा है तू खुदा है
                                                                
खाके वतन का मुझको हर जर्रा देवता है।

                
वे राष्ट्र की जो तस्वीर आँकते हैं, उसमें तुंग हिमालय से लेकर गंगा सहित हजारों नदियाँ अठखेलियाँ करती नज़र आती हैं।

                                                                
परबत को सबसे ऊँचा हमसाया आस्मां का
                                                                
वो संतरी हमारा, वो पासबाँ हमारा
                                                                
गोदी में खेलती हैं इसकी हजारों नदियाँ
                                                                
गुलशन है जिनके दम से रश्के-जना हमारा। सारे जहाँ से  अच्छा हिंदुस्ता हमारा ...

                
फिर देश-प्रेम का यह जज्ब़ा तब ज्यादा रंग लाता है, जब हम देश से दूर होते हैं -

                                                                
गुरबत में हों अगर हम, रहता है दिल वतन में
                                                                

समझो वहीं हमें भी दिल हो जहाँ हमारा। सारे जहाँ से अच्छा....

                
बालकृष्ण नवीन’, रामधारीसिंह दिनकरश्यामनारायण पांडे, जगन्नाथप्रसाद मिलिन्द आदि की रचनाओं में जहाँ एक ओर आजादी के आंदोलन की आहट सुनाई देती है, वहीं स्वातंत्र्योत्तर भारत में औपनिवेशिक दासता से मुक्ति की छटपटाहट भी दिखाई देती है। वस्तुतः राष्ट्रीय चेतना को सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना से पृथक् मानना बहुत बड़ी भूल होगी। इन सभी कवियों का संकेत साफ है कि हम राजनीतिक दृष्टि से ही स्वाधीनता न हों, वैचारिक धरातल पर भी स्वातंत्र्य चेता बनें। इसीलिए दिनकर को लगता है, आज भी समर शेष है-

                                                                
‘‘समर शेष है, यह प्रकाश बंदीगृह से छूटेगा।
                                                                
और नहीं तो तुझ पर पापिनी महावज्र टूटेगा।’’

                
बालकृष्ण शर्मा नवीनको उस जन-गण की चिंता है, जो भूख और अभाव से ग्रस्त हैं। वे नयी सामाजिक संरचना को गढ़ने को जरूरी मानते हैं, जिसके बिना आजादी का कोई अर्थ नहीं रहेगा।
                                                                
हाय! इन्हीं आँखों से देखे
                                                                
ज्वाला में लिपटे मानव-तन
                                                                
होते भस्मीभूत विलोके
                                                                
मैंने अपने ही सब जन-गण।
                                                                                                आज चतुर्दिक धधक रही है
                                                                                                अति विकराल भूख की होली,
                                                                                                और बनी जन-गण की आँखें
                                                                                                फैली, फटी भीख की झोली!
                                                                
देखो, छाती पर पत्थर रख,
                                                                
वह समूह नर-कंकालों का।
                                                                
देखो, झुण्ड आ रहा है वह
                                                                
भूखे, नंगे कंगालों का!
                                                                                                यूँ तो वह आ नहीं रहा है,
                                                                                                वह तो रंच लड़खड़ाता है,
                                                                                                सामाजिकता के पिंजड़े में
                                                                                                पंछी तनिक फड़फड़ाता है!
                                                                                    _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _ _
                                                                
हम पत्थर हैं, या कायर है
                                                                
जो यह सर्वनाश लखकर भी-
                                                                
रच न सके नव सामाजिक क्रम,
                                                                
ये इतने कटु फल चखकर भी!
                                                                                                क्या यह बात असम्भव थी कुछ
                                                                                                कि सब सूत्र अपने कर होते ?
                                                                                                अपना घर अपना ही होता
                                                                                                यदि हम कुछ कम कायर होते (दग्ध हो रहे हैं मेरे जन)
                
समकालीन हिन्दी कविता में भी राष्ट्र के सामने मौजूद संकटों और राष्ट्रीय एकता में बाधक तत्त्वों को लेकर चिंता का स्वर उभार पर है। आज की कविता भारत की समकालीन दुरावस्था से बेचैनी का साक्ष्य देती है। कवि धूमिल को यदि आजादी के भटकाव का बेचैन कर देने वाला अनुभव होता है, तो उनकी पीड़ा समझी जानी चाहिए -
                                                                
या आजादी सिर्फ तीन थके हुए रंगों का नाम है
                                                                
जिन्हें एक पहिया ढोता है या
                                                                
इसका कोई खास मतलब होता है।

                
आज का कवि भी भारत में जन्म लेने का अर्थ पाना चाहता है, किंतु उसे वह पारस्परिक वैमनस्य, हिंसा और आतंक की भेंट चढ़ गया-सा लगता है। इसी तरह भूमण्डलीकरण के नाम पर भारत का पश्चिमीकरण और उपभोक्तावाद का सर्वग्रासी विस्तार जारी है। आलोकधन्वा की कविता सफेद रातकी पंक्तियाँ हमारे राष्ट्र-जीवन के इन्हीं त्रासों को मूर्त करती हैं -
                                                                
लखनऊ में बहुत कम बच रहा है लखनऊ
                                                                
इलाहाबाद में बहुत कम इलाहाबाद
                                                                
कानपुर और बनारस और पटना और अलीगढ़
                                                                
अब इन्हीं शहरों में
                                                               
कई तरह की हिंसा कई तरह के बाजार
                                                                
कई तरह के सौदाई
                                                                
इनके भीतर इनके आसपास
                                                               
इनसे बहुत दूर बम्बई हैदराबाद अमृतसर
                                                                
और श्रीनगर तक
                                                                
हिंसा
                                                                
और हिंसा की तैयारी
                                                                
और हिंसा की ताकत
                                                                
बहस नहीं चल पाती
                                                                
हत्याएँ होती हैं
                                                                
फिर जो बहस चलती है
                                                                
उसका भी अंत हत्याओं में होता है
                                                                
भारत में जन्म लेने का
                                                                
मैं भी कोई मतलब पाना चाहता था
                                                                
अब वह भारत भी नहीं रहा
                                                                
जिसमें जन्म लिया’’
                
आजादी की रक्षा तभी सम्भव है, जब हम राष्ट्रीयता के निर्धारक तत्त्वों की खरी पहचान ही नहीं रखें, उन्हें जीवन में आत्मसात् भी करें। वस्तुतः हमें राष्ट्रजीवन को सम्पूर्णता में ही देखना होगा। राष्ट्रीय-सांस्कृतिक अस्मिता की बात करते हुए समाज के किसी खास वर्ग या समुदाय को छोड़कर लक्ष्य की प्राप्ति कदापि संभव नहीं है। आज जब देश में अलग-अलग प्रांत और इलाकों के नाम पर अलगाव और विभेद के बीज बोए जा रहे हैं, वहीं एक और अखंड राष्ट्रीयता को खंडित राष्ट्रीयता में ढाले जाने के षडयंत्र जारी हैं, तब आधुनिक कविता के राष्ट्रीय स्वर की प्रासंगिकता बढ़ती जा रही है। गिरिजाकुमार माथुर पंद्रह अगस्तको केवल रस्म अदायगी के रूप में नहीं लेते हैं, इसके जरिये वे गहरी सजगता का आह्वान भी करते हैं, जिसकी जरूरत आज ज्यादा महसूस हो रही है -

                                                                
‘‘आज जीत की रात
                                                                
पहरुए सावधान रहना
                                                                
खुले देश के द्वार
                                                               
अचल दीपक समान रहना

                                                                
प्रथम चरण है नए स्वर्ग का
                                                               
है मंजि़ल का छोर
                                                                
इस जन-मन्थन से उठ आई
                                                                
पहली रत्न हिलोर
                                                                
अभी शेष है पूरी होना
                                                                
जीवन मुक्ता डोर
                                                                
क्योंकि नहीं मिट पाई दुःख की
                                                                
विगत साँवली कोर
                                                               
ले युग की पतवार
                                                                
बने अम्बुधि महान रहना
                                                                
पहरुए, सावधान रहना!
                                                               
_ _ _ _ _ _ _ _ _
                                                                
‘‘ऊँची हुई मशाल हमारी
                                                                
आगे कठिन डगर है
                                                                
शत्रु हट गया, लेकिन
                                                                
उसकी छायाओं का डर है
                                                                
शोषण से मृत है समाज
                                                                
कमज़ोर हमारा घर है
                                                                
किन्तु आ रही नई जिन्दगी
                                                                
यह विश्वास अमर है

                                                                
जन गंगा में ज्वार
                                                               
लहर तुम प्रवहमान रहना
                                                                
पहरुए, सावधान रहना!’’


डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा 
आचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष
कुलानुशासक
विक्रम विश्वविद्यालय , उज्जैन 





ब्रिटिशकालीन भारत 

भारतेन्दु हरिश्चंद्र 



रामधारीसिंह दिनकर 

माखनलाल चतुर्वेदी 




नागार्जुन 


बालकृष्ण शर्मा नवीन 



गिरिजाकुमार माथुर 

आलोकधन्वा के साथ डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा 

वर्धा में गांधी प्रतिमा 


Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट