पेज

20201011

अब तक 75 : कोरोना काल पर दुनिया का प्रथम व्यंग्य संग्रह - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

अब तक 75 : श्रेष्ठ व्यंग्य रचनाएँ का लोकार्पण

हास्य - व्यंग्य जीवन के अनिवार्य तत्व - कुलपति प्रो पांडेय  

अब तक 75 : कोरोना काल पर दुनिया का प्रथम व्यंग्य संग्रह - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा Shailendrakumar Sharma

मध्यप्रदेश लेखक संघ के तत्वावधान में इंडिया नेट बुक्स, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित देश के व्यंग्यकारों का व्यंग्य संग्रह 'अब तक 75' का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। व्यंग्य संकलन का सम्पादन लालित्य ललित ( नई दिल्ली) Lalitya Lalit और हरीशकुमार सिंह (उज्जैन) Harish Kumar Singh ने किया है। 



आयोजन के मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार पांडे थे। सारस्वत अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के कुलानुशासक एवं समालोचक प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। अध्यक्षता प्रोफेसर हरिमोहन बुधौलिया ने की।  विशिष्ट अतिथि डॉ लालित्य ललित, नई दिल्ली, श्री संजीव कुमार एवं श्री रणविजय राव, Ranvijay Rao नई दिल्ली थे।





मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति डा अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि त्रासदी काल में इस व्यंग्य संकलन का प्रकाशन उल्लेखनीय घटना है। हास्य और व्यंग्य जीवन के अनिवार्य तत्व हैं। वर्तमान में मानसिक अवसाद के प्रकरण सामने आ रहे हैं और ऐसे में आनन्द सूचकांक नीचे आ रहा है। नई शिक्षा नीति में भी आनन्द सूचकांक महत्वपूर्ण विषय है। व्यंग्य में यह जरूरी है कि व्यंग्यकार अपनी बात कह भी दे और किसी को बुरा भी न लगे।




सारस्वत अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के कुलानुशासक एवं हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो  शैलेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि अब तक 75 के जरिए व्यंग्य की एक मुकम्मल तस्वीर सामने आई है। कोरोना काल की यह विश्व की किसी भी भाषा में प्रकाशित  व्यंग्य विधा में यह पहली कृति है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए। व्यंग्य विधा का उज्जैन में स्वर्णिम इतिहास रहा है और अनादि काल से व्यंग्य की समृद्ध परम्परा रही है। पद्मभूषण पंडित सूर्यनारायण व्यास, शरद जोशी और डॉ शिव शर्मा से लेकर अब तक व्यंग्य की गतिशीलता बनी रही है। यह संकलन शिव जी को सही समर्पितं किया गया है, क्योंकि शिव जी की रचनाएं मालवा का मैला आँचल हैं। संग्रह की अधिकांश रचनाएँ कोरोना - कोविड 19 की विभीषिका से उपजी होकर समकालीनता का बोध कराती हैं। 




अध्यक्षीय उद्धबोधन में प्रो. हरिमोहन बुधौलिया ने कहा कि व्यंग्य लेखन एक साधना है और  उज्जैन के शिव शर्मा जी  देश के प्रमुख व्यंग्यकार रहे और यह संकलन , शिव जी को समर्पित कर  मालवा की व्यंग्य परम्परा का सम्मान है।




विशेष अतिथि श्री लालित्य ललित ने कहा कि अब तक 75 कि रचनाओं में विषय का वैविध्य है और देश भर के प्रख्यात व्यंग्यकारों को इसमें सम्मिलित हैं। मालवा की भूमि देव भूमि के साथ व्यंग्यकारोँ, साहित्यकारों की भूमि भी है और उज्जैन ने हमें पुस्तक मेले के जरिये साठ लेखक दिए।



स्वागत भाषण देते हुए सचिव श्री देवेंद्र जोशी ने कहा कि इस संकलन के जरिये संपादक द्वय ने देश के व्यंग्यकारोँ को जोड़ने का कार्य किया है। उज्जैन व्यंग्य की धरा रही है और उसी परम्परा को आगे यह संकलन बढ़ाता है। यह संकलन प्रख्यात व्यंग्यकार डॉ शिव शर्मा को समर्पित है।




इंडिया नेटबुक्स के निदेशक संजीव कुमार ने कहा कि उज्जैन व्यंग्यनगरी है और मालवा के व्यंग्यकारों पर संकलन आना आज की आवश्यकता है। 




अतिथियों को स्मृति चिन्ह इंडिया नेटबुक्स की सीईओ डॉ मनोरमा और निदेशक कामिनी मिश्रा ने प्रदान किया। 

व्यंग्यकार रणविजय राव ने कहा कि लॉकडाउन के समय में यह संकलन  लेखकीय रचनात्मकता का एक श्रेष्ठ उदाहरण है। 





सरस्वती वंदना सीमा जोशी ने प्रस्तुत की। अतिथियों ने दीप अलोकन कर लोकार्पण प्रसंग का शुभारंभ किया।




स्वागत देवेंद्र जोशी , हरीशकुमार सिंह , संजय जोशी सजग , संदीप सृजन , डॉ अभिलाषा शर्मा , डॉ उर्मि शर्मा , पुष्पा चौरसिया आदि ने किया।

आयोजन में संपादक श्री श्रीराम दवे , संतोष सुपेकर, राजेश रावल , सुरेंद्र सर्किट आदि उपस्थित थे। 

संचालन दिनेश दिग्गज ने और आभार पिलकेन्द्र अरोरा ने व्यक्त किया।





इंडिया नेट बुक्स द्वारा प्रकाशित देश के पचहत्तर व्यंग्यकारोँ के व्यंग्य संग्रह 'अब तक 75' में उज्जैन शहर के व्यंग्यकार सर्वश्री  डॉ.  पिलकेन्द्र अरोरा, डा देवेंद्र जोशी, संदीप जी सृजन, राजेन्द्र नागर और डा हरीशकुमार सिंह सम्मिलित हैं।


इस संकलन में उज्जैन शहर के व्यंग्यकारों के साथ रतलाम से आशीष दशोत्तर, संजय जोशी सजग, इंदौर से मृदुल कश्यप, जवाहर चौधरी, मुकेश राठौर, सुषमा व्यास राजनिधि आदि सम्मिलित हैं। देश के अन्य व्यंग्यकारों में अनिला चड़क, अजय अनुरागी, अजय जोशी, अतुल चतुर्वेदी, अनिता यादव, अनुराग वाजपेयी, अमित श्रीवास्तव, अरविंद तिवारी, अरुण अर्णव खरे, अलका अग्रवाल, अशोक अग्रोही, अशोक व्यास, आत्माराम भाटी, आशीष दशोत्तर, कमलेश पांडे, कुन्दनसिंह परिहार, के पी सक्सेना दूसरे, गुरमीत बेदी, चंद्रकांता, जयप्रकाश पांडे, जवाहर चौधरी, टीकाराम साहू, दिलीप तेतरबे, दीपा गुप्ता, देवकिशन पुरोहित, डा देवेंद्र जोशी, निर्मल गुप्त, नीरज दहिया, डा पिलकेन्द्र अरोरा, प्रभात गोस्वामी, प्रमोद तांबट, डा प्रेम जनमेजय , प्रेम विज, बलदेव त्रिपाठी, बुलाकी शर्मा, भरत चंदानी, मलय जैन, मीना अरोरा, मुकेश नेमा ,मुकेश राठौर ,मृदुल कश्यप, रणविजय राव, रत्न जेसवानी, रमाकांत ताम्रकार, रमेश सैनी, रवि शर्मा, रश्मि चौधरी, राकेश अचल, राजशेखर चौबे, राजेन्द्र नागर, राजेश कुमार, रामविलास जांगिड़, लालित्य ललित, वर्षा रावल, विवेकरंजन श्रीवास्तव, वीना सिंह, वेद माथुर, वेदप्रकाश भारद्वाज, शरद उपाध्याय, श्यामसखा श्याम, संजय जोशी, संजय पुरोहित, संजीव निगम, संदीप सृजन, समीक्षा तेलंग, सुदर्शन वशिष्ठ, सुधीर केवलिया, सुनीता शानू, सुनील सक्सेना, सुषमा व्यास राजनिधि, सूरत ठाकुर, स्वाति श्वेता, हनुमान मुक्त, डा हरीश नवल और डा हरीशकुमार सिंह सम्मिलित हैं। इस संग्रह के आवरण को प्रख्यात चित्रकार व व्यंग्यकार पारुल तोमर ने बनाया है।












20201009

लेखक एवं आलोचक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित

लेखक एवं आलोचक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा सहित दुनिया के विशिष्टजनों को अर्पित किया गया महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2020


गांधी जी की 151 वीं जयंती पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार अलंकरण समारोह ओस्लो, नॉर्वे में वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर

सत्याग्रह, विश्वशांति और अहिंसा के महानायक महात्मा गांधी की 151 वीं जयंती पर ओस्लो, नॉर्वे की संस्था भारतीय - नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम द्वारा दुनिया के प्रतिष्ठित समाजसेवियों, संस्कृतिकर्मियों, साहित्यकारों और पत्रकारों को प्रथम महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2020 से अलंकृत किया गया। 2 अक्टूबर को दोपहर में आयोजित सम्मान अलंकरण समारोह में समाजसेवा, विश्वशांति, चिंतन, साहित्य, संस्कृति एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में अमूल्य  योगदान के लिए दुनिया के विभिन्न हिस्सों के विशिष्टजनों को सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र और ताम्र फलक वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर अर्पित किए गए।




साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में अनुपम योगदान के लिए इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय महात्मा गांधी पुरस्कार के लिए चुने गए व्यक्तियों में प्रसिद्ध लेखक,  आलोचक एवं विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा शामिल थे। प्रोफेसर शर्मा ने साहित्य विमर्श, रंगमंच, संस्कृति, गांधी विचार, लोक साहित्य, देवनागरी लिपि सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी चालीस से अधिक पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर महात्मा गांधी के 150 वें जयंती वर्ष पर विविधायामी नवाचारी गतिविधियां संयोजित कीं।




ओस्लो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि नार्वेजीय अरबाइदर पार्टी की राजनेत्री एवं ओस्लो नगर पार्लियामेंट की संस्कृति मंत्री सुश्री रीना मारिआन हानसेन थीं। आयोजन के प्रति ओस्लो की मेयर श्रीमती मारिआने बोर्गेन ने शुभकामनाएं व्यक्त कीं।


कार्यक्रम के अध्यक्ष भारतीय - नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, ओस्लो के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार एवं मीडिया विशेषज्ञ श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक ने विशिष्ट जनों को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2020 अलंकरण की घोषणा की।





समाजसेवा एवं विश्वशांति के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए चिंतक, समाजसेवी एवं सम्पादक श्री गुलाब कोठारी, जयपुर को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार एवं लाइफ टाइम अचीवमेंट - सर्वोच्च  सम्मान अर्पित किया गया। इस श्रेणी में गोवा की पूर्व राज्यपाल, राजनेत्री एवं लेखिका श्रीमती मृदुला सिन्हा, नई दिल्ली, ओस्लो के समाचार पत्र आकेर्सआवीस ग्रूरुददालेन के सम्पादक एवं समाजसेवी यालमार शेलांद, नॉर्वे एवं यूनाइटेड किंगडम के वरिष्ठ समाजसेवी और राजनीतिज्ञ श्री वीरेन्द्र शर्मा, लन्दन को सम्मानित किया गया। 




साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय महात्मा गांधी पुरस्कार प्रसिद्ध लेखक एवं आलोचक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा, उज्जैन, वरिष्ठ साहित्यकार प्रो निर्मला एस मौर्य, चेन्नई, हिंदी एवं पंजाबी के प्रसिद्ध लेखक प्रो हरमहेन्द्र सिंह बेदी, अमृतसर और नॉर्वेजियन लेखिका इंन्विल्ड क्रिस्तीने हेरजोग, ओस्लो को अर्पित किया गया।






पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार श्री विजय विनीत, वाराणसी, संपादक श्रीमती सर्वमित्रा सुरजन, नई दिल्ली, सम्पादक राजीव सिंह, लखनऊ, सांस्कृतिक पत्रकार श्री राजेश विक्रान्त, मुंबई एवं मीडिया विश्लेषक प्रो सन्तोष तिवारी, लखनऊ को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया।





संबोधित करते हुए लेखक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी एक असाधारण नेता और महामानव थे। उन्होंने परस्पर प्रेम, मानवता, समानता, न्याय और अहिंसा के लिए आवाज उठाई, जो विश्व फलक पर आज सर्वमान्य है। वे गहरी भारतीय आस्था के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने सभी धर्मों और विचारों के सम्मान और समन्वय पर बल दिया। उन्होंने मनुष्य द्वारा खींची गई खाइयों को पाटने के लिए अपना संपूर्ण जीवन लगा दिया।




चिंतक, समाजसेवी एवं सम्पादक श्री गुलाब कोठारी, जयपुर ने संबोधित करते हुए कहा कि सत्य कहने में बहुत साधारण लगता है, किंतु वह एक ही तत्त्व सदैव रहेगा। पशुता के संस्कारों के कारण हिंसा बार - बार उभर आती है। संस्कारों का पूरा परिष्कार होने पर ही हिंसा छूटेगी।



कार्यक्रम को गोवा की पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ लेखिका डॉ मृदुला सिन्हा, ब्रिटेन के मेंबर ऑफ पार्लियामेंट श्री वीरेंद्र शर्मा, प्रोफेसर हरमहेंद्र सिंह बेदी, प्रोफेसर निर्मला एस मौर्य आदि ने भी संबोधित किया। 






कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केंद्रीय हिंदी निदेशालय, नई दिल्ली के श्री दीपक पांडेय थे।

कार्यक्रम सचिव एवं सूत्रधार श्री थूरस्ताइन विंगेर, नॉर्वे एवं संगीता शुक्ला दिदरिक्सेन थीं।














सुरेशचन्द्र शुक्ल 'शरद आलोक'
President/ अध्यक्ष
Indisk-Norsk Informasjons -og Kultur Forum 
अध्यक्ष, भारतीय-नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, ओस्लो, नॉर्वे 
ईमेल : 

20201008

देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी : वैश्विक सन्दर्भ में - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

देवनागरी लिपि के माध्यम से अंकित की जा सकती हैं देश - विदेश की सभी भाषाएँ

वैश्विक संदर्भ में देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी

नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली और राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा वैश्विक संदर्भ में देवनागरी लिपि और महात्मा गांधी  पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार और अनुवादक श्री शरद चंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथि नागरी लिपि परिषद नई दिल्ली के महामंत्री डॉ हरिसिंह पाल, नई दिल्ली, डॉ किरण हजारिका, डिब्रूगढ़, असम, डॉक्टर जोराम आनिया ताना, ईटानगर एवं संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता डॉ शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने की। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी के 151 वें जयंती वर्ष की शुरुआत के अवसर पर आयोजित किया गया।






मुख्य अतिथि श्री शरद चंद्र शुक्ल शरद आलोक के कहा कि देवनागरी लिपि में  विश्व लिपि के रूप में  प्रगति की  अपार संभावनाएं हैं। नॉर्वे से प्रकाशित द्विभाषी पत्रिकाओं में देवनागरी अंकों का प्रयोग किया जाता है। स्कैंडिनेवियन देशों में हिंदी शिक्षण और जनसंचार माध्यमों में देवनागरी लिपि का प्रयोग निरंतर जारी है। 





मुख्य वक्ता प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि देवनागरी लिपि के माध्यम से देश विदेश की सभी भाषाओं को कतिपय परिवर्द्धन के साथ सटीक ढंग से अंकित किया जा सकता है। उन्नीसवीं शताब्दी के अंत में भारत का प्रथम शिक्षा आयोग गठित किया गया था, जिसमें जनजातीय भाषाओं के लिए रोमन के स्थान पर नागरी लिपि को अंगीकार करने का निर्णय लिया गया था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राष्ट्रीय एकता की दृष्टि से सामान्य लिपि के रूप में देवनागरी को अपनाने के प्रबल पक्षधर थे। उनकी दृष्टि में भिन्न-भिन्न लिपियों का होना कई तरह से बाधक है। वह ज्ञान की प्राप्ति में बड़ी बाधा है। उनका दृढ़ विश्वास था कि भारत की तमाम भाषाओं के लिए एक लिपि का होना फ़ायदेमंद है और वह लिपि देवनागरी ही हो सकती है। उनकी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आचार्य विनोबा भावे ने नागरी लिपि के महत्व को स्वीकार किया। उन्होंने यह तक कहा कि हिंदुस्तान की एकता के लिए हिंदी भाषा जितना काम देगी, उससे बहुत अधिक काम देवनागरी देगी। इसलिए मैं चाहता हूँ कि सभी भाषाएं देवनागरी में भी लिखी जाएं।






विशिष्ट अतिथि डॉक्टर हरिसिंह पाल ने नागरी लिपि परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण देश के विविध क्षेत्रों में नागरी लिपि के प्रचार प्रसार के लिए कार्य किया जा रहा है। अनेक लोक बोलियों के लिए देवनागरी लिपि के प्रयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। नागरी लिपि का प्रयोग अधिकाधिक हो, इस दिशा में व्यापक संचेतना जाग्रत करने की आवश्यकता है।





कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉक्टर शहाबुउद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि विश्व पटल पर देवनागरी लिपि  तेजी से आगे बढ़ रही है। महात्मा गांधी जैसे तेजस्वी व्यक्तित्व देवनागरी लिपि के साथ हैं। आचार्य विनोबा भावे ने क्षेत्रीय भाषाओं की लिपि के साथ देवनागरी लिपि के भी प्रयोग पर बल दिया। वे बहुभाषी देश में सभी भाषाओं को जोड़ने के लिए देवनागरी लिपि को योग्य मानते थे। बच्चों को कोई भी भाषा सिखाएँ, परंतु देवनागरी लिपि के साथ उनका संबंध रहे। यह आवश्यक है। देवनागरी लिपि सर्वगुण संपन्न है और राष्ट्रीय एकता में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।




प्रारंभ में आयोजन की रूपरेखा एवं अतिथि परिचय राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने दिया।


इस अवसर पर डॉ किरण हजारिका, डिब्रूगढ़ और जोराम आनिया ताना, ईटानगर ने पूर्वोत्तर भारत में देवनागरी लिपि की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।



सरस्वती वंदना डॉक्टर लता जोशी ने की। स्वागत भाषण श्री हरेराम वाजपेयी, इंदौर ने दिया।


कार्यक्रम में श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ वीरेंद्र मिश्रा, इंदौर, श्री गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, डॉ अशोक सिंह, डॉ आशीष नायक, डॉक्टर राजलक्ष्मी कृष्णन, डॉ अशोक गायकवाड, डॉ पूर्णिमा जेंडे, डॉ शैल चंद्रा, सुनीता चौहान, राम शर्मा, वंदना तिवारी, निरूपा उपाध्याय, डॉ उमा गगरानी, अनिल काले, बालासाहेब बचकर, डॉ दीपाश्री गडक, ललिता गोडके, मनीषा सिंह, डॉ रश्मि चौबे, डॉ भरत शेणकर, डॉक्टर मुक्ता कौशिक, डॉक्टर रोहिणी डाबरे, डॉक्टर लता जोशी, डॉक्टर तूलिका सेठ, डॉक्टर शिवा लोहारिया, डॉक्टर समीर सैयद आदि सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित थे।


संचालन डॉ रागिनी शर्मा ने किया। अंत में आभार डॉ आशीष नायक, रायपुर ने प्रकट किया।


20201005

महात्मा गांधी : साहित्य और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में

मृत्यु के भय से परे निर्भय करते हैं गांधी जी 

महात्मा गांधी : शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी


प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा महात्मा गांधी : शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब गोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक एवं समाजसेवी श्री अनिल त्रिवेदी, इंदौर थे। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथि गांधीवादी समाजसेवी श्री किशोर गुप्ता, इंदौर, प्रवासी साहित्यकार श्री शरद चंद्र शुक्ल शरद आलोक,  ओस्लो, नॉर्वे, श्री सुधीर निगम, मुंबई,  डॉ वी के मिश्रा, इंदौर एवं संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता डॉ जी डी अग्रवाल ने की।




मुख्य अतिथि वरिष्ठ गांधीवादी समाजसेवी श्री अनिल त्रिवेदी, इंदौर ने कहा कि गांधी के जीवन में इतना सरल था कि उसमें प्राकृतिक आनन्द था। आज पूरा विश्व मृत्यु के भय से ग्रस्त है, गांधी जी मृत्यु के भय से परे निर्भय करते हैं। वे उपदेशक के रूप में जीवन मूल्यों को कहने के बजाय स्वयं के जीवन में उतारते रहे। आज शिक्षण संस्थाएँ समस्या में हैं, उनके सामने कई चुनौतियां हैं। गांधी जी स्वास्थ्य सुधार के बजाय आरोग्य की बात करते हैं। गांधी जी मनुष्य की मानसिक विकलांगता पर चोट पहुंचाते हैं। उन्होंने अहिंसा और सत्य के बल पर पूरे भारत को जगा दिया।




मुख्य वक्ता लेखक एवं आलोचक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि गांधीजी ने साहित्य एवं संस्कृति को लेकर महत्त्वपूर्ण चिंतन और प्रयोग किए हैं। उनका संस्कृति चिंतन  व्यापक  विश्व दृष्टि पर टिका हुआ है। उन्होंने अपने जीवन व्यवहार में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की शाश्वत मूल्य दृष्टि को आधार बनाया था। संस्कृति और धर्म का कारगर प्रयोग उन्होंने अध्यात्म साधना से आगे जाकर राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक बदलाव के लिए किया। उन्होंने तुलसी को अपना आदर्श माना था। संत कबीर, मीराबाई, नरसी मेहता जैसे भक्तों की वाणी उन्हें पग पग पर आस्था और संबल देती रही। वे गहरी भारतीय आस्था और विश्वास के साथ जिए, किंतु उन्होंने सभी धर्मों और मान्यताओं के प्रति सम्मान और प्रशंसा का भाव जगाया। देश विदेश के साहित्य पर उनके जीवन, कार्य और संदेशों का व्यापक प्रभाव पड़ा है।



विशिष्ट अतिथि श्री संजीव निगम, मुंबई मैं कहा कि गांधी जी का चिंतन समग्रता लिए हुए है। उन्होंने स्वराज की संकल्पना दी, जिसमें शिक्षा, भाषा, अर्थतंत्र आदि सभी बातों पर बल दिया। वे अन्याय का मुकाबला करने के लिए अहिंसा पर बल देते हैं। वे  अपने जीवनकाल में शिक्षा पद्धति में बदलाव लाना चाहते थे। उन्होंने सदियों के लिए पाथेय छोड़ दिया है।





श्री किशोर गुप्ता, इंदौर ने कहा कि गांधी जी अप्रतिम महामानव थे। मनुष्यता से जुड़े सभी पक्षों को उन्होंने छुआ। उनका लिखा और बोला सब संतुलित होता था। भारतीय संस्कृति को उन्होंने निरन्तर जीया। वे बुनियादी शिक्षा को महत्त्व देते हैं, जो जीवन कार्यों से जुड़ी शिक्षा है। वे हृदय के विकास पर बल देते हैं। मनुष्यता जब भी संकट में आएगी, गांधी जी के विचार काम आएँगे।





प्रसिद्ध प्रवासी साहित्यकार और अनुवादक श्री सुरेश चंद्र शुक्ल शरद आलोक ने कहा कि नॉर्वे को गांधी विचार ने गहरे प्रभावित किया है। भारत में सबको समान अवसर मिले, सबको सुरक्षा मिले, यह जरूरी है। नॉर्वे में गांधी जी को शिक्षा में स्थान मिला है। नॉर्वेजियन दार्शनिक अर्ने नेस ने गांधी जी को लेकर महत्त्वपूर्ण किताब लिखी है।


जी डी अग्रवाल, इंदौर ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि गांधी के आदर्शों को प्रसारित करने की जरूरत है। उन्होंने प्रसिद्ध कविता मां खादी की चादर दे दे मैं गांधी बन जाऊँ सुनाई।


प्रारंभ में आयोजन की रूपरेखा एवं अतिथि परिचय राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी ने दिया।


सरस्वती वंदना डॉक्टर लता जोशी ने की। स्वागत भाषण कार्यकारी अध्यक्ष सुवर्णा जाधव, मुंबई ने दिया


कार्यक्रम में डॉ वीरेंद्र मिश्रा, इंदौर, डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे, डॉ रश्मि चौबे, डॉ भरत शेणकर, डॉक्टर मुक्ता कौशिक, डॉक्टर रोहिणी डाबरे, डॉक्टर लता जोशी, डॉक्टर तूलिका सेठ, डॉक्टर शिवा लोहारिया, डॉक्टर समीर सैयद आदि सहित अनेक प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।


संचालन अनुराधा अच्छवान ने किया। अंत में आभार श्री अनिल ओझा ने प्रकट किया।


20201001

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा 

 - अरविंद श्रीधर

भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे अधिक लिखा - पढ़ा गया और जिनकी चर्चा उनके स्वयं के काल से लगाकर अब तक निरंतर जारी है। समाज एवं संपूर्ण मानव सृष्टि के लिए उनका अवदान है ही ऐसा कि भले ही आप उनसे असहमत हों, आप उन्हें उपेक्षित नहीं कर सकते। एक है भगवान श्रीकृष्ण और दूसरे हैं महात्मा गांधी.  एक अवतारी पुरुष तो दूसरे ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व की ऐसी छाप छोड़ी  कि अपने जीवन में ही  किवदंती बन गए। यह कोई छोटी मोटी बात नहीं है कि दुनिया के  150 से अधिक देशों में  महात्मा गांधी के नाम पर  कुछ ना कुछ स्मारक हैं  और इतने ही देशों ने  उनके ऊपर  350 से अधिक  डाक टिकट जारी किए हैं।

  

इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि श्रीमद्भगवद्गीता  महात्मा गांधी को अत्यंत प्रिय रही है। निष्काम कर्म  और अनासक्ति योग का पाठ पढ़ाने वाली गीता किसी भी कर्मयोगी के लिए  प्रेरणा पुंज हो सकती है। उनके विशिष्ट अवदान और चिंतन पर केंद्रित पुस्तक महात्मा गांधी : विचार और नवाचार हाल ही में प्रकाशित हुई है, जिसका सम्पादन लेखक और आलोचक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने किया है।




महात्मा गांधी के 150 वें जन्म वर्ष पर विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन ने वर्ष पर्यंत कार्यक्रम शृंखला आयोजित कर उल्लेखनीय कार्य किया है। दरअसल युवा पीढ़ी को महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व  से परिचित कराना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और विश्वविद्यालय इसके लिए सबसे उपयुक्त स्थल हैं। व्याख्यान  और संगोष्ठियों के आयोजन से सीमित लोगों तक विचार पहुंच पाते हैं, जबकि सरल - सुबोध ग्रंथ निरंतर विचार प्रवाह का काम करते रहते हैं।


कार्यक्रम शृंखला के अंतर्गत विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन द्वारा प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा के संपादन में महात्मा गांधी : विचार और नवाचार ग्रंथ का प्रकाशन  स्वागत योग्य  है।  इसके लिए मैं परम विचारवान, विद्यानुरागी,  संस्कृति एवं हिंदी साहित्य  के अधिकारी प्रवक्ता प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा को विशेष साधुवाद देना चाहूंगा क्योंकि यह उन्हीं की पहल का सुफल है।


ग्रंथ में सम्मिलित आलेख महात्मा गांधी के जीवन, कार्यों और चिन्तन के विविध पक्षों को उभारने में पूर्णत: सक्षम हैं। पूरी संभावना है कि ग्रंथ का पारायण करने के बाद, युवा महात्मा गांधी के बारे में विस्तार से जानने के प्रति उत्सुक हों,  क्योंकि ग्रंथ उत्सुकता जगाने में भी पूर्णत: सक्षम है।


कुलपति प्रोफ़ेसर बालकृष्ण शर्मा ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'वैष्णव जन तो तैने कहिए' की  व्याख्या के माध्यम से पूरे गांधी दर्शन को प्रकाशित कर दिया है।


डाॅ  मुक्ता का आलेख गांधीजी के मुख्य सरोकार, जीवन सिंह ठाकुर का आलेख गांधी दर्शन - भारतीय आत्मा का दर्शन, डॉ राकेश पांडेय का आलेख प्रवासी साहित्य, समाज और गांधी, डॉ मंजू तिवारी का आलेख लोकगीतों का अकेला लोकोत्तर नायक गांधी, डॉ पूरन सहगल का लेख अनंत लोक के महानायक महात्मा गांधी, डॉ विनय कुमार पाठक का आलेख छत्तीसगढ़ी लोक और शिष्ट साहित्य में गांधी, डॉ बहादुर सिंह परमार का आलेख बुंदेली लोक साहित्य और महात्मा गांधी, प्रोफेसर सत्यकेतु सांकृत का आलेख महात्मा गांधी और छात्र राजनीति, डॉ पुष्पेंद्र दुबे का आलेख खादी की कहानी और श्रीमती अर्चना त्रिवेदी का आलेख  महात्मा गांधी और सत्याग्रह विचार भी गांधी  के जिज्ञासुओं के लिए उपयोगी है।


गांधी चिंतन की जमीन और साहित्य पर गांधी के प्रभाव पर प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा का आलेख उपलब्धि बना है। गांधी चिंतन के साथ साहित्य और संस्कृति के रिश्तों पर केंद्रित जो सामग्री ग्रंथ में समाहित की गई है, वह तो गागर में सागर की तरह है। इतने संक्षेप में इतनी उपयोगी और प्रामाणिक जानकारी निश्चित रूप से विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।


यह निर्विवाद सत्य है कि हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए गैर हिंदी भाषी महापुरुषों का बहुत बड़ा योगदान रहा है और महात्मा गांधी उन में अग्रगण्य है. इस पर केन्द्रित डॉ दिग्विजय शर्मा, डॉ जगदीश चंद्र शर्मा, डॉ जवाहर कर्नावट, डाॅ प्रतिष्ठा शर्मा के आलेख  भी उपयोगी बन पड़े है। डॉ श्वेता पंड्या ने अपने आलेख में सियारामशरण गुप्त के काव्य पर गांधीजी के प्रभाव का विवेचन किया है।


ऋषिराज उपाध्याय ने एक सफर साधारण से महात्मा के माध्यम से डाक टिकटों और मुद्राओं में गांधी के अंकन पर प्रकाश डाला है। शिशिर उपाध्याय की रचना गांधी बाबा पाछा आओ, रफीक नागौरी की रचना बापू एवं डॉ देवेंद्र जोशी की रचना याद आएंगे गांधी बीसवीं सदी के महानायक का मार्मिकता से स्मरण कराती हैं।

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार पुस्तक का प्रकाशन और भी उपयोगी तथा सार्थक साबित होगा, यदि यह अधिक से अधिक लोगों तक  पहुंचे, और इस पर केंद्रित चर्चाएं भी आयोजित की जाएं। मुझे उम्मीद है कि विक्रम विश्वविद्यालय इस दिशा में अवश्य पहल करेगा।


पुस्तक का नाम : गांधी विचार और नवाचार 

संपादक :  प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा 

प्रकाशक : विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

प्रकाशन वर्ष : 2020   


अरविन्द श्रीधर 

arvindshridhar@gmail.com

Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट